Saturday, July 15, 2023

बनाना रिपब्लिक किसे कहते हैं?

राजनीति शास्त्र में बनाना रिपब्लिक शब्द लैटिन अमेरिका के उन देशों के लिए इस्तेमाल में लाया गया, जो राजनीतिक रूप से काफी अस्थिर थे। उन्हें बनाना रिपब्लिक इसलिए कहा गया, क्योंकि उनकी अर्थ-व्यवस्था मुख्यतः केले या प्राकृतिक संसाधनों के निर्यात पर निर्भर थी। इन देशों में गरीब-कमजोर मजदूर रहते हैं और सत्ता पर अल्पसंख्यक व्यापारियों, नौकरशाहों, राजनेताओं और फौजी अफसरों का नियंत्रण होता है। बनाना रिपब्लिक शब्दावली का प्रयोग प्रसिद्ध अमेरिकी कथाकार ओ’ हेनरी (O’ Henry) ने किया था। ओ’ हेनरी ने इसका इस्तेमाल उस विशेष स्थिति के लिए किया था जहाँ कुछ अमेरिकी कारोबारियों ने  कैरीबियन द्वीपों, मध्य अमेरिका तथा दक्षिण अमेरिका में अपनी चतुराई से भारी मात्रा में केला उत्पादक क्षेत्रों पर अपना एकाधिकार कर लिया। स्थानीय मजदूरों को कौड़ियों के भाव पर काम करवा कर केलों के उत्पादन को अमेरिका में भेजकर भारी लाभ उठाया।

पहला क्रिकेट टेस्ट मैच कब हुआ?

पहला आधिकारिक क्रिकेट टेस्ट मैच 15 मार्च 1877 को ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर हुआ। इसमें ऑस्ट्रेलिया की टीम 45 रन से जीती’ टेस्ट मैचों के सौ साल पूरे होने पर 12 से 17 मार्च 1977 को मेलबर्न में दोनों देशों के बीच हुए टेस्ट मैच में भी ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 45 रन से हराया।

नीम कड़वा क्यों होता है?

नीम के तीन कड़वे तत्वों को वैज्ञानिकों ने अलग किया है, जिन्हें निम्बिन, निम्बिडिन और निम्बिनिन नाम दिए हैं। सबसे पहले 1942 में भारतीय वैज्ञानिक सलीमुज़्ज़मा सिद्दीकी ने यह काम किया। वे बाद में पाकिस्तान चले गए थे। यह कड़वा तत्व ही एंटी बैक्टीरियल, एंटी वायरल होता है और कई तरह के ज़हरों को ठीक करने का काम करता है।

राजस्थान पत्रिका के नॉलेज कॉर्नर में 15 जुलाई, 2023 को प्रकाशित


 

 

Sunday, July 2, 2023

डकार क्या होती है और ये क्यों आती है?

डकार को अंग्रेजी में बर्पिंग, बेल्चिंग और इरक्टेशन (Eruction) वगैरह कहते हैं। यह मूलतः पेट के पाचन मार्ग से गैस या हवा का मुँह के रास्ते बाहर निकलना है। कंठ के पास मार्ग सँकरा होता है और यदि गैस ज्यादा हो तो एक आवाज निकलती है वही डकार है। प्रायः हम भोजन करते वक्त हवा या गैस बनाने वाली वस्तुओं का सेवन करते हैं, जिसके कारण अतिरिक्त हवा बाहर निकलती है। ऐसा कार्बोनेटेड पेय, सॉफ्ट ड्रिंक, बीयर और शैम्पेन वगैरह पीने के बाद भी होता है। पेय से निकली कार्बन डाई ऑक्साइड डकार के रूप में बाहर आती है। पेट में अल्सर या भोजन की एलर्जी होने पर खट्टी डकारें भी आती हैं। नवजात शिशुओं को दूध पिलाने के बाद उनके पेट में हवा जमा हो जाती है, उसे थपकी देकर निकाला जाता है। मनुष्यों को ही नहीं जानवरों को भी डकार आती हैं।

