Friday, October 21, 2011

जुगनू के चमकने का क्या राज है?

जुगनू के चमकने का क्या राज है?


जुगनू एक प्रकार का उड़ने वाला कीड़ा है, जिसके पेट में रासायनिक क्रिया से रोशनी पैदा होती है। इसे बायोल्युमिनेसेंस कहते हैं। यह कोल्ड लाइट कही जाती है इसमें इंफ्रा रेड और अल्ट्रा वॉयलेट देनों फ्रीक्वेंसी नहीं होतीं। 

भारत के राष्ट्रपति को महामहिम क्यों कहा जाता है?
दिवाकर, गुड़गाँव

यह सम्मानसूचक शब्द है। राष्ट्रपति राज्यपालों, न्यायाधीशों तथा इसी प्रकार के दूसरे संवैधानिक पदों के साथ इसे लगाते हैं। अंग्रेजी में ऑनरेबल शब्द का इस्तेमाल इसके समानांतर होता है। अक्सर दूसरे देशों के राजदूतों के लिए भी इसका इस्तेमाल होता है।


कौन से मंत्री सबसे ज्यादा बार केन्द्रीय मंत्री का पद भार सम्हाल चुके हैं?
हेमंत

मंत्री के रूप में प्रधानमंत्री को गिनें तो जवाहर लाल नेहरू को मान सकते हैं। वे 1947 से 1964 तक भारत के प्रधानमंत्री रहे। मंत्री के रूप में लाल बहादुर शास्त्री 1951 से 1964 तक किसी न किसी रूप में मंत्री रहे। सन 1956 में एक रेल दुर्घटना कि जिम्मेदारी लेते हुए उन्होंने इस्तीफा दे दिया था, पर 1957 में नई सरकार में वे फिर से मंत्री बनाए गए। 1964 में जवाहर लाल नेहरू के निधन के बाद वे प्रधानमंत्री भी बने।

भूकम्प और चक्रवात में क्या अंतर होता है?
पवन कुमार लोखंडे

भूकम्प ज़मीन के नीचे होता है। चक्रवात हवा में। यानी आसमान में।

विज्ञापनों में दिखाई गई घड़ियों में समय 10 बजकर दस मिनट क्यों होता है?
नीरज


इसके दो मुख्य कारण हैं। एक ज्यामितीय रचना के लिहाज से यह एक संतुलित या सिमिट्रिकल स्थिति होती है। स्माइली फेस या विक्ट्री का वी। दूसरे घड़ी बनाने वाली कम्पनी का लोगो ठीक से दिखाई पड़ता है। कुछ घड़ियों में आप टाइम 8-20 भी देख सकते हैं।  इसी तरह दो बजने में दस मिनट भी दिखाए जाते हैं। उसके साथ भी वही बात है। कुछ लोग कहते हैं कि हिरोशिमा पर एटम बम इसी वक्त गिरा था और सारी घड़ियाँ इसी वक्त बंद हो गईं, पर विज्ञापनों में घड़ियाँ इस स्थिति में उसके पहले से दिखाई जाती हैं।

कुछ लोक गायकों और लोक गीतों के नाम बताएं।
विदुर

पंडवानी गायिका तीजन बाई, बंगाल के बाउल गायक पबन दास बाउल, पंजाब के गायक आसा सिंह मस्ताना और हंस राज हंस, तमिल लोक गायिका विजयलक्ष्मी नवनीत कृष्णन, कबीर के भजन गाने वाले प्रह्लाद टिपन्या, महाराष्ट्र के लोक गायक शाहिर विट्ठल उमप, उत्तराखंड के नरेन्द्र सिंह नेगी, राजस्थान की रुक्मा देवी मंगनियार और अल्लाह जिलाई बानो जिनका मशहूर गीत केसरिया बालम आओ पधारो म्हारे देश एक तरह से राष्ट्रीय लोक गीत बन गया है। लोक गीतों में कजरा बरेली वाला से लेकर नैन लड़ि जैहैं तो मनवा मां कसक हुइबै करी तक लोक गीत ही हैं।

