Pages

Saturday, December 17, 2022

महामहिम और महामना शब्दों में क्या अंतर है?

शब्दकोश के अनुसार महामना (सं.) [वि.] बहुत उच्च और उदार मन वाला; उदारचित्त; बड़े दिलवाला। [सं-पु.] यह एक सम्मान सूचक संबोधन है। और महामहिम (सं.) [वि.] 1. जिसकी महिमा बहुत अधिक हो; बहुत बड़ी महिमा वाला; महामहिमायुक्त 2. अति महत्व शाली [सं-पु.]। यह भी सम्मान सूचक संबोधन है। अलबत्ता आधुनिक अर्थ में हम राजद्वारीय सम्मान से जुड़े व्यक्तियों को महामहिम कहने लगे हैं। मसलन राष्ट्रपति और राज्यपालों को। अब तो जन प्रतिनिधियों के लिए भी इस शब्द का इस्तेमाल होने लगा है।

इस शब्द से पुरानी सामंती गंध आती है और शायद इसीलिए पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को अपने पदनाम से पहले 'महामहिम' जोड़ना पसंद नहीं करते थे। उनके कार्यक्रमों से जुड़े बैनर,पोस्टर या निमंत्रण पत्रों में 'महामहिम' नहीं लिखा गया। यहाँ तक, कि उनके स्वागत-सम्मान वाले भाषणों में भी 'महामहिम' संबोधन से परहेज किया गया। अंग्रेजी में भी उनके नाम से पहले 'हिज़ एक्सेलेंसी' नहीं जोड़ा गया। कुछ राज्यपालों ने भी इस दिशा में पहल की है।

महामना शब्द के साथ सरकारी पद नहीं जुड़ा है। इसका इस्तेमाल भी ज्यादा नहीं होता. यह प्रायः गुणीजन, उदार समाजसेवियों के लिए इस्तेमाल होने वाला शब्द है और इसका सबसे बेहतरीन इस्तेमाल महामना मदन मोहन मालवीय के लिए होते देखा गया है।

यूरोस्टार क्या है?

यूरोस्टार ट्रेन सेवा है जो युनाइटेड किंगडम को फ्रांस, बेल्जियम और नीदरलैंड्स से जोड़ती है। ज्यादातर यूरोस्टार ट्रेन ब्रिटेन और यूरोप के बीच के सागर इंग्लिश चैनल के नीचे बनी एक सुरंग से होकर जाती है। यह ट्रेन अधिकतम 320 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती है और इसे लंदन से पेरिस पहुंचने में 2 घंटे 35 मिनट लगते हैं और ब्रसेल्स पहुंचने में 2 घंटे 20 मिनट। लंदन से एम्स्टर्डम पहुँचने में इसे 3 घंटे, 52 मिनट लगते हैं। 

राजस्थान पत्रिका के नॉलेज कॉर्नर में 18 जून 2022 को प्रकाशित


No comments:

Post a Comment