डैबिट और क्रेडिट कार्ड का अंतर

डैबिट कार्ड आपके बैंक खाते से जुड़ा होता है, जो आपकी ही रकम है। जब आप कहीं सामान खरीदते वक्त इसके मार्फत भुगतान करते हैं तो धनराशि आपके खाते से जाती है। इसके अलावा धारक एटीएम से निर्धारित राशि तक निकाल भी सकता है’ क्रेडिट कार्ड, ऋण-सुविधा है। जिस संस्था का कार्ड है वह ग्राहक को तयशुदा धनराशि तक की खरीदारी करने या कैश निकालने की अनुमति देती है। यह राशि बाद में जरूरी ब्याज सहित वापस ले ली जाती है। 

एचडी क्या होता है?

एचडी यानी हाई डेफिनीशन आमतौर पर तस्वीर के संदर्भ में प्रयुक्त होता है। कम्प्यूटर में वही तस्वीर ज्यादा स्पष्ट होती है जिसके एक फ्रेम का रिज़ॉल्यूशन यानी मैगापिक्सेल जितने ज्यादा हों, चित्र उतना ही स्पष्ट होता है। चित्र की यही बात वीडियो और टीवी पर लागू होती है।

राजस्थान पत्रिका के नॉलेज कॉर्नर में 1 जुलाई 2023 को प्रकाशित

Saturday, June 17, 2023

हावड़ा ब्रिज में क्या खास है?

अस्सी साल से भी पहले निर्मित हावड़ा ब्रिज इंजीनियरिंग का चमत्कार है। यह विश्व के व्यस्ततम कैंटीलीवर ब्रिजों में से एक है। कोलकाता और हावड़ा को जोड़ने वाले इस पुल जैसे अनोखे पुल संसार भर में केवल गिने-चुने ही हैं। उन्नीसवीं शताब्दी के उत्तरार्ध में कोलकाता और हावड़ा के बीच बहने वाली हुगली नदी पर एक तैरते हुए पुल के निर्माण की परिकल्पना की गई। तैरते हुआ पुल बनाने का कारण यह था कि नदी में रोजाना काफी जहाज आते-जाते थे। खम्भों वाला पुल बनाते तो जहाजों का आना-जाना रुक जाता। अंग्रेज सरकार ने सन् 1871 में हावड़ा ब्रिज एक्ट पास किया, पर योजना बनने में बहुत वक्त लगा। पुल का निर्माण सन् 1937 में ही शुरू हो पाया। सन् 1942 में यह बनकर पूरा हुआ। इसे बनाने में 26,500 टन स्टील की खपत हुई। इसके पहले हुगली नदी पर तैरता पुल था। पर नदी में पानी बढ़ जाने पर इस पुल पर जाम लग जाता था। इस ब्रिज को बनाने का काम जिस ब्रिटिश कंपनी को सौंपा गया उससे यह ज़रूर कहा गया था ‍कि वह भारत में बने स्टील का इस्तेमाल करेगा। टिस्क्रॉम नाम से प्रसिद्ध इस स्टील को टाटा स्टील ने तैयार किया। इसके इस्पात के ढाँचे का फैब्रिकेशन ब्रेथवेट, बर्न एंड जेसप कंस्ट्रक्शन कम्पनी ने कोलकाता स्थित चार कारखानों में किया। 1528 फुट लंबे और 62 फुट चौड़े इस पुल में लोगों के आने-जाने के लिए 7 फुट चौड़ा फुटपाथ छोड़ा गया था। 3 फरवरी, 1943 को आम जनता के उपयोग के लिए इसे खोल दिया गया। हावड़ा और कोलकाता को जोड़ने वाला हावड़ा ब्रिज जब बनकर तैयार हुआ था तो इसका नाम था न्यू हावड़ा ब्रिज। 14 जून 1965 को गुरु रवींद्रनाथ टैगोर के नाम पर इसका नाम रवींद्र सेतु कर दिया गया पर प्रचलित नाम फिर भी हावड़ा ब्रिज ही रहा। इसपर पूरा खर्च उस वक्त की कीमत पर ढाई करोड़ रुपया (24 लाख 63,887 पौंड)आया। इस पुल से होकर पहली बार एक ट्रामगाड़ी चली थी।

जुगनू कैसे चमकते हैं?

