Saturday, November 5, 2011

धरती का वजन कितना है?

पृथ्वी का वजन कितना है?-राज 


धरती की अनुमानित संहिता है 5.98X1024। मैं नहीं बता पाऊँगा कि इसे कुल कितने किलों में बदलेंगे। हाँ इतना बताया जा सकता है कि धरती पर 32 प्रतिशत लोहा, 30 प्रतिशत ऑक्सीजन, 15 प्रतिशत सिलिकॉन, 14 प्रतिशत मैगनीशियम, 3 प्रतिशत सल्फर, 2 प्रतिशत निकेल, 1.5 प्रतिशत कैल्शियम. 1.4 प्रतिशत अल्युमिनियम और बाकी 1.1 प्रतिशत कुछ और तत्व हैं।

भारत का पहला बैंक कौन सा है?-तनु, मध्य प्रदेश 


अठारहवीं सदी के अंतिम दशक में देश के पहले बैंक खुले थे। इनके नाम थे जनरल बैंक ऑफ इंडिया
जो 1786 में खुला और दूसरा बैंक था बैंक ऑफ हिन्दुस्तान जो 1790 में शुरू हुआ। यो दोनों बैंक बंद हो गए। देश के सक्रिय बैंकों में सबसे पुराना बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया है, जो जून 1806 में बैंक ऑफ कैलकटा के नाम से शुरू हुआ। इसका नाम बाद में बैंक ऑफ बेंगाल हो गया। उस वक्त देश में इसके अलावा दो प्रेसीडेंसी बैंक और खुले बैंक ऑफ बॉम्बे और बैंक ऑफ मद्रास। सन 1921 में तीनों बैंकों को मिलाकर इम्पीरियल बैंक ऑफ इंडिया बनाया गया। भारत के स्वतंत्र होने पर इसका नाम हुआ स्टेट बैंक ऑफ इंडिया।

पिछले दिनों सुना था कि कोई ऐसा फूल है जो 12 साल में खिला है और अच्छे मौसम का संकेत होता है। यह सब क्या है?-देवेन्दर चौधरी 



दक्षिण भारत में पश्चिमी घाट पर और नीलगिरि की पहाड़ियों में नील कुरिंजी का फूल 12 साल में खिलता है। इसे कन्नड़ में गुरकालू कहते हैं और अंग्रेजी में इसे स्ट्रोबिलेंटेस कुंटिएनस कहते हैं। इस इलाके में रहने वाले पालियान जनजाति के लोग इसके आधार पर अपनी उम्र याद रखते हैं। इस फूल की दुनिया में तकरीबन 250 प्रजातियाँ हैं, जिनमें से 46 भारत में मिलती हैं। ये फूल 12 से 16 साल में खिलते हैं। वनस्पति विज्ञान में ऐसे फूलों को प्लायटेसायल्स कहते हैं। 

करेला कड़वा क्यों होता है?-चन्दन, बिजवासन 



करेले में कुनैन की मात्रा काफी ज्यादा होती है इसीलिए यह कड़वा होता है। कुनैन बैक्टीरियल इनफैक्शन रोकने, बुखार, सूजन और दर्द रोकने का प्राकृतिक उपचार है। यह मलेरिया की सबसे असरदार दवा है। करेले में औषधि के तमाम तत्व होते हैं। इसमें आयरन, विटैमिन, फऑस्फोरस और फाइबर की प्रचुर मात्रा होती है। इसमें पालक से ज्यादा कैल्शियम से ज्यादा पोटेशियम होता है।

हैलोवीन की शुरुआत क्यों और कैसे हुई? 


