Friday, October 11, 2013

भारत से किन किन लोगों को नोबेल पुरस्कार मिले हैं?

रोनाल्ड रॉस
भारत से किन किन लोगों को नोबेल पुरस्कार मिले हैं?
नोबेल सम्मान पाने वाले भारतीयों के नाम इस प्रकार हैः-
1902 रोनाल्ड रॉस            चिकित्सा                भारत में जन्मे विदेशी
1907 रुडयार्ड किपलिंग      साहित्य                  भारत में जन्मे विदेशी
1913 रवीन्द्रनाथ ठाकुर      साहित्य                  भारतीय नागरिक
1930 सीवी रामन             भौतिक विज्ञान        भारतीय नागरिक
1968 डॉ हरगोविन्द खुराना चिकित्सा               भारत में जन्मे अमेरिकी नागरिक
1979 मदर टेरेसा              शांति पुरस्कार         विदेश में जन्मीं, भारत में निवास
1983 सुब्रह्मण्यम चंद्रशेखर  भौतिक विज्ञान        भारत में जन्मे अमेरिकी नागरिक
1998 अमर्त्य सेन               अर्थशास्त्र                भारतीय नागरिक
2001 वीएस नाइपॉल         साहित्य                भारतीय मूल के ब्रिटिश नागरिक
2009 वेंकटरामन रामकृष्णन  रसायन शास्त्र       भारत में जन्मे अमेरिकी नागरिक

EVM यानी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन किसने बनाई और देश में इसका पहली बार कब इस्तेमाल किया गया ?
भारत में सन 1999 के लोकसभा चुनाव में आंशिक रूप से और 2004 के चुनाव में पूरी तरह से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन का इस्तेमाल किया गया था। उस चुनाव में 10 लाख से ज्यादा वोटिंग मशीनों का इस्तेमाल किया गया। वोटिंग मशीनें बनाने की कोशिशें उन्नीसवीं सदी से चल रहीं थीं। अमेरिका में वोटिंग मशीन का पेटेंट भी कराया गया था। वह वोटिंग मशीन इलेक्ट्रॉनिक मशीन नहीं थी। पंचिंग मशीन थी। भारत में चुनाव आयोग ने वोटिंग मशीन का निर्माण भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, बेंगलुरु और इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड, हैदराबाद की मदद से किया था। यों सन 1980 में पहली वोटिंग मशीन बनाई गई थी। पहली बार इसका इस्तेमाल सन 1981 में केरल के उत्तरी पारावुर विधानसभा क्षेत्र के 50 पोलिंग स्टेशनों पर किया गया था।

नवरात्र में षष्ठी का क्या महत्व है ?
षष्ठी से बंगाल में दुर्गा पूजा की शुरुआत होगी। उत्सव तब शुरू होता है, जब षष्ठी तिथि को बेटी (मां दुर्गा) मायके आती है। बेटी आएगी तो व्यस्तताएं भी बढ़ेंगी ही। नवरात्रि पूजन में छठे दिन कात्यायनी की पूजा होती है। माना जाता है कि महर्षि कात्यायन की तपस्या से प्रसन्न होकर देवी ने उनके घर पुत्री के रूप में जन्म लिया था।

क्या डांडिया खेलने की भी ट्रेनिंग होती है.. क्या अहमियत है इसकी..?
यह एक प्रकार का सामूहिक नृत्य है। पहले यह गुजरात तक सीमित था, पर हाल के वर्षों में इसका प्रचलन देशभर में हो गया है। कहा जाता है कि यह दुर्गा की पूजा से जुड़ा नृत्य है और इसमें लकड़ी की डंडियां तलवार की प्रतीक हैं। यह दुर्गा और महिषासुर के युद्ध को व्यक्त करता है। दूसरी ओर यह मान्यता भी है कि इसकी प्रेरणा भगवान कृष्ण की रासलीला से मिली है। मूलतः राधा-कृष्ण का नृत्य है। इसमें कदमों का संचालन और हाथ में डांडिया को अपने दोनों ओर के साथियों के साथ टकराने का अभ्यास करना होता है। यह सामान्य से प्रशिक्षण से सम्भव है। अब चूंकि यह काम फैंसी हो गया है इसलिए इसकी विशेष ट्रेनिंग भी होने लगी है।

तेलंगाना इलाके को तेलंगाना क्यों कहते हैं ?
भारत के आन्ध्र प्रदेश राज्य का एक क्षेत्र है, जिसे एक नया राज्य बनाने का फैसला हुआ है। इस इलाके में मान्यता है कि इस इलाके में लिंग के रूप में शिव तीन पर्वतों पर प्रकट हुए। ये हैं कालेश्वरम, मल्लिकार्जुन और द्राक्षाराम। ये पर्वत इस इलाके की सीमा बनाते हैं और इसीलिए इसे त्रिलिंग देश कहा जाता है जो तेलंगाना हो गया है। तेलुगू शब्द की उत्पत्ति भी इसी त्रिलिंग से है। यह पराधीन भारत के हैदराबाद नामक राजवाडे के तेलुगूभाषी क्षेत्रों से मिलकर बना है। 'तेलंगाना' शब्द का अर्थ है- 'तेलुगूभाषियों की भूमि' । तेलुगु शब्द का मूलरूप संस्कृत में "त्रिलिंग" है। इसका तात्पर्य आंध्र प्रदेश के श्रीशैल के मल्लिकार्जुन लिंग, कालेश्वर और द्राक्षाराम के शिवलिंग से है। इन तीनों सीमाओं से घिरा देश त्रिलिंगदेश और यहाँ की भाषा त्रिलिंग (तेलुगु) कहलाई।

तेनालीराम कौन थे?
तेनाली रामकृष्ण, तेनाली रामलिंगम या तेनाली राम तमिल, तेलुगु और कन्नड़ लोककथाओं का एक पात्र है। सोलहवीं सदी में दक्षिण भारत के विजयनगर राज्य में राजा कृष्णदेव राय हुआ करते थे। तेनालीराम उनके दरबार के कवि थे और वे अपनी समझ-बूझ और हास-परिहास के लिए प्रसिद्ध थे। उनकी खासियत थी कि गम्भीर से गम्भीर विषय को भी वह हंसते-हंसते हल कर देते थे। विजयनगर के राजा के पास नौकरी पाने के लिए उन्हें बहुत संघर्ष करना पड़ा। कई बार उन्हें और उनके परिवार को भूखा भी रहना पड़ा, पर उन्होंने हार नहीं मानी और कृष्णदेव राय के पास नौकरी पा ही ली। तेनालीराम की गिनती राजा कृष्णदेव राय के आठ दिग्गजों में होती थी।

क्या ज्योतिषशास्त्र को विज्ञान का दर्जा हासिल है?
अंतरिक्ष की संरचना और ग्रह-नक्षत्रों की गति का अध्ययन विज्ञान है। फलित ज्योतिष यानी ग्रह-नक्षत्रों के संचरण का हमारे जीवन पर प्रभाव का अध्ययन करने वाले शास्त्र का अध्ययन विज्ञान की परिभाषा में नहीं आता। भले ही गणना के लिए इस्तेमाल में आने वाला गणित विज्ञान हो।

रमैया वस्तावैया का क्या मतलब होता है?
रामैया वस्तावैया का मतलब है राम या रामैया, क्या तुम आ रहे हो? तेलगू के इन शब्दों का इस्तेमाल शैलेन्द्र और शंकर-जयकिशन ने किया और श्री 420 के मार्फत एक यादगार गीत बना दिया। कहते हैं कि कभी शैलेन्द्र ने अपनी हैदराबाद यात्रा के दौरान ये पंक्तियाँ सुनी थीं। उन्हें ये भा गईं और मौका लगने पर इन्हें इस गीत में पिरो दिया।

कार इंडस्ट्री में सबसे आगे कौन सा देश है? सबसे ज्यादा कारें किस देश में चलती हैं?

मोटरगाड़ियों के उत्पादन के विचार से अब दुनिया का नम्बर एक देश चीन है। पहले अमेरिका नम्बर एक देश होता था, फिर जापान आगे निकल गया। अब चीन सबसे आगे है जहाँ सन 2011 में एक करोड़ 81 लाख मोटरगाड़ियाँ बनाई गईं। जबकि उस साल अमेरिका में मात्र 86 लाख और जापान में 83 लाख। इसके बाद जर्मनी और दक्षिण कोरिया का नम्बर है जहाँ क्रमशः 63 लाख और 46 लाख गाड़ियाँ बनीं। इसके बाद भारत का नम्बर है जहाँ 39 लाख गाड़ियाँ बनीं। सड़क पर चलने वाली कारों की संख्या सबसे ज्यादा अमेरिका में ही होगी जहाँ प्रति हजार आबादी पर लगभग 800 कारें हैं। जापान में प्रति हजार की आबादी पर लगभग 600, चीन में 85 और भारत में 18 कारें हैं। 

Saturday, October 5, 2013

रेलवे की छोटी और बड़ी लाइन में क्या अंतर होता है?