टोल फ्री नम्बर क्या होता है? यह कब से शुरू हुआ?
महक

टोल फ्री नम्बर सेवा आमतौर पर 800, 0800 या 1800 चैसे नम्बरों से शुरू होती है। इसमें फोन करने वाले को पैसा नहीं देना होता है, बल्कि जिसके पास कॉल जा रही है उसे देना होता है। सबसे पहले इंग्लैंड के पोस्ट ऑफिस ने 1960 के दशक में इस तरह की सेवा शुरू की थी। पर व्यावसायिक तरीके से 2 मई 1967 को अमेरिका की एटीएंडटी टेलीफोन सेवा ने यह सर्विस शुरू की। शुरू में होटल, किराए पर कार और टैक्सी सेवाओं ने इसका इस्लातेमाल किया। अब तो ज्यादातर उपभोक्ता सामग्री बेचने वाली कम्पनियाँ आफ्टर सेल्स सर्विस के लिए इसका इस्तेमाल करती हैं।

हिन्दी का पहला फॉण्ट कौन सा था? किसने बनाया?
सृष्टि

भारत में पहला छापाखाना 1556 में गोवा में पुर्तगालियों ने लगाया। शुरू में उन्होंने कोंकणी में जो चीजें छापी उनके लिए रोमन टाइप का इस्तेमाल किया। ऐसी जानकारी है कि 1576-77 में एक पुर्तगाली लोहार ने 50 देवनागरी अक्षर ढाले थे। उसका जल्द निधन हो गया और बाकी काम पूरा नहीं हुआ। इसके एक सदी बाद युरोप में छपी कुछ किताबों में देवनागरी अक्षरों का इस्तेमाल हुआ, पर वे ज्यादातर लकड़ी काटकर बनाए गए थे। पहले मूवेबल देवनागरी टाइप रोम में बने। इनसे छपी पहली किताब सन 1759 की मिलती है। 1789 में कलकत्ता के एशियाटिक प्रेस ने न्यू एशियाटिक मिसलेनी नाम से पुस्तक में देवनागरी अक्षरों का इस्तेमाल किया। इस टाइप को कलकत्ता में ही कास्ट किया गया था। श्रीरामपुर के बैप्टिस्ट मिशन प्रेस की फाउंड्री में सन 1803 में पंचानन करमाकर ने बांग्ला फॉण्ट के अलावा देवनागरी फॉण्ट भी ढाला।

महात्मा गांधी के अलावा किन लोगों ने आत्मकथाएं खुद लिखीं?

बेंजामिन फ्रेकलिन की आत्मकथा मशहूर है। भारत में मुगल वंश के संस्थापक ज़हीरुद्दीन मुहम्मद बाबर की मशहूर आत्मकथा बाबरनामा की दो पीढ़ी के बाद नूरुद्दीन मुहम्मद जहाँगीर ने तुज़्क-ए-जहाँगीरी लिकी, जिसे जहाँगीरनामा भी कहते हैं। जवाहर लाल नेहरू ने टुवार्ड्स फ्रीडम नाम से आत्मकथा लिखी। नीरद चौधरी की ऑटोबायग्रैफी ऑफ एन अननोन इंडियन काफी मशहूर है। सत्यजित राय की जाखन छोटो छिलाम बड़ी रोचक आत्मकथा है।

पहला पद्म विभूषण किसे और कब मिला? अब तक कितने शास्त्रीय संगीतकारों को पद्मभूषण या पद्मविभूषण मिल चुके हैं?

