Pages

Tuesday, December 27, 2022

फूलों में रंग और खुशबू कहाँ से आती है?

रासायनिक यौगिकों का एक गुण गंध भी है। फूलों में ही नहीं आप जीवन के प्रायः तमाम तत्वों में गंध पाते हैं। आपको भोजन, शराब, फलों, मसालों, सब्जियों वगैरह में गंध मिलती है। सभी फूलों में खुशबू नहीं होती। कुछ फूल गंधहीन होते हैं और कुछ दुर्गंध भी देते हैं। गुलाब की खुशबू जेरनायल एसीटेट नामक रासायनिक यौगिक के कारण होती है। चमेली की खुशबू नेरोलायडॉल के कारण होती है। पुराने ज़माने में फूलों से ही इत्र बनता था। फूलों की मुख्य भूमिका वानस्पतिक-प्रजनन में है। एक फूल से पराग कण दूसरे में जाते हैं। इसमें हवा के अलावा मधुमक्खियों, तितलियों तथा इसी प्रकार के दूसरे प्राणियों की होती है। उन्हें आकर्षित करने में भी इनके रंग और सुगंध की भूमिका होती है।

क्या फूलों का विकास हुआ है?

यह जानकारी पाना रोचक है कि फूल कब से धरती में उग रहे हैं। हाल में अमेरिका के वैज्ञानिकों ने एक ऐसा पौधा खोज निकाला है जिसे दुनिया का 'पहला फूलों वाला पौधा' कहा जा सकता है। वनस्पति शास्त्रियों को मिला ये पौधा 'मॉन्टेशिया विदाली' प्रजाति का है। माना जा रहा है कि इस प्रजाति के पौधे 25 से 14 करोड़ वर्ष पहले स्पेन की झील में उगते थे। विज्ञानियों ने 'मॉन्टेशिया विदाली' के 1,000 से भी अधिक जीवाश्मों का अध्ययन किया। यह पौधा पानी के नीचे रहता था। इसपर कोई पंखुड़ी नहीं थी और यह तालाब में उगने वाले खरपतवार की तरह दिखता है। इसपर एक बीज वाला फल लगा दिखाई देता है। इस पौधे से हमें ये समझने में मदद मिलेगी कि फूल और पौधे किस तरह विकसित हुए और दुनिया भर में छा गए।

सुपरमैन क्या है?

सुपरमैन एक काल्पनिक चरित्र है, जिसकी कथाएं कॉमिक्स के रूप में छापी जाती है। इसे एक अमेरिकी प्रतीक माना जाता है। सन 1932 में इसकी रचना जैरी सीगल और जो शुस्टर दो किशोरों ने की थी जब वे क्लीवलैंड, ओहायो में रहते थे और स्कूल में पढ़ते थे। उन्होंने इस चरित्र के अधिकार डिटेक्टिव कॉमिक्स को बेच दिए थे। इसका पहला प्रकाशन सन 1938 में एक्शन कॉमिक्स #1 में हुआ था। इसके बाद यह चरित्र टेलिविजन और रेडियो आदि पर भी अवतरित हुआ। यह अब तक के रचे गए सबसे लोकप्रिय चरित्रों मे से एक है। सुपरमैन नीले रंग का परिधान पहनता है। उसके सीने पर लाल रंग की ढाल बनी होती है, जिसपर लिखा होता है एस। उसकी मूल कथा यह है कि उसका जन्म क्रिप्टॉन ग्रह पर हुआ था जहाँ उसका नाम था कैल-एल। यह क्रिप्टॉन ग्रह नष्ट हो रहा था कि उसके वैज्ञानिक पिता ने इस शिशु को रॉकेट पर रखकर धरती की ओर भेज दिया। यह बच्चा कैनसस के किसान और उसकी पत्नी को मिला। उन्होंने इसे पाला और इसका नाम रखा क्लार्क कैंट। इस बच्चे को उन्होंने गहरी नैतिक शिक्षा दी। इस बच्चे में शुरूआत से ही विलक्षण शक्तियाँ थीं, जिनका इस्तेमाल उसने अच्छे कार्यों में किया। सुपरमैन अमेरिका के एक काल्पनिक नगर मेट्रोपोलिस में रहता है। क्लार्क कैंट के रूप में वह मेट्रोपोलिस के अखबार डेली प्लेनेट में काम करता है।

राजस्थान पत्रिका के नॉलेज कॉर्नर में 3 दिसंबर, 2022 को प्रकाशित

No comments:

Post a Comment