रेलवे की छोटी और बड़ी लाइन में क्या अंतर होता है?
भारतीय रेलवे में तीन तरह की प‍टरियां बिछी हुई हैं, ये हैं- बड़ी लाइन (Broad guage) 1.67 मीटर 5 फुट 6 इंच। छोटी लाइन (Metre guage) 1.00 मीटर 3 फुट सवा तीन इंच, संकरी लाइन (Narrow guage)76.2 सेमी दो फुट 6 इंच। 61 सेमी दो फुट। इनमें से बड़ी लाइन की पटरियों का संजाल भारत के अधिकांश हिस्सों में फैला हुआ है। अधिकतर गा‍ड़ियां इसी पटरी पर चलती हैं। छोटी लाइन की पटरियां अब धीरे-धीरे कम होती जा रही हैं। शिमला, ऊटी, कांगड़ा, माथेरान में नैरो गेज गाड़ियाँ चलतीं हैं।
रैमन मैग्सेसे मैग्सायसाय कौन थे?
रेमन मैग्सायसाय पुरस्कार की स्थापना 1957 में हुई। इसका नामकरण फिलीपींस के राष्ट्रपति रेमन मैग्सायसाय के नाम पर हुआ, जिनकी 1957 में एक विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। यह पुरस्कार प्रतिवर्ष मैग्सेसे जयंती पर 31 अगस्त को लोक सेवा, सामुदायिक सेवा, पत्रकारिता, साहिग्त्य तथा सृजनात्मक कला और अंतर्राष्ट्रीय सूझबूझ के लिए प्रदान किया जाता है। यह पुरस्कार ग़ैर एशियायी संगठनों, संस्थानों को भी एशिया के हित में कार्य करने के लिए दिया जा सकता है। भारत के विनोबा भावे, मदर टेरेसा, सत्जित राय, वर्गीज कुरियन, एमएस सुब्बुलक्ष्मी, एमएस स्वामीनाथन, चंडी प्रसाद भट्ट, बाबा आम्टे, अरुण शौरी, टीएन शेषन, महाश्वेता देवी, किरन बेदी, जेएम लिंग्दोह जैसे अनेक महत्वपूर्ण व्यक्तियों को मिल चुका है।
क्रिस्टल माला या क्रिस्टल का क्या महत्व है?
क्रिस्टल को हिन्दी में स्फटिक कहते हैं। स्फटिक एक रंगहीन, पारदर्शी, निर्मल और शीत प्रभाव वाला उपरत्न है। इसको कई नामों से जाना जाता है, जैसे- 'सफ़ेद बिल्लौर', अंग्रेज़ी में 'रॉक क्रिस्टल', संस्कृत में 'सितोपल', शिवप्रिय, कांचमणि और फिटक आदि। क्रिस्टल हमें कई रूप में मिलते हैं। जैसे नमक, चीनी और फिटकरी। पर हम जिस क्रिस्टल की बात कर रहे हैं वह काँच जैसा प्रतीत होता है, परंतु यह काँच की अपेक्षा अधिक दीर्घजीवी होता है। स्फटिक को नग के बजाय माला के रूप में पहना जाता है। स्फटिक माला को भगवती लक्ष्मी का रूप माना जाता है। स्फटिक की रासायनिक संरचना सिलिकॉन डाइऑक्साइड है। तमाम क्रिस्टलों में यह सबसे अधिक साफ और ताकतवर है। इसकी प्रतिमाएं भी बनती हैं। गणेश की मूर्ति का महत्व अधिक माना जाता है। इसे ऊर्जा का स्रोत माना जाता है और प्रकाश से भरपूर क्रिस्टल का प्रयोग सदियों से प्राण ऊर्जा को विकसित करने तथा नकारात्मक भावनाओं, वातावरण एवं रोगों से बचने के लिए विविघ तरीकों से करते रहे हैं। स्फटिक चिकित्सा ( Crystal Healing ) एक अलग चिकित्सा पद्धति के रूप में फैलती जा रही है। यह कुदरती पदार्थ दो प्राकृतिक तत्वों ऑक्सीजन व सिलिकॉन के मिश्रण से बना है। जब यह दोनों तत्व गर्मी और भारी दबाव के साथ भूगर्भ में एक साथ जुडते हैं तो कुदरती स्फटिक का निर्माण होता है। प्राकृतिक स्फटिक के निर्माण में कई सौ वर्ष लग जाते हैं।
मनी प्लांट क्या सच में घर में पैसे लाने वाला पौधा होता है?
मनी प्लान्ट का वानस्पतिक नाम : एपिप्रेम्नम ओरियम (Epipremnum aureum), दक्षिणपूर्व एशिया (मलेशिया, इण्डोनेशिया) और ऑस्ट्रेलिया में काफी मिलने वाला लता रूप में फैलने वाला पौधा है। इसकी पत्तियाँ सदा हरी रहतीं हैं। ये तने पर एकान्तर क्रम में लगी होती हैं और हृदय जैसी आकृति वाली होती हैं। इसके पत्ते सिक्कों जैसे लगते हैं इसलिए इसका नाम मनीप्लांट हो गया। यह सुन्दर लगता है, भाग्यशाली माना जाता है जैसे बोंसाई और बाँस के पौधों को माना जाता है।
राम ने सीता के स्वयंवर में जो धनुष उठाया था उसकी क्या विशेषता थी?
शिवधनुष शंकर जी का प्रिय धनुष था जिसका नाम पिनाक था। इस धनुष पर प्रत्यंचा चढ़ाना इसलिए खास था क्योंकि यह धनुष स्वयं शिव का था और बहुत अधिक वजनी था। धनुष के वजन के संबंध में तुलसीदास ने लिखा है कि स्वयंवर में उपस्थित हजारों राजा एक साथ मिलकर भी उस धनुष को हिला तक नहीं पाए थे। वहीं श्रीराम ने शिव धनुष को खेल ही खेल में प्रत्यंचा चढ़ाने के लिए उठाकर तोड़कर दिया और सीता ने श्रीराम को वरमाला पहना दी। स्वयंवर में इतनी कठिन शर्त क्यों रखी गई, इसके पीछे कई कथाएं प्रचलित हैं: शास्त्रों के अनुसार विश्वकर्मा ने दो दिव्य धनुष बनाए थे एक विष्णु के लिए और एक शिव के लिए। शिव ने इस धनुष से एक दैत्य का संहार किया और इसे परशुराम को भेंट में दिया था। परशुराम ने इस धनुष को जनक के पूर्वज देवराज के यहां रखवा दिया था। जब राजा जनक के यहां सीता आई और सीता बचपन में सीता धनुष को उठाकर खेलती थी। यह देखकर जनक समझ गए कि सीता कोई साधारण कन्या नहीं है अत: इसका विवाह भी किसी असाधारण वर से किया जाना उचित है। रामायण के अनुसार राजा जनक को खेतों में हल जोतते समय एक पेटी से अटका। इन्हें उस पेटी में पाया था। हल को संस्कृत मे 'सीत' कहने के कारण इनका नाम सीता पडा। इसी वजह से जनक ने सीता के स्वयंवर के समय इस धनुष को रखा
भारत सोने की चिड़िया कब था? अब क्यों नहीं है?
ईसा से 300 से कुछ ज्यादा साल पहले भारत में चंद्रगुप्त मौर्य का शासन था। उनके शासन से लेकर उनके पौत्र सम्राट अशोक तक के समय को भारत का श्रेष्ठ समय कह सकते हैं। अपने समय में दुनिया के महानतम सम्राट हुए हैं। अशोक ने स्वतंत्रता, समता, न्याय पर आधारित सामाजिक व्यवस्था का निर्माण किया। उनके राज्य में ही भारत को सोने की चिड़िया कहा जाता था। नोबल पुरस्कार विजेता डॉ. अमर्त्य सेन के अनुसार अशोक के समय में दुनिया की अर्थव्यवस्था में भारत की भागीदारी 35% थी। भारत की समृद्धि कमोबेश जारी रही और पंद्रहवीं शताब्दी मे विश्व की पूरी अर्थव्यवस्था का पाँचवॉ हिस्सा भारत मे था। देश में मौजूद 18 हजार टन सोने का भंडार इस बात का सबूत है कि भारत आज भी सोने की चिड़िया है।
नवरात्रि के नौ दिन किन-किन रंगों का महत्व है?
नवरात्रि का अर्थ नौ रातें होता है। इन नौ रातों में तीन देवी पार्वती, लक्ष्मी और सरस्वती के नौ रुपों की पूजा होती है जिन्हें नवदुर्गा कहते हैं। देवी दुर्गा के नौ स्वरुप हैं-1. शैलपुत्री 2.ब्रह्मचारिणी 3. चंद्रघंटा 4. कुष्मांडा 5.स्कंदमाता 6.कात्यायनी 7. कालरात्रि 8. महागौरी 9. सिद्धिदात्री। पर्वतराज हिमालय की पुत्री होने के कारण दुर्गा को शैलपुत्री कहा जाता है। ब्रह्मचारिणी अर्थात जब उन्होंने तपश्चर्या द्वारा शिव को पाया था। चंद्रघंटा अर्थात जिनके मस्तक पर चंद्र के आकार का तिलक है। ब्रह्मांड को उत्पन्न करने की शक्ति प्राप्त करने के बाद उन्हें कुष्मांडा कहा जाने लगा। उनके पुत्र कार्तिकेय का नाम स्कंद भी है, इसीलिए वे स्कंद की माता कहलाती हैं। यज्ञ की अग्नि में भस्म होने के बाद महर्षि कात्यायन की तपस्या से प्रसन्न होकर उन्होंने उनके यहां पुत्री रूप में जन्म लिया था, इसीलिए वे कात्यायनी कहलाती हैं। वे काल अर्थात हर तरह के संकट का नाश करने वाली हैं, इसीलिए कालरात्रि कहलाती हैं। उनका वर्ण पूर्णत: गौर अर्थात गौरा (श्वेत) है, इसीलिए वे महागौरी कहलाती हैं। जो भक्त उनके प्रति समर्पित रहता है, उसे वे हर प्रकार की सिद्धि दे देती हैं, इसीलिए उन्हें सिद्धिदात्री कहा जाता है। नवरात्रि का पर्व वर्ष में दो बार मनाया जाता है। एक चैत्र माह में, तो दूसरा आश्विन माह में जिसे शारदीय नवरात्रि कहा जाता है। आश्विन महीने की नवरात्र में रामलीला, रामायण, भागवत पाठ, अखंड कीर्तन जैसे सामूहिक धार्मिक अनुष्ठान होते है। दुर्गा की पूजा में लाल रंग के फूलों का बहुत महत्व है। गुलहड़ के फूल उन्हें प्रिय माने जाते हैं। इसके अलावा बेला, कनेर, केवड़ा, चमेली, पलाश, तगर, अशोक, केसर, कदंब के पुष्पों से भी पूजा की जा सकती है
उम्रकैद और ताउम्र कैद की सज़ा में क्या फर्क है?
भारत के सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के अनुसार दोनों एक हैं। एक समय तक हमारे यहाँ माना जाता था कि उम्रकैद के माने हैं 14 साल। पर पिछले साल नवम्बर में अदालत ने स्पष्ट किया कि उम्रकैद माने हैं व्यक्ति का मृत्यु पर्यंत जेल में रहना। अलबत्ता सरकार व्यक्ति के अच्छे आचरण और अपराध को देखते हुए उसे पहले भी रिहा कर सकती है, पर यह रिहाई भी 14 साल से पहले नहीं होगी।
जी-20 क्या है..? भारत का इसमें अब तक क्या रोल रहा है?

