Showing posts with label देशों के नाम. Show all posts
Showing posts with label देशों के नाम. Show all posts

Sunday, July 19, 2026

मेक्सिको का पूरा नाम

उत्तरी और मध्य अमेरिका को जोड़ने वाले इस देश को मानचित्र पर आने के बाद से ही इसे किसी न किसी रूप में ‘मेक्सिको’ के नाम से जाना जाता रहा है। यह शब्द विश्व के पहले आधुनिक एटलस, थियोट्रम ऑर्बिस टेरारम के 1603 के अंग्रेजी संस्करण में भी मिलता है, लेकिन दो सदी से अधिक वर्षों के अपने इतिहास में, इस देश का आधिकारिक नाम कभी मेक्सिको नहीं रहा। इसके बजाय, अमेरिकी क्रांति से प्रेरित होकर, 1824 के देश के संविधान ने हिस्पानी भाषा में एस्टाडोस यूनिडोस मेक्सिकानोस, या संयुक्त मेक्सिकन राज्य (यूनाइटेड मेक्सिकन स्टेट्स) की स्थापना की। दो शताब्दियों के बाद भी, यही देश का आधिकारिक नाम है।

हाल के वर्षों में, देश के सरल नाम को अधिक प्रचलित और प्रचारित करने के प्रयास किए गए हैं। 2012 में, मैक्सिको के तत्कालीन राष्ट्रपति फेलिप काल्डेरोन ने देश के आधिकारिक नाम के रूप में ‘मेक्सिको’ को अपनाने का प्रस्ताव रखा। उस समय काल्डेरोन ने कहा था, ‘अब समय आ गया है कि हम मेक्सिकन अपनी मातृभूमि के नाम की सुंदरता और सरलता को पुनः प्राप्त करें: मेक्सिको, एक ऐसा नाम जिसका उपयोग हम गीत गाते समय करते हैं, एक ऐसा नाम जो हमें पूरी दुनिया में पहचान देता है और जिस पर हमें गर्व है।’ हालांकि, काल्डेरोन के इस प्रयास का कोई परिणाम नहीं निकला। वर्तमान में, राष्ट्रीय नाम, जो हर मेक्सिकन पासपोर्ट पर अंकित है, Mexico के साथ ‘Estados Unidos Mexicanos’ ही है।

इंटरेस्टिंग फैक्ट्स

Tuesday, August 12, 2025

एक से ज्यादा नामों वाले देश

 संविधान में देश के दो नाम हैं, भारत और इंडिया। हिंदुस्तान या हिंदुस्थान भी कहते हैं। पुराने ग्रंथों में जम्बूद्वीप नाम भी है। जापानी भाषा में देश का नाम ‘निप्पॉन’ या ‘निहोन’ है, यानी ‘सूर्य का उद्गम’। ‘जापान’ अंग्रेजी नाम है, जो संभवतः चीनी उच्चारण ‘रि-बेन’ से लिया गया है। आधिकारिक नाम ‘नीदरलैंड्स’, लेकिन दो प्रमुख प्रांतों (उत्तरी और दक्षिणी हॉलैंड) के कारण ‘हॉलैंड’ भी प्रचलित। ‘म्यांमार’ नाम, 1989 में सैन्य सरकार ने अपनाया। ‘बर्मा’ औपनिवेशिक काल का नाम था। औपनिवेशिक काल में श्रीलंका का नाम सीलोन था, जो 1972 के बाद से श्रीलंका है। हिंदी में चीन कहते हैं, पर चीनी भाषा में ‘चेंग ग्वो’, यानी ‘मध्य साम्राज्य’। ‘चायना’ अंग्रेजी में, जो संभवतः छिन वंश से प्रेरित है। कोरिया को कोरियाई भाषा में हानगुक’ कहते हैं। जर्मनी का जर्मन नाम ‘ड्यूशलैंड’ है। फ्रेंच में ‘आलमानी’ और रूसी में ‘निम्स्को’। अरबी भाषा में देश का नाम ‘मिस्र’ है। प्राचीन मिस्रवासी इसे ‘किमेट’ कहते थे, यानी ‘काली भूमि’ (नील नदी की मिट्टी के कारण)। ग्रीक भाषा में देश का नाम ‘हेलास’ है। फ़ारसी और तुर्की प्रभाव के कारण हम इसे ‘यूनान’ भी कहते हैं। ‘स्विस कॉनफेडरेशन’ का ‘हेल्वेटिया’ रोमन काल से लिया गया नाम है।

राजस्थान पत्रिका के नॉलेज कॉर्नर में 2 अगस्त, 2025 को प्रकाशित

 

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...