Saturday, August 12, 2023

अक्षय ऊर्जा क्या होती है?

अक्षय मायने जिसका अंत नहीं है। अक्षय-ऊर्जा ऐसे स्रोत से प्राप्त ऊर्जा है, जिसका बार-बार इस्तेमाल होता रहे। मसलन पेट्रोल या लकड़ी जल जाने के बाद उसका दूसरी बार इस्तेमाल नहीं हो सकता। अक्षय-ऊर्जा का इस्तेमाल बिजली बनाने, वाहनों को चलाने, गर्मी पैदा करने या कूलिंग के लिए किया जाता है। ज्यादातर ऐसी ऊर्जा प्रदूषण भी पैदा नहीं करती या कम से कम करती है। इनमें प्राकृतिक प्रक्रिया के तहत सौर, पवन, सागर, पनबिजली, बायोमास, भूतापीय संसाधनों और जैव ईंधन और हाइड्रोजन वगैरह शामिल हैं। दुनिया में इसका इस्तेमाल लगातार बढ़ता जा रहा है। सन 2011 में ऊर्जा के वैश्विक इस्तेमाल में इसका प्रतिशत 20 था, जो 2021 में बढ़कर 28 हो गया।

इंटरनेशनल इनर्जी एजेंसी के अनुसार 2022 में केवल सौर, पवन, जल और भूतापीय ऊर्जा में 8 फीसदी की वृद्धि हुई। इस प्रकार वैश्विक ऊर्जा में इनकी हिस्सेदारी 5.5 प्रतिशत हो गई। इसी तरह आधुनिक जैव-ऊर्जा की हिस्सेदारी 6.8 प्रतिशत हो गई। 2022 का वर्ष वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए ढीला रहा, क्योंकि कोविड-19 के कारण ऊर्जा की माँग घट रही थी, पर अक्षय-ऊर्जा में तेजी से वृद्धि हो रही थी।

भारत में फरवरी 2023 तक 122 गीगावॉट अक्षय-ऊर्जा की क्षमता का निर्माण हो चुका था। इसमें पनबिजली और नाभिकीय ऊर्जा शामिल नहीं है। यह लक्ष्य से कम है, क्योंकि सरकार ने 2022 के अंत तक 175 गीगावॉट क्षमता के निर्माण का लक्ष्य रखा था। भारत ने 2030 तक देश में गैर-जीवाश्म (गैर-पेट्रोलियम) ऊर्जा का स्तर 50 प्रतिशत तक लाने का लक्ष्य रखा है। फरवरी 2023 तक देश में कोयले से चलने वाले ताप-बिजलीघर कुल बिजली का 78.2 प्रतिशत बना रहे थे।

ह्वाइट कॉलर जॉब?

ह्वाइट कॉलर शब्द एक अमेरिकी लेखक अपटॉन सिंक्लेयर ने 1930 के दशक में गढ़ा. औद्योगीकरण के साथ शारीरिक श्रम करने वाले फैक्ट्री मजदूरों की यूनीफॉर्म डेनिम के मोटे कपड़े की ड्रेस हो गई। शारीरिक श्रम न करने वाले कर्मचारी सफेद कमीज़ पहनते। इसी तरह खदानों में काम करने वाले ब्लैक कॉलर कहलाते। सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़े कर्मियों के लिए अब ग्रे कॉलर शब्द चलने लगा है।

राजस्थान पत्रिका के 12 अगस्त, 2023 के नॉलेज कॉर्नर में प्रकाशित 

Thursday, August 3, 2023

पेनाल्टी कॉर्नर का नया नियम

 फील्ड हॉकी के पेनाल्टी कॉर्नर का नया नियम, जिसका परीक्षण कुछ समय तक किया जाएगा।  इसमें बॉल को पहले डी के बाहर पाँच मीटर दूर बनी डॉटेड लाइन तक जाना होगा। इसका मतलब है कि वहाँ से डायरेक्ट हिट या ड्रैग फ्लिक लगाया नहीं जा सकेगा। विस्तार से पढ़ें इंडियन एक्सप्रेस में।


वेजीटेबल नहीं, वेजटेबल

 