जी-20 या ग्रुप ऑफ ट्वेंटी 20 अगस्त 2003 में बना था। यह उस साल कानकुन मैक्सिको में हुए विश्व व्यापार संगठन के पाँचवें मंत्रिस्तरीय सम्मेलन के पहले बना था। उसके पहले भारत, दक्षिण अफ्रीका और ब्राजील ने मिलकर एक घोषणापत्र पर हस्ताक्षर किए थे, जिसमें कहा गया था कि विकसित देश संरक्षणवादी तरीके अपना रहे हैं। 20 अगस्त 2003 को कानकुन में बीस देशों ने एक घोषणापत्र पर हस्ताक्षर किए थे जो जी-20 का आधार बना। इस समय इस ग्रुप में 23 देश शामिल हैं। इनमें अमेरिका, कनाडा, भारत, चीन, जापान, ब्राजील, अर्जेंटीना, रूस, तुर्की, जर्मनी, दक्षिण कोरिया, इंडोनेशिया, मैक्सिको, दक्षिण अफ्रीका, फ्रांस, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, सऊदी अरब, इटली और यूरोपियन यूनियन सहित बीस भागीदार थे। भारत की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है। 

Saturday, September 28, 2013

मेट्रो की बत्तियाँ गुल क्यों हो जाती हैं?

मेट्रो में सफर करते समय मैंने एक बात पर गौर किया है कि करौलबाग पहुंचते ही मेट्रो कोच की बत्तियाँ गुल हो जाती हैं ,ऐसा क्यों ? –दिलीप

आपके सवाल का सही जवाब तो मेट्रो के अधिकारी ही दे सकते हैं, पर यदि यह बत्ती गुल होना किसी एक खास जगह होता है तो इसका कारण पावर न्यूट्रल जोन है। रेलवे की लाइनों के ऊपर चलने वाले बिजली के तारों को एक से ज्यादा स्रोतों से बिजली मिलती है। ऐसे में एक सब स्टेशन से दूसरे सब स्टेशन की लाइन शुरू होती है, तब थोडी सी दूरी तक ऊपर करेंट नहीं होता। इसे पावर न्यूट्रल जोन कहते हैं। यहाँ गाड़ी रुकती नहीं है, क्योंकि अपनी गति से बढ़ती जाती है। चूंकि पावर सोर्स खत्म हो जाता है तब बत्ती गुल हो जाती है और केवल बैटरी पर आधारित लाइट जली रह जाती है। ऐसा रेलवे लाइनों में भी होता है। दिल्ली मेट्रो की अलग-अलग लाइनों में यह कहीं न कहीं होता होगा।

स्थगन प्रस्ताव क्या होता है? संसद क्यों, और एक दिन में कितनी बार स्थगित हो सकती है? –राखी

हमारी संसद के दोनों सदनों के नियमों में सार्वजनिक महत्‍व के मामले बिना देरी किए उठाने की कई व्‍यवस्‍थाएं हैं, इनमें कार्य स्थगन प्रस्ताव भी है। इसके द्वारा लोक सभा के नियमित काम-काज को रोककर तत्‍काल महत्‍वूपर्ण मामले पर चर्चा कराई जासकती है। इसके अलावा कई और तरीके हैं जैसे कि ध्‍यानाकर्षण, आपातकालीन चर्चाएं, विशेष उल्‍लेख, प्रस्‍ताव (मोशन), संकल्‍प, अविश्‍वास प्रस्‍ताव, निंदा प्रस्‍ताव वगैरह। आपने यह भी पूछा है कि दिन में कितनी बार सदन स्थगित हो सकता है। यह परिस्थितियों पर निर्भर करता है।

पुनर्विचार याचिका क्या है? – मधु
भारतीय संविधान के अनुच्छेद 137 और 145 के तहत अपीलीय अदालतों यानी हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के निर्णयों के बारे में कोई पक्ष पुनर्विचार याचिका दायर कर सकता है। यह याचिका अदालत के निर्णय के बाद तीस दिन के भीतर दाखिल की जानी चाहिए। पुनर्विचार याचिका खारिज होने के बाद भी वह पक्ष उपचार याचिका या क्यूरेटिव पेटीशन दाखिल कर सकते है।

संसद की कार्यवाही में किसी भाषण के समय कुछ चीजें रिकॉर्ड से बाहर क्यों कर दी जाती है? –ज़ोया
यह संसद का अधिकार है कि वह कुछ खास शब्दों, अभिव्यक्तियों, विचारों या घटनाओं को आधिकारिक दस्तावेजों में नहीं रखना चाहती तो उसे रिकार्ड से बाहर कर दे। इस अधिकार का इस्तेमाल सामान्यतः पीठासीन अधिकारी के माध्यम से होता है।

नेशनल म्यूज़ियम दिल्ली में हम क्या कुछ देख सकते हैं ? –अभिषेक
दिल्ली का नेशनल म्यूजियम देश के सबसे बड़े संग्रहालयों में से एक है। इसकी स्थापना 1949 में हुई थी। इसमें प्रागैतिहासिक काल से लेकर आधुनिक युग तक के लगभग 5000 साल के कालखंड की दो लाख कलाकृतियाँ तथा अन्य वस्तुएं रखी गईं है। यानी मोहेन-जोदाड़ो की वस्तुओं से लेकर गांधार कला की कृतियाँ और हाल के वर्षों तक की चीजें रखी हैं। इसका संचालन भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत होता है।
रानी पद्मिनी कौन थी ,वे इतिहास में क्यों और किस घटना के लिए याद की जाती है?- केवल

रानी पद्मिनी, चित्तौड़ की रानी थी। सिंहल द्वीप के राजा गंधर्व सेन और रानी चंपावती की बेटी पद्मिनी चित्तौड़ के राजा रतनसिंह के साथ ब्याही गई थी। रानी पद्मिनी बहुत खूबसूरत थी और उनकी खूबसूरती पर एक दिन दिल्ली के सुल्तान अलाउद्दीन खिलजी की बुरी नजर पड़ गई। अलाउद्दीन किसी भी कीमत पर रानी पद्मिनी को हासिल करना चाहता था, इसलिए उसने चित्तौड़ पर हमला कर दिया। रानी पद्मिनी ने आग में कूदकर जान दे दी, लेकिन अपनी आन-बान पर आँच नहीं आने दी। जनश्रुति है कि सन 1303 में चित्तौड़ के लूटने वाले अलाउद्दीन खिलजी की कामना रानी पद्मिनी को पाने की थी। श्रुति यह है कि उसने दर्पण में रानी की प्रतिबिंब देखा था और उसके सम्मोहित करने वाले सौंदर्य को देखकर अभिभूत हो गया था। लेकिन रानी ने लज्जा को बचाने के लिए जौहर करना बेहतर समझा। इनकी कथा कवि मलिक मुहम्मद जायसी ने अवधी भाषा में पद्मावत ग्रंथ रूप में लिखी है।