जुगनू उड़ने वाला कीड़ा है, जिसके पेट में रासायनिक क्रिया से रोशनी पैदा होती है। इसे बायोल्युमिनेसेंस कहते हैं। यह कोल्ड लाइट कही जाती है इसमें इंफ्रा रेड और अल्ट्रा वॉयलेट दोनों फ्रीक्वेंसी नहीं होतीं।

राजस्थान पत्रिका के नॉलेज कॉर्नर में 17 जून, 2023 को प्रकाशित

Saturday, June 3, 2023

श्रीअन्न क्या है?

अंग्रेजी का शब्द है मिलेट्स, जिसका सामान्य अर्थ होता है मोटा अनाज। मोटा अनाज माने ज्वार (सोरग़म और पर्ल मिलेट्स), बाजरा, मडुआ, रागी, मक्का, जई, कंगनी, कोदों, सावां, चेना, कुटटू, चौलाई, कुटकी वगैरह। इनके अनेक रूप और अनेक नाम हैं। हिंदी में इन्हें बेझर या मोटा अनाज कहते हैं। गत 18 मार्च को दिल्ली में हुए वैश्विक मिलेट्स सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन्हें श्रीअन्न या श्रीखाद्य का नाम दिया। भारत के प्रस्ताव और प्रयासों के बाद ही संयुक्त राष्ट्र ने 2023 को ‘इंटरनेशनल मिलेट इयर’ घोषित किया है।

इनमें रेशे, विटामिन बी-कॉम्प्लेक्स, अमीनो एसिड, वसीय अम्ल, विटामिन-ई, आयरन, मैग्नीशियम, फॉस्फोरस, पोटेशियम, विटामिन बी-6, व कैरोटिन काफी ज़्यादा मात्रा में पाए जाते है। ग्लूकोज़ कम होने से इनमें मधुमेह का ख़तरा कम होता है। इसलिए इन फसलों को सुपर फ़ूड कहते है। ये फसलें कम पानी में अर्ध-शुष्क क्षेत्रों में उगाई जा सकती हैं तथा जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के परिणाम आसानी से सहन करने की क्षमता रखती है। इन की रोग-प्रतिरोधक क्षमता बहुत अधिक होने से उत्पादन लागत बहुत कम होती है। भारत में, मुख्य रूप से गरीब और सीमांत किसानों और आदिवासी समुदायों द्वारा शुष्क भूमि में मोटे अनाजों की खेती की जाती है। ये अनाज शुष्क क्षेत्रों और उच्च तापमान पर अच्छी तरह से बढ़ते हैं; वे खराब मिट्टी, कम नमी और महँगे रासायनिक कृषि इनपुट की कमी से जूझ रहे लाखों गरीब और सीमांत किसानों के लिए ये वरदान हैं।  

सम्मेलन में प्रधानमंत्री ने कहा, विश्व जब ‘इंटरनेशनल मिलेट ईयर’ मना रहा है, तो भारत इस अभियान की अगुवाई कर रहा है। ‘ग्लोबल मिलेट्स कॉन्फ्रेंस’ इसी दिशा का एक महत्वपूर्ण कदम है। एफएओ के अनुसार, 2020 में मोटे अनाजों का वैश्विक उत्पादन 3.0464 करोड़ मीट्रिक टन था और भारत की हिस्सेदारी इसमें 1.249 मीट्रिक टन थी, जो मोटे अनाजों के कुल उत्पादन का 41 प्रतिशत है।

