Sunday, June 24, 2012

दुनिया का सबसे बड़ा रेलवे स्टेशन कौन सा है?


दुनिया का सबसे बड़ा रेलवे स्टेशन कौन सा है?
अमन शर्मा, भोपाल
न्यूयॉर्क शहर का ग्रैंड सेंट्रल टर्मिनल दुनिया का सबसे बड़ा रेलवे स्टेशन इस आधार पर माना जा सकता है कि इसमें सबसे ज्यादा 44 प्लेटफॉर्म हैं। इनके साथ 67 ट्रैक जुड़े हैं। ये प्लेटफॉर्म दो मंजिलों पर बने हैं।

मनुष्य ने सोने चाँदी के गहने कब से पहनने शुरू किए?
सुनीता जैन, इन्दौर

गहनों का आविष्कार इंसान ने प्रागैतिहासिक युग में कर लिया था। सबसे पुराने गहने करीब 75000 साल पहले के मिले हैं। पर वे गहने हड्डी, लकड़ी, हाथी दांत या ऐसी ही प्राकृतिक चीजों के होते थे। लगभग सात हजार या उससे कुछ सौ साल पहले सोने और चाँदी को इंसान में खोज लिया था। उसके फौरन बाद ही गहने इन धातुओं के बनने लगे।

क्या कोई ऐसा सरकारी विभाग है, जो प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने के लिए काम करता है?
शाहनवाज, बीकानेर
हमारे देश में पर्यावरण और वन मंत्रालय ही प्लास्टिक-जन्य प्रदूषण को रोकने का काम देखता है। मंत्रालय के प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट एंड हैंडलिंग रूल्स 2011 के तहत कई प्रकार के आदेश जारी किए गए हैं। खासतौर से प्लास्टिक बैग्स के बारे में।

सिविल की परीक्षा दे रहा हूं। यदि आई.ए.एस या आई.एफ.एस में चुन लिया जाता हूं तो क्या स्वेच्छा से आई.पी.एस चुन सकता हूं।
जितेन्द्र कुमार, जयपुर
सामान्यतः परीक्षा देने वालों की वरीयता प्रशासनिक सेवा और विदेश सेवा में होती है, पर यदि आप पुलिस सेवा में जाना चाहते हैं तो अपनी पहली वरीयता पुलिस सेवा को दें। अलबत्ता हाल में एक संसदीय समिति ने सिफारिश की है कि भारतीय पुलिस सेवा के लिए अलग परीक्षा की व्यवस्था की जाए।

रॉकेट पश्चिम से पूरब की ओर ही क्यों छोड़ा जाता है ?
राकेश जायसवाल, रायपुर
धरती पश्चिम से पूर्व की दिशा में घूमती है। जब अंतरिक्ष में भेजने के लिए रॉकेट को पूर्व की ओर भेजते हैं तब उसके वेग में धरती के घूमने का वेग भी शामिल हो जाता है। इससे ऊर्जा की बचत होती है और वह आसानी से पृथ्वी की गुरुत्वाकर्षण शक्ति को पार कर लेता है।

राजस्थान पत्रिका में प्रकाशित

2 comments:

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...