Showing posts with label हाइब्रिड पदार्थ. Show all posts
Showing posts with label हाइब्रिड पदार्थ. Show all posts

Saturday, February 7, 2026

पदार्थ, जो ठोस है और द्रव भी

वैज्ञानिकों ने हाल में पदार्थ की ऐसी नई अवस्था खोजी है, जिसमें ठोस और द्रव दोनों की विशेषताएँ हैं। इसे ‘हाइब्रिड’ अवस्था कहा जा रहा है, जहाँ कुछ परमाणु स्थिर रहते हैं (जैसे ठोस में) जबकि अन्य गतिशील रहते हैं (जैसे द्रव में)। यह खोज यूनिवर्सिटी ऑफ नॉटिंघम (यूके) और यूनिवर्सिटी ऑफ उल्म (जर्मनी) के शोधकर्ताओं ने की है, जो पिघले हुए धातु के नैनो-कणों पर आधारित है। यह अवस्था सामान्य ठोस-द्रव के बीच की है। इसकी मदद से इलेक्ट्रॉनिक्स और निर्माण उद्योग में नई चीजें बन सकती हैं। कुछ ऐसा ही पदार्थ ‘सुपरआयनिक आइस’ भी है, जिसमें ऑक्सीजन ठोस और हाइड्रोजन द्रव रूप में होती है। यह अवस्था सामान्य बर्फ से अलग है। इसे ‘काला और गर्म बर्फ’ भी कहते हैं, क्योंकि इसका रंग काला होता है और बहुत उच्च तापमान पर स्थिर रहता है। यह अवस्था पृथ्वी पर प्राकृतिक रूप से नहीं मिलती। इसके लिए करीब 20-60 जीपीए (गीगा पास्कल) दबाव की ज़रूरत होगी, जो पृथ्वी के वायुमंडलीय दबाव से लाखों गुना अधिक है। एक जीपीए लगभग 10,000 वायुमंडलीय दबाव के बराबर होता है। माना जा रहा है कि ब्रह्मांड में पानी इस अवस्था में मिलेगा।  

राजस्थान पत्रिका के नॉलेज कॉर्नर में 7 फरवरी 2026 को प्रकाशित

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...