जेट लैग क्या होता है ? –वैभव

जेट लैग एक मनो-शारीरिक दशा है, जो शरीर के सर्केडियन रिद्म में बदलाव आने के कारण पैदा होती है। इसे सर्केडियन रिद्म स्लीप डिसॉर्डर भी कहते हैं। इसका कारण लम्बी दूरी की हवाई यात्रा खासतौर से पूर्व से पश्चिम या पश्चिम से पूर्व एक टाइम ज़ोन से दूसरे टाइम ज़ोन की यात्रा होती है। अक्सर शुरुआत में नाइट शिफ्ट पर काम करने आए लोगों के साथ भी ऐसा होता है। आपका सामान्य जीवन एक खास समय के साथ जुड़ा होता है। जब उसमें मूलभूत बदलाव होता है तो शरीर कुछ समय के लिए सामंजस्य नहीं बैठा पाता। अक्सर दो-एक दिन में स्थिति सामान्य हो जाती है। इसमें सिर दर्द, चक्कर आना, उनींदा रहना, थकान जैसी स्थितियाँ पैदा हो जाती है।
आरक्षण क्या है ? क्या ये ज़रूरी है ? –महेंद्र कुमार
आरक्षण का मतलब है किसी जगह, पद में किसी के लिए जगह सुरक्षित करना। आपका आशय सेवाओं और शिक्षा में आरक्षण से है। इसकी जरूरत तब पड़ती है जब किसी कारण से पीछे रह गए वर्ग विशेष को ताकत देना। भारत में अजा-जजा तथा शिक्षा और सामाजिक रूप से पिछड़े वर्गों के लिए आरक्षण की व्यवस्था है। इसी प्रकार महिलाओं के लिए जन-प्रतिनिधि सदनों में आरक्षण की बात भी है, पर वह हो नहीं पाया है। मेरी समझ से पिछड़े तबकों के लिए आरक्षण व्यवस्था होनी चाहिए।

 
UGC नेट की परीक्षा जनसंचार और पत्रकारिता विषय में देना चाहता हूँ। किन किताबों को और कैसे तैयारी करूँ? –मयूर
सबसे पहला सुझाव यही है कि आप अपना सामान्य अध्ययन अच्छा रखें। पत्रकारिता के सिद्धांत और व्यवहार, इतिहास, नैतिकता और कानून तथा जनसंचार से जुड़े तमाम सवाल केवल पाठ्य पुस्तकें पढ़ कर ही समझ में नहीं आते। फिर भी कुछ किताबों का सुझाव इस तरह है।1.Mass Communication Theory : Dennis Mcquail, Vistar Publications, New delhi. 2.Journalism : Concept, Approaches and Global Impact : Jaya Chakravarty, Sarup and sons, New Delhi, 3.भारत में समाचार पत्र क्रांतिः रॉबिन जेफ्री, भारतीय जनसंचार संस्थान, नई दिल्ली, जनसंचार सिद्धांत और अनुप्रयोगः विष्णु राजगढ़िया, राधाकृष्ण प्रकाशन

चेक बाउंस होने पर फाइन क्यों लगता है? क्या ये फाइन हर बार एक सा रहता है? –हरमिंदर
आपका आशय बैंक के फाइन से है। यह शुल्क तो बैंक इसलिए लेता है, क्योंकि वह उसे क्लियरिंग तक भेजता है और उसपर धनराशि नहीं मिलता। यह राशि अलग-अलग बैंक अलग-अलग लेते हैं। यों बार-बार यह गलती होने पर बैंक आपकी चेकबुक सुविधा वापस ले सकते हैं और खाता बंद भी कर सकते हैं। चेक बाउंस होने के अनेक कारण हो सकते हैं। मसलन खाते में पैसा नहीं है, तारीख गलत लिख दी गई है, खातेदार के हस्ताक्षर नहीं मिलते वगैरह। अलबत्ता जिसने यह चेक दिया है उसकी जिम्मेदारी है कि भुगतान करे। यदि वह चेक में बताई गई राशि का भुगतान नहीं करता तो उसके खिलाफ नेगोशिएबल इंस्ट्मेंट एक्ट की धारा 138 के तहत मुकदमा दायर किया जा सकता है जिसपर उसे सजा या जुर्माना कुछ भी हो सकता है। 

Monday, September 16, 2013

पेटेंट क्या है और यह किस प्रकार दिया जाता है?

पेटेंट क्या है और यह किस प्रकार दिया जाता है? बासमती चावल के पेटेंट का विवाद क्या था कृपया बताएं।
बौद्धिक सम्पदा अधिकार मस्तिष्क की उपज हैं और इनमे सबसे महत्वपूर्ण हैं - पेटेंट। पेटेंटी, पेटेंट का उल्लंघन करने वाले तरीके या उत्पाद के निर्माण को न्यायालय द्वारा रुकवा सकता है। ‘पेटेंट’ शब्द लैटिन से आया है। पुराने जमाने में शासको या सरकारों के द्वारा पदवी‚ हक‚ विशेष अधिकार पत्र के द्वारा दिया जाता है। आजकल पेटेंट शब्द का प्रयोग आविष्कारों के संबंध में होता है। इस तरह का प्रयोग पहली बार 15वीं शताब्दी के आस-पास आया। सर्वप्रथम, पेटेंट कानून जैसा इसे आज समझा जाता हैं, 14 मार्च, 1474 को वियना सिनेट के द्वारा को पारित किया गया। भारत में पहला पेटेंट सम्बन्धित कानून, 1856 में पारित अधिनियम था। तब से अब तक यह कई तरीके के बदलावों से गुजर चुका है। राइस टेक एक अमेरिकन कम्पनी है यह बासमती और टैक्समती के नाम से चावल बेच रही थी। 1994 में राइस टेक ने 20 तरह के बासमती चावल के लिए पेटेंट प्राप्त करने के लिए यूएस पेटेंट एण्ड ट्रेड आर्गेनाइजेशन (यूएसपीटीओ) में एक आवेदन पत्र दाखिल किया। यूएसपीटीओ ने 1997 में सभी पेटेंटों को मंजूर कर दिया। भारत ने अप्रैल 2000 में तीन पेटेंटों की पुन: परीक्षा के लिए एक आवेदन पत्र प्रस्तुत किया। राइसटेक ने इन तीन के साथ एक और पेटेंट को वापस ले लिया। बाद में राइसटेक से 11 अन्य पेटेंटों को भी वापस लेने के लिए भी कहा गया जो कि उसने वापस ले लिया। राइसटेक को पेटेंट का नाम भी बासमती राइस लाइन्स एंड ग्रेन्स से बदल कर बीएएस 867 आरटी 1121 और आरटी 117 करना पड़ा।

ब्लूचिप कंपनी क्या होती है ?
ब्लू चिप शब्द पोकर के खेल से आया है जिसमें कई रंग के बाज़ी लगाने वाले डिस्क होते है, जिन्हें चिप कहते हैं। पोकर के खेल में और कसीनो में नकदी की जगह इस्तेमाल होने वाले टोकनों में सबसे ज्यादा कीमत नीले डिस्क की होती है। मान लें सफेद चिप की कीमत 1 रुपया है, लाल का पाँच रुपया तो नीले की होगी 10 रुपया। यह शब्द शेयर बाजार में इस्तेमाल होता है तब माना जाता है श्रेष्ठ-मजबूत कंपनियों के शेयर। किसी कंपनी का ब्लू चिप होने का अभिप्राय यह है कि उसके शेयर निवेशकों के लिए पसंदीदा शेयर हैं। इस प्रकार की कंपनियों में सौदे भी काफी होते हैं, उतार-चढ़ाव भी काफी होता है और उनमें निवेशकों का आकर्षण भी खूब बना रहता है।ब्लू चिप का मतलब है राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त, सर्वसम्पन्न और स्थिर अर्थव्यवस्था वाली कंपनी। यह एक तरह से मापदंड होता है जिसमें किसी कंपनी को हम ब्लू चिप तभी कहते हैं जब वह ढलती अर्थव्यवस्था में भी सामान्य ढंग से व्यापार कर सके और मुनाफ़ा कमा सके।