                              

हैलोवीन अमेरिका में 31 अक्तूबर को मनाया जाने वाला एक अवकाश है। इस दिन लोग विचित्र किस्म की पोशाकें पहनते हैं। डरावनी फिल्में देखते हैं। भूत-प्रेत के खेल-खेलते हैं। खासतौर से कद्दू या सीताफल को काटकर उससे इंसान का चेहरा बनाकर उसके भीतर मोमबत्ती जलाते हैं। मैदान में होली की तरह से आग जलाते हैं। मोटे तौर पर गर्मी की समाप्ति और सर्दी के आगमन के इस पर्व में दुष्टात्माओं से छुटकारा पाने की कामना होती है। लौह युग की यूरोपीय सेल्टिक-संस्कृति में इसकी शुरुआत हुई थी।

भारत समेत कितने देशों में शेयर बाज़ार है?-भवनेश

पता यह लगाना है कि कितने देशों में नहीं है। दुनिया में जितने देश हैं उनसे ज्यादा शेयर बाज़ार हैं क्योंकि तमाम देशों में एक से ज्यादा शेयर बाज़ार हैं।

ब्रिटेन का कॉमनवैल्थ खेलों से क्या सम्बन्ध है?
कॉमनवैल्थ खेलों से नहीं कॉमनवैल्थ से ब्रिटेन का सम्बन्ध है। कॉमनवैल्थ एक अंतरराष्ट्रीय संगठन है, जिसमें अधिकतर वे देश हैं जो कभी ब्रिटिश साम्राज्य का अंग थे। इसका नाम पहले ब्रिटिश कॉमनवैल्थ था। इसमें केवल मोज़ाम्बीक और रवांडा दो देश ऐसे हैं, जो ब्रिटिश साम्राज्य का हिस्सा नहीं थे। इन देशों में अंग्रेजी सामान्य भाषा है। इन्हीं देशों के खेल कॉमनवैल्थ गेम्स कहलाते हैं।

एण्ड्रॉयड क्या है? ये मोबाइल के साथ कैसे काम करता है?-क्षितिज

एण्ड्रॉयड मोबाइल उपकरणों पर काम करने वाला ऑपरेटिंग सिस्टम है। इसे ओपन हैंडसेट एलायंस ने गूगल के नेतृत्व में विकसित किया है। ओपन हैंडसेट एलायंस हार्डवेयर, सॉफ्टवेयर और टेलीकम्युनिकेशंस से जुड़ी 84 कम्पनियों का कंसोर्शियम है, जो मोबाइल उपकरणों के लिए ओपन स्टैंडर्ड तैयार कर रहा है।

भानु प्रताप सिंह और बाजी राव कौन थे?- शुभम, रोहिणी दिल्ली

आपका भानु प्रताप सिंह से आशय क्या है, इसे स्पष्ट करें। जहाँ तक बाजीराव का प्रश्न है बाजीराव दो हुए हैं। बाजीराव प्रथम का जन्म 18 अगस्त 1700 में हुआ था और निधन 28 अप्रेल 1740 में हुआ। वे चौथे मराछा छत्रपति शाहूजी महाराज के पेशवा या प्रधानमंत्री थे। बाजीराव द्वितीय सन 1775 में जन्मे और सन 1851 तक जीवित रहे। वे मराठा राज्य के अंतिम पेशवा थे। उन्होंने अंग्रेजों से हारने के बाद संधि कर ली थी।


4.भारत में रेड बियर (RED BEER) किस प्रदेश में पाया जाता है?-मनोज, दिल्ली

आपने अंग्रेजी में BEER लिखा है, जिसका अर्थ है कि आप पीने वाली बीयर के बारे में जानना चाहते हैं। लाल रंग की बीयर होती है, पर वह भारत की विशेषता नहीं है। आपका आशय शायद लाल या भूरे भालू BEAR से है जो हमारे देश के पहाड़ी राज्यों में मिलता है। भारत के अलावा पाकिस्तान और नेपाल में भी यह भालू मिलता है। भूटान में भी होता था, पर लगता है कि वहाँ यह प्रजाति अब लुप्त हो गई है।


पूर्ण चन्द्र ग्रहण के वक्त चन्द्रमा का रंग लाल क्यों हो जाता है?-विभु

धरती का वातावरण एक तरह से फिल्टर का काम करता है। वातावरण में मौज़ूद धूल कण, भाप और दूसरी गैसें सूरज की किरणों के नीले रंग को फैला देती हैं। लाल और पीले रंग नीचे चले जाते हैं। आपने सूर्योदय और सूर्यास्त के समय सूरज का रंग लाल देखा होगा। चन्द्रग्रहण का कारण है चन्द्रमा पर धरती की छाया पड़ना। उस पर पड़ी छाया हमें वातावरण के कारण लाल जैसी लगती है। यदि धरती के चारों ओर हवा की परत न होती तो चन्द्रमा काले आकाश में मिलकर नज़र आना बंद कर देता।

