Saturday, May 23, 2020

डिग्री एवं डिप्लोमा में अंतर क्या होता है?


h

भारत में सामान्यतः एक शैक्षिक कार्यक्रम को सभी परीक्षणों के बाद सफलता के साथ पूरा करने के बाद दिया गया प्रमाणपत्र डिग्री है। आमतौर पर स्नातक स्तर या उससे ऊपर की उपाधि विश्वविद्यालय देते हैं। उससे नीचे के कोर्स विभिन्न संस्थाएं देती हैं। विश्वविद्यालयों के अलावा कुछ दूसरे मान्यता प्राप्त संगठन भी शैक्षिक प्रमाणपत्र देते हैं। इन्हें डिप्लोमा कहते हैं। इसका अर्थ भी शैक्षिक कार्यक्रम को पूरा करने के बाद दिया गया प्रमाणपत्र है। इनका स्तर भी स्नातक या स्नातकोत्तर हो सकता है। पर यदि उनका गठन विश्वविद्यालय के रूप में नहीं है तो वे डिप्लोमा देते हैं।

छातों का रंग काला क्यों होता है?

यह कहना पूरी तरह सही नहीं है, क्योंकि आजकल तो कई तरह के रंगों के छाते आने लगे हैं। अलबत्ता आम इस्तेमाल में आने वाले छाते ज्यादातर काले होते हैं। काला रंग ज्यादा गर्मी को सोखता है, इसलिए भारत जैसे देशों में छातों का रंग सफेद, आसमानी या की हल्का रंग होना चाहिए। भारत में आधुनिक किस्म के छातों का इस्तेमाल अंग्रेजी राज में शुरू हुआ था। अंग्रेजों के परिधान में काला रंग प्रमुखता रखता है। खासतौर से सूट के साथ काला रंग मेल खाता है। यों वहाँ छाता केवल धूप से बचाने के लिए ही नहीं वर्षा और हिमपात से बचाने का काम भी करता है। गर्मी में काला छाता धूप की चमक को भी कम करता है। जिन इलाकों में बर्फ गिरती है वहाँ धूप की चमक भी ज्यादा होती है। इसके अलावा वह जल्द गंदा नजर नहीं आता। इन सब बातों के बावजूद काले के अलावा दूसरे रंग के छातों का चलन बढ़ रहा है। 

Thursday, May 7, 2020

क्यूआर कोड क्या है?


क्यूआर का मतलब है क्विक रेस्पांस या क्विकली रीड कोड। इसे पढ़ने के लिए क्यूआर कोड रीडर और स्मार्टफोन से पढ़ा जा सकता है। फोन के अलग-अलग ओएस के प्लेटफॉर्मों के लिए विभिन्न एप्लीकेशन स्टोर में कई मुफ्त क्यूआर कोड रीडर मिलते हैं। क्यूआर कोड में ब्लैक एंड ह्वाइट पैटर्न के छोटे-छोटे वर्ग होते हैं। इन्हें आप कई जगह देखते है, जैसे कि उत्पादों पर, मैगज़ीन किताबों और अखबारों में। इस कोड को टेक्स्ट, ईमेल, वैबसाइट, फोन नंबर और अन्य से सीधे लिंक किया जाता है। जब आप किसी उत्पाद पर छपे क्यूआर कोड को स्कैन करते है, तब आप इंटरनेट की मदद से सीधे उस साइट पर जा सकते है, जहाँ पर उसके बारे में ज्यादा जानकारी होती है। क्यूआर कोड को 1994 में टयोटा समूह में एक जापानी सहायक, डेन्सो वेव ने बनाया था। तब इसका उद्देश्य था किसी वाहन के निर्माण के दौरान उसे ट्रैक करना। 

सनातन धर्म क्या है?


सनातन धर्म अपने मूल रूप हिन्दू धर्म का नाम है। वैदिक काल में भारतीय भूखंड के धर्म के लिए 'सनातन धर्म' नाम मिलता है। 'सनातन' का अर्थ है-शाश्वत या 'हमेशा बना रहने वाला'। जिसका न आदि है न अन्त। यह मूलत: भारतीय धर्म है, जो किसी ज़माने में वृहत्तर भारत में व्याप्त था। सिन्धु नदी को यूनानियों ने इंडस कहा जिसके आधार पर हमारे देश को यूरोप ने इंडिया नाम दिया। अरबी फारसी में स का उच्चारण ह की तरह करने पर सिन्धु नदी पार के लोगों को हिन्दू और स्थान को हिन्दुस्तान कहा गया। भारत के अपने पुराने साहित्य में हिन्दू शब्द नहीं मिलता।


Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...