पहले पद्म विभूषण पुरस्कार 1954 में छह व्यक्तियों को दिए गए। इनके नाम हैं सत्येन्द्र नाथ बोस, डॉ ज़ाकिर हुसेन, बालासाहेब गंगाधर खेर, जिग्मे दोरजी वांग्चुक, नंदलाल बोस और वीके कृष्ण मेनन। संगीत में उदय शंकर, अलाउद्दीन खां, एमएस सुब्बुलक्ष्मी, टी बाला सरस्वती, बिस्मिल्ला खां, बिरजू महाराज, अली अकबर खां, एस श्रीनिवास अय्यर, कुमार गंदर्भ, मल्लिकार्जुन मंसूर, लता मंगेशकर, भीमसेन जोशी, केलुचरण मोहपात्र, हरि प्रसाद चौरसिया, पं जसराज, शिवकुमार शर्मा, अमज़द अली खां, सोनल मानसिंह, राम नारायण, आशा भोंसले और यूके शिवरामन को पद्म विभूषण मिले हैं। इनमें से लता मंगेशकर, बिस्मिल्ला खां और भीमसेन जोशी को भारत रत्न का सम्मान भी मिला। इनके अलावा पं रविशंकर को भी भारत रत्न मिला।

लॉर्ड मैकॉले कौन थे? 
भूषण

टॉमस बेबिंगटन मैकॉले (25 अक्टूर 1800 से 28 दिसम्बर 1859)अंग्रेज कवि, इतिहासकार, राजनेता और सांसद थे। भारतीय संदर्भ में उनका महत्व इस तरह है कि वे 1834 में भारत आए और गवर्नर जनरल की काउंसिल के सदस्य बनाए गए। भारत में अंग्रेजी शिक्षा की शुरूआत करने का श्रेय उन्हें जाता है। लॉ कमीशन के सदस्य के रूप में उन्हें इंडियन पीनल कोड बनाने का श्रेय भी है।

पेड़ की उम्र का पता कैसे लगाते हैं?
भानु

पेड़ की टहनी काटने पर अंदर छल्ले दिखाई पड़ते हैं। इनकी संख्या और रंग के आधार पर पेड़ की उम्र का पता लगता है।

क्या पृथ्वीराज चौहान ने अपने अंतिम समय मुगलों की दासता स्वीकार कर लीथी?
सात्विक, गाजियाबाद

पृथ्वीराज चौहान का मुकाबला मुगलों से नहीं गोरी वंश के शहाबुद्दीन मुहम्मद गोरी से था। 1191 में तराइन की पहली लड़ाई में गोरी की सेना हारकर वापस चली गई थी। पर 1192 में गोरी ने फिर हमला किया, जिसमें राजपूत हार गए। पृथ्वीराज चौहान पकड़े गए और गजनी ले जाकर उनकी हत्या कर दी गई। अनेक लोक कथाओं में इसके अलग-अलग किस्से मिलते हैं।

ग्लुकोज़ चढ़ाने और अलग से पीने में क्या फर्क है?

इंट्रावीनस या ड्रिप के सहारे किसी भी दवाई को चढ़ाने से उसका असर सबसे ज्यादा होता है। आमतौर पर इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन के लिए ड्रिप चढ़ाते हैं। उसे नस में चढ़ाने पर वह सीधे खून में मिलता है। पीने पर उसका छोटा सा अंश ही खून में मिल पाएगा, वह भी देर से।

भारत का पहला विश्वविद्यालय कौन सा है?
बानी

24 जनवरी 1857 को स्थापित कलकत्ता विश्वविद्यालय देश का सबसे पुराना आधुनिक विश्वविद्यालय है। यों तक्षशिला और नालंदा विश्वविद्यालय भारत के ही नहीं दुनिया के सबसे पुराने विश्वविद्यालय थे।

आकाशवाणी के एफएम गोल्ड के कार्यक्रम बारिश सवालों की में शामिल सवाल

3 comments:

  1. Very informative and crisp reading!

    ReplyDelete
  2. aapki har post bahut hi achchhi hai. thanks aisi hi humare hiosla badhate rahiye.

    ReplyDelete
  3. ek ladki ka naam, ek nadi(river), ek fool(flower) aur ek film ka naam chaaron ek hi hona ch ahiye.

    ReplyDelete

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...