वोकल कॉर्ड क्या है?-गौतमी

वाक तंतु या वोकल कॉर्ड हमारे गले में म्यूकस मेम्बरेन से बनी जाली है। ध्वनि पैदा करने के लिए हवा के आने-जाने से इसमें स्पंदन होता है। गाना गाते समय इनमें एक सेकंड में 440 बार तक स्पंदन सम्भव है, जिससे आवाज़ इतने किस्म के अंतर पैदा हो जाते हैं। मस्तिष्क से इसका नियंत्रण वेगस नर्व से होता है।

किन-किन ग्रहों में ओज़ोन लेयर है? इसके होने और न होने का क्या अर्थ है? क्या ओज़ोन लेयर होने से वहाँ जीवन के संकेत मिलते हैं?

बुध के चारों ओर हवा नहीं है। बेहद गर्म होने के कारण वहाँ कोई गैस नहीं रुकती। शुक्र में ओज़ोन गैस है। मंगल पर भी कुछ है। वृहस्पति के एक चन्द्रमा पर है। धरती के वातावरण में काफी ऊपर ओज़ोन परत है। वह सूरज की हाई फ्रीक्वेंसी अल्ट्रावॉयलेट किरणों में से 97 से 99 फीसदी तक को रोक लेती है। जैसी परत धरती पर है वैसी परत किसी और ग्रह पर नहीं है। ओज़ोन होना से अनिवार्य रूप से जीवन का संकेत नहीं।

दिवाली के पटाखे क्यों फटते हैं? उनमें कौन से तत्व होते हैं?-अपूर्व गुप्ता

पटाखे मोटे गत्ते या प्लास्टिक को खोखे में भरे बारूद से बनते हैं, जिसे पलीते या फ्यूज़ से जोड़ा जाता है। आग लगने पर ये तत्व जलते हैं और केसिंग या छोटी जगह में बंद होने के कारण फट जाते हैं। आमतौर पर इनमेंपोटेशियम परक्लोरेट, अल्युमिनियम पाउडर और सल्फर होता है। पोटेशियम क्लोरेट का इस्तेमाल भी होता है।

मैं अपने बच्चों को कुछ फिल्म्स दिखाना चाहती हूँ, जो बच्चों के लिए बनी हों। कुछ का नाम बता सकते हैं?

हाँ मैं आपको कुछ अंग्रेजी की और कुछ हिन्दी की फिल्मों की सलाह दूँगा। सम्भव है आपने इन फिल्मों को देखा हो। अंग्रेजी में द साउंड ऑफ म्यूज़िक, मैरी पॉपिन्स, चिटी-चिटी बैंग-बैंग, ईटी, द विज़र्ड ऑफ ओज़ी, द बैक टु द फ्यूचर सीरीज़ की तीन फिल्में, स्टैंड बाई मी और द गूनीज़। हिन्दी की पुरानी फिल्मों में जागृति, मदर इंडिया, दोस्ती, परिचय, हाथी मेरे साथी, बावर्ची, नन्हें जैसलमेर, मिस्टर इंडिया, लगान, द ब्लू अम्बरेला, चक दे, तारे ज़मीन पर, माय फ्रेड गणेश, कोई मिल गया वगैरह।

एफएम गोल्ड के कार्यक्रम बारिश सवालों की में शामिल कुछ सवाल


4 comments:

  1. इतने सारे प्रश्न और उत्तर! करेले में कुनैन की जानकारी अच्छी लगी. धन्यवाद :)

    ReplyDelete
  2. Very Nice
    www.dialsandhya.com

    ReplyDelete
  3. very nice thanks for informative.

    ReplyDelete
  4. I am truly delighted to read this informative post which contains plenty of helpful facts, thanks for providing these data. Great article, exactly what I needed.

    ReplyDelete

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...