शेयरों की कीमत कैसे घटती-बढती है? स्टॉक इंडेक्स या शेयर सूचकांक क्या है?
शेयर का सीधा सा अर्थ होता है हिस्सा। शेयर बाजार की भाषा में बात करें तो शेयर का अर्थ है कंपनियों में हिस्सा। उदाहरण के लिए एक कंपनी ने कुल 10 लाख शेयर जारी किए हैं। आप कंपनी के प्रस्ताव के अनुसार जितने अंश खरीद लेते हैं आपका उस कंपनी में उतने का मालिकाना हक हो गया जिसे आप किसी अन्य खरीददार को जब भी चाहें बेच सकते हैं। इस खरीद फरोख्त में शेयर के भाव बढ़ते और घटते हैं। 10 रु के शेयर की कीमत चार-पाँच सौ तक हो जाती है। इन कंपनियों के शेयरों का मूल्य शेयर बाजार में दर्ज होता है। सभी कंपनियों का मूल्य उनकी लाभदायक क्षमता के अनुसार कम-ज्यादा होता है। भारत में इस पूरे बाजार में नियंत्रण भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) का होता है। इसकी अनुमति के बाद ही कोई कंपनी अपना प्रारंभिक निर्गम इश्यू (आईपीओ) जारी कर सकती है। शेयर बाजार में लिस्टेड होने के लिए कंपनी को बाजार से लिखित समझौता करना पडता है, जिसके तहत कंपनी अपने हर काम की जानकारी बाजार को समय-समय पर देती रहती है, खासकर ऐसी जानकारियां, जिससे निवेशकों के हित प्रभावित होते हों। इन्हीं जानकारियों के आधार पर कंपनी का मूल्यांकन होता है और इस मूल्यांकन के आधार पर मांग घटने-बढ़ने से उसके शेयरों की कीमतों में उतार-चढाव आता है। अगर कोई कंपनी लिस्टिंग समझौते के नियमों का पालन नहीं करती, तो उसे डीलिस्ट करने की कार्रवाई सेबी करता है।

ऑटोग्राफ देने का रिवाज़ कैसे शुरू हुआ?
ऑटोग्राफ शब्द का अर्थ है हस्तलेख। ऑटोस यानी स्व और ग्राफो यानी लिखना। यानी जो आपने स्वयं लिखा है। पुराने वक्त में टाइपिंग या छपाई होती नहीं थी। केवल हाथ से लिखा जाता था, पर जो जो पत्र, दस्तावेज़ या लेख व्यक्ति स्वयं लिखता उसे ऑटोग्राफ कहते। ऐसा भी होता कि दस्तावेज़ कोई और लिखता और उसके नीचे उसे अधिकृत करने वाला अपने हाथ से अपना नाम लिख देता। यह नाम उसकी पहचान था। ऑटोग्राफ इस अर्थ में दस्तखत हो गया। किसी को याद रखने का सबसे अच्छा तरीका उसके हस्तलेख या ऑटोग्राफ हासिल करना भी हो गया। राजाओं, राष्ट्रपतियों, जनरलों, कलाकारों, गायकों वगैरह के दस्तखत अपने पास जमा करके रखने का चलन बीसवीं सदी में बढ़ा है। इस शौक को फिलोग्राफी कहते हैं।






Thursday, September 12, 2013

आपको याहू का पूरा नाम मालूम है?

याहू बड़ा विचित्र नाम है। इसे किसने स्थापित किया?



याहू डॉट कॉम की स्थापना अमरीका के स्टैनफ़र्ड विश्वविद्यालय में इलैक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में पीएचडी कर रहे दो छात्रों, डेविड फ़िलो और जैरी यांग ने 1994 में की थी। यह वेबसाइट जैरी ऐन्ड डेविड्स गाइड टू द वर्ल्ड-वाइड-वैब के नाम से शुरु हुई थी लेकिन फिर उसे एक नया नाम मिला, यट अनदर हाइरार्किकल ऑफ़िशियस ओरैकिल ("Yet Another Hierarchical Officious Oracle")। जिसका संक्षिप्त रूप बनता है याहू। इसमें हायरार्किकल से आशय है कि परत दर परत काम। जैरी और डेविड ने इसकी शुरुआत इंटरनेट पर अपनी व्यक्तिगत रुचियों के लिंकों की एक गाइड के रूप में की थी लेकिन फिर वह बढ़ती चली गई। फिर उन्होंने उसे श्रेणीबद्ध करना शुरु किया। जब वह भी बहुत लम्बी हो गई तो उसकी उप-श्रेणियां बनाईं। कुछ ही समय में उनके विश्वविद्यालय के बाहर भी लोग इस वेबसाइट का प्रयोग करने लगे। अप्रैल 1995 में सैकोया कैपिटल कम्पनी की माली मदद से याहू को एक कम्पनी के रूप में शुरू किया गया। इसका मुख्यालय कैलिफ़ोर्निया में है और यूरोप, एशिया, लैटिन अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा और अमेरिका में इसके कार्यालय हैं। comScore, Inc. के अनुसार जुलाई 2013 में याहू की वैबसाइट पर अमेरिका के विजिटरों की संख्या गूगल से ज्यादा थी।

तेरह की संख्या को खराब क्यों माना जाता है?

एक कारण यह है कि साल में बारह महीने, बारह चंद्रमा होते हैं। इसलिए 13 वाँ अनिश्चित और रहस्यमय मान लिया गया। तेरह को मूलतः ईसाई परम्परा में मनहूस माना जाता है। ईसाई इसे इसलिए अशुभ मानते हैं क्योंकि ईसा मसीह ने अपने अनुयायियों के साथ जो अंतिम भोज किया था उसमें जूडस समेत तेरह लोग थे। कहते हैं कि जूडस ने ईसा के साथ विश्वासघात किया जिसके फलस्वरूप ईसा को सूली चढ़ाया गया। चूंकि ईसा मसीह को शुक्रवार के दिन सूली पर चढ़ाया गया था इसलिए शुक्रवार को भी शुभ दिन नहीं माना जाता। शुक्रवार के दिन 13 तारीख़ पड़े तो उसे और भी अशुभ मानते हैं। संयोग से 13 सितम्बर 2013 को शुक्रवार है।  कई होटलों में 13 नम्बर के कमरे नहीं होते। बिल्डिंगों में तेरहवीं मंजिल नहीं होती। 12 के बाद 12-ए या सीधे 14 नम्बर आ जाता है। बहरहाल ऐसे लोग भी हैं, जिनके लिए 13 लकी नम्बर है।

दिल्ली राज्य कब बना और उसके पहले मुख्यमंत्री कौन थे?

दिल्ली की स्थिति देश में सबसे अलग है। केन्द्र शासित क्षेत्र होते हुए भी इसकी विधानसभा है और इसके शासन प्रमुख मुख्यमंत्री होते हैं। दिल्ली में सबसे पहले विधानसभा 17 मार्च 1952 को बनी थी। उस समय यहाँ के पहले मुख्यमंत्री थे चौधरी ब्रह्म प्रकाश। राज्यों के पुनर्गठन के बाद 1956 में इसे केन्द्र शासित क्षेत्र बना दिया और विधानसभा खत्म हो गई। इसके बाद 1991 में संविधान के 69 वें संशोधन के बाद 1993 में यहाँ विधानसभा की पुनर्स्थापना हुई। दिल्ली को नेशनल कैपिटल टैरिटरी बनाया गया। सन 1991 में भारतीय संसद में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र अधिनियम पास हुआ जिसके अधीन दिल्ली को राज्य का दर्जा मिला। केवल क़ानून और व्यवस्था केंद्र सरकार के हाथों में रही। ये अधिनियम 1993 में लागू हुआ और विधानसभा के चुनाव हुए जिसमें भारतीय जनता पार्टी विजयी रही और पहले मुख्यमंत्री बने मदन लाल खुराना।

लिपस्टिक का इतिहास क्या है? यह कैसे बनाई जाती है? इसमें लगी चीजें पेट में चले जाने से कोई नुक़सान तो नहीं होता?

लिपस्टिक या होठों को रंगने का काम सभ्यता के पहले से हो रहा है। प्राचीन मेसोपोटामिया में स्त्रियाँ कीमती रत्नों को पीसकर उनका लेप होठों पर लगाती थीं। सिंधु घाटी की सभ्यता और प्राचीन मिस्र की सभ्यता में भी होठों को सजाने की वस्तुएं मिलीं हैं। इस्लाम के स्वर्णयुग में अरबी हकीम और जर्राह अबू अल कासिम अल बहराबी ने खुशबूदार बत्तियाँ बनाईं जिनसे होंठ सजाए जाते। यूरोप में ईसाई चर्च होठों को सजाने के विरोधी थे। पर इंग्लैंड में 16 वीं सदी में एलिजाबेथ प्रथम अपने होंठ लाल रंग से रंगतीं थीं। धीरे-धीरे यूरोप ने भी इसे स्वीकार कर लिया।
लिपस्टिक में कई तरह के मोम, तेल, रंग और त्वचा को मुलायम बनाने वाले पदार्थ होते हैं। इन्हें बारीक पीसा जाता है, उसमें कई तरह के मोम और तेल, जिसमें पैट्रोलेटम भी शामिल है मिलाए जाते हैं और फिर उस घोल को गर्म किया जाता है। उसके बाद इसे धातु के खांचों में ढालकर ठंडा किया जाता है। जब लिप्स्टिक जम जाती है तो उसे आधा सेकेंड के लिए आग की लपट दिखाई जाती है जिससे वह चिकनी हो जाए। लिप्स्टिक शरीर के तापमान से पिधल न जाए इसके लिए सैट्ल ऐलकोहल मिलाया जाता है। लेकिन इसमें प्रयोग होने वाले रसायनों से कोई नुक़सान नहीं होता क्योंकि ये बहुत कम मात्रा में होते हैं।

मल्टी मीडिया क्या है?