भारतीय सेना ने भी हाल में जवानों के राशन में श्रीअन्न (मिलेट्स) आटे की फिर से शुरुआत की है। सेना ने करीब पांच दशक पहले गेहूँ के आटे के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए मोटे अनाज का इस्तेमाल बंद कर दिया था। सेना ने गत 22 मार्च को जारी बयान में कहा कि यह फैसला सैनिकों को स्थानीय और पारंपरिक अनाज की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए किया गया है।

राजस्थान के नॉलेज कॉर्नर में 03 जून, 2023 को प्रकाशित

Saturday, May 20, 2023

स्टार्टअप क्या होता है?

नवोन्मेष, नवाचार से मिलता-जुलता शब्द है स्टार्ट-अप। अंग्रेजी में इसके माने हैं अचानक उदय होना, उगना, आगे बढ़ना वगैरह। इसके कारोबारी माने हैं नये और अनजाने बिजनेस मॉडल की खोज। इस अर्थ में नए किस्म के कारोबार में जुड़ी नयी कम्पनियों को स्टार्ट-अप कम्पनी कहते हैं। भारत में ई-रिटेल से जुड़ी ज्यादातर नई कम्पनियाँ स्टार्ट-अप हैं। इनके मालिक और प्रबंधक नए हैं। उनका काम करने का तरीका नया है। यह शब्द बीसवीं सदी के अंतिम वर्षों में डॉट-कॉम ‘बूम’ और ‘बबल’ के वक्त ज्यादा लोकप्रिय हुआ। इन कम्पनियों के साथ विफलता और सफलता का भारी उतार-चढ़ाव और जोखिम भी जुड़ा है। साथ ही इसके साथ इंटरनेट की नयी तकनीक का इस्तेमाल भी जुड़ा है। भारत में यह नया चलन है। अमेरिका में बिजनेस प्लान करना, नयी कम्पनी बनाना, उसके मार्फत भारी सफलता पाने का चलन पहले से है। अमेरिका के बिजनेस और इंजीनियरी संस्थानों से निकल कर छात्र कारोबार शुरू करने के बारे में सोचता है। भारत में अभी तक नौजवान नौकरी को वरीयता देते हैं। अब स्थितियाँ बदल रहीं हैं। परम्परागत की जगह नए कारोबार के आविष्कार में फायदे की गुंजाइश भी ज्यादा है। 

वेंस्टमिंस्टर प्रणाली

शासन की संसदीय प्रणाली। इसे यह नाम लंदन के पैलेस ऑफ़ वेस्टमिंस्टर के कारण दिया गया है, जो ब्रिटिश संसद का सभास्थल है। सिटी ऑफ़ वेस्टमिंस्टर लंदन का इलाका है, जो टेम्स नदी के किनारे है। यह इमारत एक शाही महल है। पहला शाही महल 11वीं सदी में बनाया गया था। 1512 में आग से नष्ट होने से पहले वेस्टमिंस्टर पैलेस सम्राट का लंदन निवास होता था। इसके बाद से इसे संसद भवन मान लिया गया। 13वीं सदी में यहां संसद की सभाएं होने लगी थीं। इस भवन में 1834 फिर भयानक में आग लगी। सन 1840 में इसका पुनर्निर्माण शुरू हुआ,जो 30 साल तक चला। द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान 1941 में लंदन पर हुई बमबारी में भी इस इमारत को नुकसान पहुँचा। इसकी एक पहचान है क्लॉक टॉवर, जिसका विशाल घंटा बिग बेन के नाम से प्रसिद्ध है। सन 1987 से यह इमारत यूनेस्को के विश्व धरोहर स्थलों का हिस्सा है।

राजस्थान पत्रिका के नॉलेज कॉर्नर में 20 मई, 2023 को प्रकाशित


Sunday, May 7, 2023

दिल्ली एनसीआर का मतलब क्या?