डिसरप्टिव टेक्नोलॉजी

अंग्रेजी के डिसरप्टिव शब्द के हिन्दी में ज्यादातर अर्थ नकारात्मक हैं। मसलन बाधाकारी, हानिकारक, विध्वंसकारी वगैरह। जैसे सृजन के लिए संहार जरूरी है वैसे ही आधुनिक तकनीक के संदर्भ में इसके मायने सकारात्मक है। इनोवेशन या नवोन्मेष वह है जो नयापन लाने के लिए पुराने को खत्म करता है। जैसे सीएफएल ने परम्परागत बल्ब के चलन को खत्म किया और अब एलईडी सीएफएल को खत्म कर रहा है। मोबाइल फोन ने कैमरा,  वॉयस रिकॉर्डर समेत तमाम तकनीकों को लगभग खत्म कर दिया। इस  शब्द का सबसे पहले इस्तेमाल लेखक क्लेटन एम क्रिस्टेनसेन (clayton m. christensen) ने 1995 में किया, जो हारवर्ड बिजनेस स्कूल में प्राध्यापक  भी रहे। सारे इनोवेशन डिसरप्टिव नहीं होते। मसलन बीसवीं सदी के शुरू में कार का आविष्कार क्रांतिकारी तो था, पर उसने घोड़ागाड़ी के परम्परागत परिवहन को तत्काल खत्म नहीं किया, क्योंकि मोटरगाड़ी महंगी थी। सन 1908 में फोर्ड के सस्ते मॉडल टी के आगमन के बाद ही घोड़ागाड़ी खत्म होने की प्रक्रिया शुरू हुई जो तकरीबन तीस साल तक चली। इसके मुकाबले मोबाइल फोन ने परम्परागत फोन को जल्दी खत्म किया।

Monday, July 31, 2023

बैडमिंटन सुपर सीरीज क्या है?

बैडमिंटन सुपर सीरीज़ अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिताओं की श्रृंखला है, जिसका स्वरूप अब काफी बदल गया है। बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन (बीडब्लूएफ) की इस प्रतियोगिता की घोषणा 14 दिसंबर, 2006 को हुई थी और 2007 में इसकी शुरुआत हुई थी। 2011 के बाद से इसमें कई स्तर की प्रतियोगिताएं होने लगी हैं। इनके अलग-अलग स्तर कर दिए गए हैं। प्रीमियर प्रतियोगिताओं में ज्यादा रैंकिंग पॉइंट और ज्यादा बड़ी धनराशि पुरस्कार में मिलती है।

अब हरेक चार साल में बीडब्लूएफ कौंसिल बीडब्लूएफ वर्ल्ड टुअर आयोजित करने वालों देशों की समीक्षा करती है। मार्च 2018 में बीडब्लूएफ ने 2018 से 2021 के लिए नए वर्ल्ड टुअर और नए मेजबानों की घोषणा की थी। अब बीडब्लूएफ वर्ल्ड टुअर फाइनल्स में एक सीज़न में चार सुपर 1000, छह सुपर 750, सात सुपर 500 और ग्यारह सुपर 300 प्रतियोगिताएं होती हैं। इनमें सबसे ऊँचा स्तर सुपर 1000 का होता है। इनके अलावा सुपर 100 प्रतियोगिताएं भी होती हैं, जिनका हर साल निर्णय होता है। इनके अंक भी रैंकिंग में जोड़े जाते हैं। इन प्रतियोगिताओं में शामिल व्यक्तिगत या युगल प्रतियोगियों में से टॉप आठ को उन्हें प्राप्त अंकों के आधार पर वर्ष के अंत में होने वाले बीडब्लूएफ वर्ल्ड टुअर फाइनल्स में खेलने का मौका मिलता है।

2023-26 के साइकिल के लिए चार हाई प्रोफाइल प्रतियोगिताओं को चुना गया है। ये हैं मलेशिया ओपन, ऑल इंग्लैंड ओपन, चीन ओपन और इंडोनेशिया ओपन। मलेशिया ओपन को इस साल से ही सुपर 1000 के स्टेटस पर अपग्रेड किया गया है। इंडिया ओपन का स्टेटस इस साल से सुपर 750 का हो गया है, जो पिछले साल तक सुपर 500 था। भारत की सैयद मोदी प्रतियोगिता सुपर 300, हैदराबाद तथा ओडिशा ओपन सुपर 100 में आती हैं।

राजस्थान पत्रिका के नॉलेज कॉर्नर में 29 जुलाई, 2023 को प्रकाशित

Saturday, July 15, 2023

बनाना रिपब्लिक किसे कहते हैं?