मल्टी का मतलब है विविध और मीडिया का अर्थ है प्रसार माध्यम। यानी कई तरह के प्रसार माध्यमों को मल्टी मीडिया कहा जाता है। लेकिन मल्टी मीडिया शब्द का प्रयोग कम्प्यूटर के संदर्भ में अधिक होता है। मल्टी मीडिया उसे कहते हैं जिसमें लिखित शब्द, चित्र, ध्वनि, बोली, विडियो और कम्प्यूटर प्रोग्रामों में से दो या दो से ज़्यादा तत्व हों। रेडियो में ध्वनि और बोली का प्रयोग होता है, अख़बारों और पत्रिकाओं में लिखित शब्द और चित्र का और टेलिविज़न में लिखित शब्द, ध्वनि, बोली और चित्र का समावेश होता है। टेलिविज़न एकतरफ़ा माध्यम है, जबकि कम्प्यूटर का प्रयोग करने वाला इटर-एक्टिटी क्रिया प्रतिक्रिया कर सकता है, जब चाहे जैसे चाहे उसका उपयोग कर सकता है।

हरित क्रांति क्या है? इसका इतिहास क्या है? भारत से इसका सम्बन्ध क्या है?

दूसरे विश्वयुद्ध की समाप्ति के बाद जब विजयी अमरीकी सेना जापान पहुंची तो उसके साथ कृषि अनुसंधान सेवा के ऐस सिसिल सैल्मन भी थे। तब सबका ध्यान इस बात लगा कि जापान का पुनर्निर्माण कैसे हो। सैल्मन का ध्यान खेती पर था। उन्हें नोरिन-10 नामकी गेंहू की एक क़िस्म मिली जिसका पौधा कम ऊँचाई का होता था और दाना काफ़ी बड़ा होता था। सैल्मन ने इसे और शोध के लिए अमेरिका भेजा। तेरह साल के प्रयोगों के बाद 1959 में गेन्स नाम की क़िस्म तैयार हुई। अमेरिकी कृषि विज्ञानी नॉरमन बोरलॉग ने गेहूँ कि इस किस्म का मैक्सिको की सबसे अच्छी क़िस्म के साथ संकरण किया और एक नई क़िस्म निकाली।
उधर भारत में अनाज की उपज बढ़ाने की सख़्त ज़रूरत थी। भारत को बोरलॉग और गेहूं की नोरिन क़िस्म का पता चला। भारत में आईआर-8 नाम का बीज लाया गया जिसे इंटरनेशनल राइस रिसर्च इंस्टीट्यूट ने विकसित किया था। पूसा के एक छोटे से खेत में इसे बोया गया और उसके अभूतपूर्व परिणाम निकले। 1965 में भारत ने गेंहू की नई क़िस्म के 18 हज़ार टन बीज आयात किए। कृषि क्षेत्र में ज़रूरी सुधार लागू किए, कृषि विज्ञान केन्द्रों के माध्यम से किसानों को जानकारी उपलब्ध कराई, सिंचाई के लिए नहरें बनवाईं और कुंए खुदवाए, किसानों को दामों की गारंटी दी और अनाज को सुरक्षित रखने के लिए गोदाम बनवाए। देखते ही देखते भारत अपनी ज़रूरत से ज़्यादा अनाज पैदा करने लगा। नॉरमन बोरलॉग हरित क्रांति के प्रवर्तक माने जाते हैं लेकिन भारत में हरित क्रांति लाने का श्रेय कृषिमंत्री सी सुब्रमण्यम को भी जाता है। हरित क्रांति शब्द का सबसे पहले इस्तेमाल युनाइटेड स्टेट्स एजेंसी फॉर इंटरनेशनल डेवलपमेंट (यूएसएड) के पूर्व डायरेक्टर विलियम गॉड ने सन 1968 में किया।

सैटेलाइट फ़ोन क्या होता है और कैसे काम करता है?

सैटलाइट फ़ोन पृथ्वी की कक्षा में स्थित सैटेलाइटों के ज़रिए काम करता है इसलिए आप चाहे हिमालय पर हों, अंटार्कटिका में या दुनिया के किसी भी कोने में वह हर जगह काम करता है। ऐसे कोई 24 उपग्रह हैं जो पृथ्वी के हर क्षेत्र से जुड़े हैं। अभी तकनोलॉजी इतनी विकसित नहीं हो पाई है कि घर के भीतर से आप सैटलाइट फ़ोन पर बात कर सकें। इसके लिए आपको खुले स्थान में आना पड़ता है और एक डिश की सहायता से उपग्रह का सिग्नल लेना पड़ता है। जैसे ही सिग्नल मिल जाए आप दुनिया के किसी कोने से कहीं भी बात कर सकते हैं।

हाइड्रोग्राफ़िक सर्वे क्या है?

हाइड्रोग्राफ़िक सर्वे, समुद्र का वैज्ञानिक मानचित्र होता है। इसमें यह पता लगाया जाता है कि समुद्र की गहराई कितनी है, उसकी क्या आकृति है, उसका तल कैसा है, उसमें किस दिशा से और कितनी गति की धाराएं बहती हैं और उसमें कब और कितना ऊँचा ज्वार आता है। इसका उद्देश्य है नौसंचालन को सुरक्षित बनाना। समुद्र के अलावा झीलों और नदियों का भी हाइड्रोग्राफ़िक सर्वे किया जाता है लेकिन केवल उस स्थिति में जब इनमें जहाज़ चलते हों। भारत में 1 जनवरी 1954 को नेवल हाइड्रोग्राफिक ऑफिस देहरादून में खोला गया। भारत के पास इस समय देश में ही बने आठ सर्वे पोत हैं, चार सर्वे मोटर बोट और दो हैलिकॉप्टर हैं।
 
अमिताभ बच्चन की पहली फ़िल्म कौन सी थी? 

अमिताभ बच्चन ने सबसे पहले जिस फिल्म में काम किया उसमें उनका अभिनय नहीं सिर्फ आवाज थी। वह फिल्म थी मृणाल सेन की भुवन शोम, जिसमें उन्होंने दृश्य वर्णन या नैरेशन का काम किया। यह 1969 की बात है और उसी साल अभिनय के लिहाज से उनकी पहली फ़िल्म आई सात हिंदुस्तानी। इसे ख़्वाजा अहमद अब्बास ने लिखा और उन्होंने ही इसका निर्देशन किया। इसमें अलग अलग धर्मों के सात हिन्दुस्तानी गोआ को पुर्तगाली शासन से मुक्त कराने का प्रयास करते हैं। अमिताभ बच्चन ने अनवर अली अनवर नाम के एक शायर की भूमिका निभाई थी।

एफएमगोल्ड के कार्यक्रम बारिश सवालों की में शामिल

Wednesday, September 11, 2013

उल्का पिंड के कारण बनी थी महाराष्ट्र की लोनार झील



लोनार झील कहाँ है और इसकी विशेषता क्या है?

महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले के लोनार शहर में समुद्र तल से 1,200 मीटर ऊँची सतह पर लगभग 100 मीटर के वृत्त में फैली हुई है। इस झील का व्यास दस लाख वर्ग मीटर है। इस झील का मुहाना गोलाई लिए एकदम गहरा है, जो 100 मीटर की गहराई तक है। 50 मीटर की गहराई गर्द से भरी है। यह 5 से 8 मीटर तक खारे पानी से भरी हुई है। वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आकाशीय उल्का पिंड की टक्कर से के कारण यह झील बनी है। अनुमान है कि क़रीब दस लाख टन का उल्का पिंड यहाण गिरा था। क़रीब 1.8 किलोमीटर व्यास की इस झील की गहराई लगभग पांच सौ मीटर है। आज भी इस विषय पर शोध जारी है कि लोनार में जो टक्कर हुई, वो उल्का पिंड और पृथ्वी के बीच हुई या फिर कोई ग्रह पृथ्वी से टकराया था। बहरहाल वह शिलाखंड तीन हिस्सों में टूट चुका था और उसने लोनार के अलावा अन्य दो जगहों पर भी झील बना दी। पूरी तरह सूख चुकी अम्बर और गणेश नामक इन झीलों का अब विशेष महत्व नहीं है। स्मिथसोनियन इंस्टीट्यूट ऑफ़ वाशिंगटन, भारत और अमेरिका के भूगर्भ सर्वक्षण विभागों को प्रमाण मिले थे कि लोनर का निर्माण पृथ्वी पर उल्का पिंड के टकराने से ही हुआ था।

ऑटोग्राफ देने का रिवाज़ कैसे शुरू हुआ?