 
दिल्ली को कई तरह से जाना जाता है। एक है दिल्ली का केन्द्र शासित क्षेत्र। दूसरा है एनसीटी यानी नेशनल कैपिटल टेरीटरी। यह दिल्ली शहर की भौगोलिक सीमा है। तीसरा है एनसीआर नेशनल कैपिटल रीजन। इसके अंतर्गत पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान के कुछ इलाके एनसीआर में शामिल किए गए हैं। सन 1962 में जब दिल्ली का पहला मास्टर प्लान जारी हो रहा था तब इसकी अवधारणा तैयार की गई थी। इसका उद्देश्य था कि दिल्ली के इर्द-गिर्द शहरीकरण किया जाए ताकि दिल्ली पर दबाव न पड़े। संयुक्त राष्ट्र के जनसंख्या अनुमान के अनुसार 2023 के शुरू में दिल्ली महानगर की जनसंख्या 3 करोड़ 29 लाख 40,000 है। 2011 की जनगणना के अनुसार एनसीआर क्षेत्र की आबादी 4 करोड़ 86 लाख के आसपास थी। आज यह छह करोड़ के आसपास होगी। सन 1985 में नेशनल कैपिटल रीजन प्लानिंग बोर्ड अधिनियम पास किया गया, जिसके तहत इसे कानूनी रूप दिया गया।

शंघाई सहयोग संगठन क्या है?

शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) राजनीतिक, आर्थिक और सुरक्षा सहयोग का संगठन है, जिसकी शुरुआत चीन और रूस के नेतृत्व में यूरेशियाई देशों ने की थी। अप्रैल 1996 में शंघाई में हुई एक बैठक में चीन, रूस, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान और ताजिकिस्तान आपस में एक-दूसरे के नस्ली और धार्मिक तनावों से निबटने के लिए सहयोग करने पर राज़ी हुए थे। इसे शंघाई फाइव कहा गया था। शंघाई फाइव के साथ उज्बेकिस्तान के आने के बाद जून 2001 में शंघाई सहयोग संगठन की स्थापना हुई। 2005 में कजाकिस्तान के अस्ताना में हुए सम्मेलन में भारत, ईरान, मंगोलिया और पाकिस्तान के प्रतिनिधियों ने पहली बार इसमें हिस्सा लिया। अब भारत और पाकिस्तान भी इस संगठन के सदस्य बन गए हैं। इस संगठन का मुख्य उद्देश्य मध्य एशिया में सुरक्षा चिंताओं के मद्देनज़र सहयोग बढ़ाना है। पश्चिमी मीडिया मानता है कि एससीओ का मुख्य उद्देश्य नेटो के बराबर खड़ा होना है। अमेरिका ने 2005 में इस संगठन में पर्यवेक्षक देश बनने के लिए आवेदन किया था, जिसे नकार दिया गया था।

जानवर क्या कलर ब्लाइंड होते हैं?

जो देखता है उसे कोई न कोई रंग तो दीखता ही है। कलर ब्लाइंड का मतलब है सारी चीजें एक या दो रंगों में नजर आना। चमगादड़ को ध्वनि की तरंगे बेहतर तरीके से समझ आती है। पर वे कलर ब्लाइंड होते हैं। बंदरों में तीन रंग देखने की क्षमता होती है। इंसान एक करोड़ तक रंगों को अलग-अलग पहचान सकता है। कुछ पक्षियों में रंग देखने की बेहतरीन क्षमता होती है वे अल्ट्रा वॉयलेट रंग भी देख लेते हैं।

राजस्थान पत्रिका के नॉलेज कॉर्नर में 6 मई 2023 को प्रकाशित

Monday, April 17, 2023

रिमोट का आविष्कार किसने किया?

