Showing posts with label संरा शांति सेना. Show all posts
Showing posts with label संरा शांति सेना. Show all posts

Saturday, October 11, 2025

सं.रा. शांति सेना क्या होती है?

 

संयुक्त राष्ट्र की अपनी कोई सेना नहीं होती। इसे सदस्य देशों की सहायता से अस्थायी रूप से गठित किया जाता है। इसके सदस्य अपने देश की सेना के सदस्य ही रहते हैं, पर शांति-सेना के रूप में वे संयुक्त राष्ट्र के प्रभावी नियंत्रण में कार्य करते हैं। सं.रा. के गठन के समय इस सेना की परिकल्पना नहीं की गई थी। संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिक नीले रंग की टोपियाँ लगाते हैं या नीले रंग के हेल्मेट पहनते हैं, जो अब इस सेना की पहचान बन गई है। सं.रा. चार्टर में सुरक्षा परिषद को अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए संयुक्त कार्रवाई करने का अधिकार दिया गया है। संरा शांति मिशन सबसे पहले 1948 में अरब-इसराइल युद्ध के समय भेजा गया था। उसके बाद से अब तक कुल 70 मिशन भेजे गए हैं। इनमें पूर्ण हुए और चल रहे मिशन शामिल हैं। सितंबर 2025 तक 11 सक्रिय मिशन चल रहे हैं, जैसे सेंट्रल अफ्रीकन गणराज्य, कांगो, दक्षिण सूडान आदि। 1988 में संयुक्त राष्ट्र शांति-रक्षा बल को नोबेल शांति पुरस्कार भी दिया गया। भारत संयुक्त राष्ट्र शांति मिशनों में सबसे बड़े योगदानकर्ताओं में से एक है।

 

राजस्थान पत्रिका के नॉलेज कॉर्नर में 11 अक्तूबर 2025 को प्रकाशित

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...