ऑटोग्राफ शब्द का अर्थ है हस्तलेख। ऑटोस यानी स्व और ग्राफो यानी लिखना। यानी जो आपने स्वयं लिखा है। पुराने वक्त में टाइपिंग या छपाई होती नहीं थी। केवल हाथ से लिखा जाता था, पर जो जो पत्र, दस्तावेज़ या लेख व्यक्ति स्वयं लिखता उसे ऑटोग्राफ कहते। ऐसा भी होता कि दस्तावेज़ कोई और लिखता और उसके नीचे उसे अधिकृत करने वाला अपने हाथ से अपना नाम लिख देता। यह नाम उसकी पहचान था। ऑटोग्राफ इस अर्थ में दस्तखत हो गया। किसी को याद रखने का सबसे अच्छा तरीका उसके हस्तलेख या ऑटोग्राफ हासिल करना भी हो गया। राजाओं, राष्ट्रपतियों, जनरलों, कलाकारों, गायकों वगैरह के दस्तखत अपने पास जमा करके रखने का चलन बीसवीं सदी में बढ़ा है। इस शौक को फिलोग्राफी कहते हैं।

पेटेंट क्या है और यह किस प्रकार दिया जाता है? बासमती चावल के पेटेंट का विवाद क्या था कृपया बताएं।

बौद्धिक सम्पदा अधिकार मस्तिष्क की उपज हैं और इनमे सबसे महत्वपूर्ण हैं - पेटेंट। पेटेंटी, पेटेंट का उल्लंघन करने वाले तरीके या उत्पाद के निर्माण को न्यायालय द्वारा रुकवा सकता है। ‘पेटेंट’ शब्द लैटिन से आया है। पुराने जमाने में शासको या सरकारों के द्वारा पदवी‚ हक‚ विशेष अधिकार पत्र के द्वारा दिया जाता है। आजकल पेटेंट शब्द का प्रयोग आविष्कारों के संबंध में होता है। इस तरह का प्रयोग पहली बार 15वीं शताब्दी के आस-पास आया। सर्वप्रथम, पेटेंट कानून जैसा इसे आज समझा जाता हैं, 14 मार्च, 1474 को वियाना सिनेट के द्वारा को पारित किया गया। भारत में पहला पेटेंट सम्बन्धित कानून, 1856 में पारित अधिनियम था। तब से अब तक यह कई तरीके के बदलावों से गुजर चुका है। राइस टेक एक अमेरिकन कम्पनी है यह बासमती और टैक्समती के नाम से चावल बेच रही थी। 1994 में राइस टेक ने 20 तरह के बासमती चावल के लिए पेटेंट प्राप्त करने के लिए यूएस पेटेंट एण्ड ट्रेड आर्गेनाइजेशन (यूएसपीटीओ) में एक आवेदन पत्र दाखिल किया। यूएसपीटीओ ने 1997 में सभी पेटेंटों को मंजूर कर दिया। भारत ने अप्रैल 2000 में तीन पेटेंटों की पुन: परीक्षा के लिए एक आवेदन पत्र प्रस्तुत किया। राइसटेक ने इन तीन के साथ एक और पेटेंट को वापस ले लिया। बाद में राइसटेक से 11 अन्य पेटेंटों को भी वापस लेने के लिए भी कहा गया जो कि उसने वापस ले लिया। राइसटेक को पेटेंट का नाम भी बासमती राइस लाइन्स एंड ग्रेन्स से बदल कर बीएएस 867 आरटी 1121 और आरटी 117 करना पड़ा।

शेयरों की कीमत कैसे घटती-बढती है? स्टॉक इंडेक्स या शेयर सूचकांक क्या है?

शेयर का सीधा सा अर्थ होता है हिस्सा। शेयर बाजार की भाषा में बात करें तो शेयर का अर्थ है कंपनियों में हिस्सा। उदाहरण के लिए एक कंपनी ने कुल 10 लाख शेयर जारी किए हैं। आप कंपनी के प्रस्ताव के अनुसार जितने अंश खरीद लेते हैं आपका उस कंपनी में उतने का मालिकाना हक हो गया जिसे आप किसी अन्य खरीददार को जब भी चाहें बेच सकते हैं। इस खरीद फरोख्त में शेयर के भाव बढ़ते और घटते हैं। 10 रु के शेयर की कीमत चार-पाँच सौ तक हो जाती है। इन कंपनियों के शेयरों का मूल्य शेयर बाजार में दर्ज होता है। सभी कंपनियों का मूल्य उनकी लाभदायक क्षमता के अनुसार कम-ज्यादा होता है। भारत में इस पूरे बाजार में नियंत्रण भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) का होता है। इसकी अनुमति के बाद ही कोई कंपनी अपना प्रारंभिक निर्गम इश्यू (आईपीओ) जारी कर सकती है। शेयर बाजार में लिस्टेड होने के लिए कंपनी को बाजार से लिखित समझौता करना पडता है, जिसके तहत कंपनी अपने हर काम की जानकारी बाजार को समय-समय पर देती रहती है, खासकर ऐसी जानकारियां, जिससे निवेशकों के हित प्रभावित होते हों। इन्हीं जानकारियों के आधार पर कंपनी का मूल्यांकन होता है और इस मूल्यांकन के आधार पर मांग घटने-बढ़ने से उसके शेयरों की कीमतों में उतार-चढाव आता है। अगर कोई कंपनी लिस्टिंग समझौते के नियमों का पालन नहीं करती, तो उसे डीलिस्ट करने की कार्रवाई सेबी करता है।

ब्लूचिप कंपनी क्या होती है ?

ब्लू चिप शब्द पोकर के खेल से आया है जिसमें कई रंग के बाज़ी लगाने वाले डिस्क होते है, जिन्हें चिप कहते हैं। पोकर के खेल में और कसीनो में नकदी की जगह इस्तेमाल होने वाले टोकनों में सबसे ज्यादा कीमत नीले डिस्क की होती है। मान लें सफेद चिप की कीमत 1 रुपया है, लाल का पाँच रुपया तो नीले की होगी 10 रुपया। यह शब्द शेयर बाजार में इस्तेमाल होता है तब माना जाता है श्रेष्ठ-मजबूत कंपनियों के शेयर। किसी कंपनी का ब्लू चिप होने का अभिप्राय यह है कि उसके शेयर निवेशकों के लिए पसंदीदा शेयर हैं। इस प्रकार की कंपनियों में सौदे भी काफी होते हैं, उतार-चढ़ाव भी काफी होता है और उनमें निवेशकों का आकर्षण भी खूब बना रहता है।ब्लू चिप का मतलब है राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त, सर्वसम्पन्न और स्थिर अर्थव्यवस्था वाली कंपनी। यह एक तरह से मापदंड होता है जिसमें किसी कंपनी को हम ब्लू चिप तभी कहते हैं जब वह ढलती अर्थव्यवस्था में भी सामान्य ढंग से व्यापार कर सके और मुनाफ़ा कमा सके।

मोबाइल सिम कार्ड आगे से क्रॉसकट क्यों होता है?


मोबाइल सिम कार्ड आगे से क्रॉसकट क्यों होता है?
यह सिर्फ एलाइनमेंट को ठीक रखने के लिए है। बाएं और दाएं कट के अलावा एक कट कर्णवत या डायगोनल होने से सिम और मोबाइल फोन की पिनें एक दूसरे से ठीक तरह से मिल जाती हैं। फोन के सॉकेट में भी वैसा ही कट होता है।

लोकतंत्र व गणतंत्र में क्या अंतर है ?
रोहित शर्मा, जयपुर
लोकतंत्र एक व्यवस्था का नाम है, जिसकी एक संवैधानिक व्यवस्था भी हो। जब शासन पद्धति पर यह लागू हो तो शासन व्यवस्था लोकतांत्रिक होती है। इसमें हिस्सा लेने वाले या तो आमराय से फैसले करते हैं और यदि ऐसा न हो तो मत-विभाजन से करते हैं। ये निर्णय सामान्य बहुमत से और कई बार ज़रूरी होने पर विशेष बहुमत से भी होते हैं। मसलन कुछ परिस्थितियों में दो तिहाई मत से भी निर्णय किए जाते हैं। गणतंत्र का अर्थ वह शासन पद्धति जहाँ राज्यप्रमुख का निर्वाचन सीधे जनता करे या जनता के प्रतिनिधि करें। यानी राष्ट्रप्रमुख वंशानुगत या तानाशाही तरीके से सत्ता पर कब्जा करके न आया हो। कुछ ऐसे देश भी हैं, जहाँ शासन पद्धति लोकतांत्रिक होती है, पर राष्ट्राध्यक्ष लोकतांत्रिक तरीके से नहीं चुना जाता। जैसे युनाइटेड किंगडम, जहाँ राष्ट्राध्यक्ष सम्राट होता है, जिसके परिवार के सदस्य ही राष्ट्राध्यक्ष बनते हैं। भारत में लोकतांत्रिक सरकार है और राष्ट्रपति का चुनाव होता है इसलिए यह गणतंत्रात्मक व्यवस्था है।