सन 1898 में निकोला टेस्ला ने अमेरिका में पहला रिमोट पेटेंट कराया जो पानी पर चल रही नाव को दूर से संचालित कर सकता था। रिमोट कंट्रोल से सामान्य तात्पर्य टीवी या दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को इंफ्रारेड मैग्नेटिक स्पेक्ट्रम से संचालित करना है। सुदूर अंतरिक्ष में घूम रहे यानों को भी दूर से ही नियंत्रित किया जाता है। तमाम देशों में बगैर ड्राइवर की मेट्रो ट्रेन दूर से संचालित हो रहीं हैं। हम जिन रिमोट कंट्रोल गैजेट्स की बात कर रहे हैं वे कुछ दूरी यानी पाँच मीटर के आसपास तक काम करते हैं। ये रिमोट प्रायः इंफ्रारेड का उपयोग करते हैं। सत्तर के दशक से पहले के रिमोट अल्ट्रासोनिक तरंगों का इस्तेमाल करते थे। रेडियो तकनीक का आविष्कार होने के बाद रेडियो तरंगों के मार्फत संदेश भेजने की शुरुआत भी हो गई थी। शुरूआती रिमोट कंट्रोल रेडियो तरंगों के मार्फत चलते थे। अब इनमें ब्लू टूथ कनेक्टिविटी, मोशन सेंसर और वॉइस कंट्रोल भी शामिल होने लगे हैं।

 परमाणु विस्फोट कितने देश कर चुके हैं?

सबसे पहला परमाणु परीक्षण अमेरिका ने 16 जुलाई 1945 को किया था। तब से 1992 तक अमेरिका 1032 परमाणु परीक्षण कर चुका है। सोवियत संघ में 727 परीक्षण हुए, लेकिन 1992 में उसके विघटन के बाद से कोई परीक्षण नहीं हुआ। ब्रिटेन ने 88 परीक्षण किए और अंतिम परीक्षण 1991 में किया गया। फ़्रांस 217 परीक्षण कर चुका है, चीन 47, भारत छह, पाकिस्तान छह और उत्तर कोरिया ने चार परीक्षण किए हैं। इसके अलावा यह माना जाता है कि जापान, इसराइल, दक्षिण अफ़्रीका और जर्मनी ने भी परमाणु परीक्षण किए हैं। माना जाता है कि दुनिया में अबतक 2121 नाभिकीय परीक्षण किए जा चुके हैं।

तारे टिमटिमाते क्यों हैं?

सौरमंडल का सदस्य होने के नाते ग्रह पृथ्वी के निकट हैं। ग्रहों और हमारी आँखों के बीच पतला सा वायुमंडल है। इससे होकर गुज़रने वाली प्रकाश किरणों को ज़्यादा अपवर्तन का सामना नहीं करना होता। वे स्थिर प्रतीत होते हैं। पृथ्वी और तारों के बीच दूरी बहुत ज़्यादा है। प्रकाश की किरणें अनेक माध्यमों से गुज़र कर हम तक आती हैं। इसीलिए तारे टिमटिमाते लगते हैं।

पर्स और बेल्ट का चलन कब से है?

शब्द बटुआ या वॉलेट सैकड़ों साल से प्रचलन में है। आज आप जो चमड़े का पर्स जेब में रखते हैं वह भी यूरोप में अठारहवीं सदी के अंतिम वर्षों में प्रचलन में आ गया था। पुराने ज़माने में इसमें सिक्के रखे जाते थे। कागज़ के नोटों का चलन सातवीं से ग्यारहवीं सदी के बीच चीन में शुरू हुआ। हमारे देश में पुरानी पोटली मध्य युग में डोरी लगे बटुए का रूप ले चुकी थी। जहाँ तक पेटी या बेल्ट का प्रश्न है, यह भी पुराने कमरबंद का नया रूप है। इसका इस्तेमाल इंसान ने ताम्रयुग से शुरू कर दिया था। आधुनिक चमड़े की बेल्ट का इस्तेमाल उन्नीसवीं सदी में फौजी वर्दी के साथ शुरू हुआ था।

राजस्थान पत्रिका के नॉलेज कॉर्नर में 8 अप्रेल, 2023 को प्रकाशित

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...