राजनीति शास्त्र में बनाना रिपब्लिक शब्द लैटिन अमेरिका के उन देशों के लिए इस्तेमाल में लाया गया, जो राजनीतिक रूप से काफी अस्थिर थे। उन्हें बनाना रिपब्लिक इसलिए कहा गया, क्योंकि उनकी अर्थ-व्यवस्था मुख्यतः केले या प्राकृतिक संसाधनों के निर्यात पर निर्भर थी। इन देशों में गरीब-कमजोर मजदूर रहते हैं और सत्ता पर अल्पसंख्यक व्यापारियों, नौकरशाहों, राजनेताओं और फौजी अफसरों का नियंत्रण होता है। बनाना रिपब्लिक शब्दावली का प्रयोग प्रसिद्ध अमेरिकी कथाकार ओ’ हेनरी (O’ Henry) ने किया था। ओ’ हेनरी ने इसका इस्तेमाल उस विशेष स्थिति के लिए किया था जहाँ कुछ अमेरिकी कारोबारियों ने  कैरीबियन द्वीपों, मध्य अमेरिका तथा दक्षिण अमेरिका में अपनी चतुराई से भारी मात्रा में केला उत्पादक क्षेत्रों पर अपना एकाधिकार कर लिया। स्थानीय मजदूरों को कौड़ियों के भाव पर काम करवा कर केलों के उत्पादन को अमेरिका में भेजकर भारी लाभ उठाया।

पहला क्रिकेट टेस्ट मैच कब हुआ?

पहला आधिकारिक क्रिकेट टेस्ट मैच 15 मार्च 1877 को ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर हुआ। इसमें ऑस्ट्रेलिया की टीम 45 रन से जीती’ टेस्ट मैचों के सौ साल पूरे होने पर 12 से 17 मार्च 1977 को मेलबर्न में दोनों देशों के बीच हुए टेस्ट मैच में भी ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 45 रन से हराया।

नीम कड़वा क्यों होता है?

नीम के तीन कड़वे तत्वों को वैज्ञानिकों ने अलग किया है, जिन्हें निम्बिन, निम्बिडिन और निम्बिनिन नाम दिए हैं। सबसे पहले 1942 में भारतीय वैज्ञानिक सलीमुज़्ज़मा सिद्दीकी ने यह काम किया। वे बाद में पाकिस्तान चले गए थे। यह कड़वा तत्व ही एंटी बैक्टीरियल, एंटी वायरल होता है और कई तरह के ज़हरों को ठीक करने का काम करता है।

राजस्थान पत्रिका के नॉलेज कॉर्नर में 15 जुलाई, 2023 को प्रकाशित


 

 

Sunday, July 2, 2023

डकार क्या होती है और ये क्यों आती है?

डकार को अंग्रेजी में बर्पिंग, बेल्चिंग और इरक्टेशन (Eruction) वगैरह कहते हैं। यह मूलतः पेट के पाचन मार्ग से गैस या हवा का मुँह के रास्ते बाहर निकलना है। कंठ के पास मार्ग सँकरा होता है और यदि गैस ज्यादा हो तो एक आवाज निकलती है वही डकार है। प्रायः हम भोजन करते वक्त हवा या गैस बनाने वाली वस्तुओं का सेवन करते हैं, जिसके कारण अतिरिक्त हवा बाहर निकलती है। ऐसा कार्बोनेटेड पेय, सॉफ्ट ड्रिंक, बीयर और शैम्पेन वगैरह पीने के बाद भी होता है। पेय से निकली कार्बन डाई ऑक्साइड डकार के रूप में बाहर आती है। पेट में अल्सर या भोजन की एलर्जी होने पर खट्टी डकारें भी आती हैं। नवजात शिशुओं को दूध पिलाने के बाद उनके पेट में हवा जमा हो जाती है, उसे थपकी देकर निकाला जाता है। मनुष्यों को ही नहीं जानवरों को भी डकार आती हैं।

डैबिट और क्रेडिट कार्ड का अंतर

डैबिट कार्ड आपके बैंक खाते से जुड़ा होता है, जो आपकी ही रकम है। जब आप कहीं सामान खरीदते वक्त इसके मार्फत भुगतान करते हैं तो धनराशि आपके खाते से जाती है। इसके अलावा धारक एटीएम से निर्धारित राशि तक निकाल भी सकता है’ क्रेडिट कार्ड, ऋण-सुविधा है। जिस संस्था का कार्ड है वह ग्राहक को तयशुदा धनराशि तक की खरीदारी करने या कैश निकालने की अनुमति देती है। यह राशि बाद में जरूरी ब्याज सहित वापस ले ली जाती है। 

एचडी क्या होता है?

एचडी यानी हाई डेफिनीशन आमतौर पर तस्वीर के संदर्भ में प्रयुक्त होता है। कम्प्यूटर में वही तस्वीर ज्यादा स्पष्ट होती है जिसके एक फ्रेम का रिज़ॉल्यूशन यानी मैगापिक्सेल जितने ज्यादा हों, चित्र उतना ही स्पष्ट होता है। चित्र की यही बात वीडियो और टीवी पर लागू होती है।

राजस्थान पत्रिका के नॉलेज कॉर्नर में 1 जुलाई 2023 को प्रकाशित

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...