नक्सलवाद व आतंकवाद में क्या अंतर है ?
रोहित शर्मा, जयपुर 
rohit_dude58@yahoo.com
नक्सलवाद मोटे तौर पर भारत की मार्क्सवादी-लेनिनवादी पार्टी की विचारधारा के लिए प्रयुक्त होने वाला शब्द है। यह पार्टी नब्बे के दशक में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी से टूटकर बनी थी। नक्सल शब्द की उत्पत्ति पश्चिम बंगाल के छोटे से गाँव नक्सलबाड़ी से हुई है जहाँ भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेता चारू मजूमदार और कानू सान्याल ने 1967 मे सत्ता के खिलाफ़ एक सशस्त्र आंदोलन की शुरुआत की। मजूमदार चीन के कम्युनिस्ट नेता माओ जे दुंग के समर्थक थे। इन्हें "नक्सलवादी" कहा गया। यह आंदोलन बाद में कई छोटे-छोटे संगठनों में बँट गया।

आज कई नक्सली संगठन वैधानिक रूप से स्वीकृत राजनीतिक पार्टी बन गए हैं और संसदीय चुनावों में भाग भी लेते है। लेकिन बहुत से संगठन अब भी सशस्त्र आंदोलन चला रहे हैं। इनमें माओवादी संगठन हैं जिनका पुराने नक्सलवाद से सीधा सम्बन्ध नहीं है, पर अपनी हिंसक गतिविधियों के कारण वे नक्सलवादी माने जाते हैं। आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ, उड़ीसा, झारखंड, और बिहार इनके प्रभाव में हैं। आतंकवाद भी एक राजनीतिक विचारधारा है, जिसमें हिंसा और भय का सहारा लेकर व्यवस्था के खिलाफ लड़ाई लड़ते हैं। आतंकवाद के अनेक रूप हैं और दुनिया भर में कई तरह के संगठनों की रणनीति आतंक फैलाने की है। नक्सलवादी आंदोलन में हिंसा और भय का तत्व भी उसे आतंकवाद की ओर ले जाता है। पर कुछ पुराने नक्लवादी संगठन हिंसा की रणनीति त्याग कर संसदीय लोकतंत्र में शामिल हो गए हैं।

TRP क्या है और किस प्रकार काम करती है?
आशुतोष सोनी,ग्राम- कनवास, जिला- कोटा (राजस्थान)
ashutoshsoni7@gmail.com
टारगेट रेटिंग पॉइंट(टीआरपी) का उद्देश्य टेलीविज़न के दर्शकों की संख्या का अनुमान लगाना है। इसका सबसे प्रचलित तरीका है फ्रीक्वेंसी मॉनीटरिंग। कुछ सैम्पल घरों में पीपुल मीटर लगाए जाते हैं, जो टीवी पर देखे जा रहे कार्यक्रमों की फ्रीक्वेंसी दर्ज करते हैं। इसे डिकोड करके पता लगाया जाता है कि किस चैनल को कितना देखा गया। अब फ्रीक्वेंसी की जगह तस्वीर को रिकॉर्ड करने की तकनीक भी स्तेमाल में लाई जा रही है। भारत में इंडिया टेलीविज़न ऑडियंस मैज़रमेंट या इनटैम इस काम को करने वाली एजेंसी है। इसका उद्देश्य विज्ञापनदाताओं को यह बताना है कि किस चैनल की और किस कार्यक्रम की ज्यादा लोकप्रियता है।

मध्यमान सागर स्तर (मीन सी लेवल) क्या है?
त्रिलोक नायक, triloknayak07@gmail.com

आप जानते ही हैं कि सागर का स्तर समान नहीं रहता। ज्वार-भाटा के साथ बढ़ता या घटता है। मध्यमान सागर स्तर का मतलब है सागर की सतह का औसत स्तर। यानी ज्वार के उच्चतम स्तर और भाटा के निम्नतम स्तर के बीच की स्थिति।

एक क्यूसेक में कितने लीटर होते हैं?
हरीश, सीकर

क्यूसेक बहते पानी या तरल का पैमाना है और लिटर स्थिर तरल का। क्यूसेक माने होता है क्यूबिक फीट पर सेकंड। यानी एक फुट चौड़े, एक फुट लम्बे और एक फुट गहरे स्थान से क सेकंड में जितना पानी निकल सके। सामान्यतः एक क्यूसेक में 28.317 लिटर पानी होता है।

भारत में मेट्रो का इतिहास क्या है? इसके बारे में जानकारी दें।sukhram5694@gmail.com
भारत में सबसे पहले मेट्रो गाड़ी कोलकाता में शुरू हुई। कोलकाता मेट्रो भूमिगत रेल प्रणाली है, जिसे सोवियत संघ की मदद से शुरू किया गया था। यह भारतीय रेलवे के अंतर्गत आती है और इसे मंडलीय रेलवे का स्तर प्रदान किया गया है। 1984 में शुरू हुई यह भारत की प्रथम भूमिगत एवं मेट्रो प्रणाली थी। इसके बाद दिल्ली मेट्रो 2002 में आरंभ हुई थी। दिल्ली मेट्रो रेल दिल्ली मेट्रो रेल निगम कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) द्वारा संचालित है। 24 दिसंबर 2002 को शाहदरा- तीस हजारी लाइन से इसकी शुरूआत हुई। प्रारंभिक योजना यह छह मार्गों पर चलाई गई, जो दिल्ली के ज्यादातर हिस्से को जोड़ते थे। इस प्रारंभिक चरण को 2006 में पूरा किय़ा गया। बाद में इसका विस्तार राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से सटे शहरों गाजियाबाद, फरीदाबाद, गुड़गाँव और नोएडा तक किया गया। इस परिवहन व्यवस्था की सफलता से प्रभावित होकर भारत के दूसरे राज्यों में भी इस पर काम चल रहा है जैसे जयपुर, मुम्बई, बेंगलुरू, हैदराबाद, चेन्नई, कोच्चि वगैरह। बेंगलुरू मेट्रो शुरू भी हो गई है।

क्रिकेट खिलाड़ियों की ड्रेस पर शर्ट पीछे लिखे नम्बर का क्या मतलब है?
अंकित मौर्य, ललित बडेरा ru9lalit@gmail.com
फुटबॉल और हॉकी जैसे खेलों में परम्परा से खिलाड़ियों की जर्सी पर लिखे नम्बरों से उनकी पोज़ीशन का पता लगता था। जैसे कि गोली का नम्बर 1 होता था, फुलबैक का 2 और हाफ बैक का 3 वगैरह। पर धीरे-धीरे मैच के दौरान इतने बदलाव होने लगे और खिलाड़ियों की पोज़ीशन तेजी से बदलने लगीं कि वह व्यवस्था चल नहीं पाई। अलबत्ता नम्बर होने से खिलाड़ी को पहचानना आसान होता है, इसलिए प्रतियोगिताओं में जर्सी नम्बर दिए जाते हैं। क्रिकेट में जर्सी नम्बर नहीं होते थे। हाँ क्रिकेट में टेस्ट क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ियों को नम्बर देने की परम्परा है। जैसे कि 15 मार्च 1887 को इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए पहले टेस्ट मैच के खिलाड़ी टॉमस आर्मिटेज इंग्लैंड के नम्बर एक टेस्ट खिलाड़ी हैं। यह नम्बर उन्हें अकारादिक्रम में ए से नाम होने के कारण मिला। इसी तरह 20 अगस्त 2009 को इंग्लैंड की टीम में शामिल हुए जोनाथन ट्रॉट इंग्लैंड के 645 नम्बर के टेस्ट खिलाड़ी थे। प्रायः यह संख्या टेस्ट खिलाड़ी की टोपी या कमीज पर बने टीम के चिह्न के नीचे लिखी जाती थी। यह बहुत छोटे अक्षरों में होती थी और दूर से पढ़ी भी नहीं जाती थी। पीठ के पीछे लिखी संख्याएं 1995-96 में ऑस्ट्रेलिया में पहली बार शुरू हुई वर्ल्ड सीरीज़ एकदिनी क्रिकेट के दौरान इस्तेमाल में लाईं गईं। खेल को रोचक बनाने का क तरीका यह भी था। इसमें खिलाड़ियों को नम्बर दिए जाते थे और कई बार खिलाड़ी अपनी पसन्द का नम्बर खुद चुनते। खिलाड़ियों के नाम भी पीठ पर लिखे जाने लगे। विश्व कप क्रिकेट में खिलाड़ियों के नम्बरों का पहला इस्तेमाल 1999 के विश्व कप से शुरू हुआ। इसमें कप्तान 1 नम्बर की जर्सी पहनते और शेष खिलाड़ियों को 2 से 15 तक के नम्बर मिलते। पर इसमें भी कोई नियमितता नहीं थी। मसलन दक्षिण अफ्रीका के कप्तान हैंसी क्रोन्ये 5 नम्बर की जर्सी पहनते और ओपनर गैरी कर्स्टन 1 नम्बर की। अब यह फैशन में भी है। कुछ जर्सी नम्बर मशहूर हैं जैसे सचिन तेन्दुलकर का 10, महेन्द्र सिंह धोनी का 7 या क्रिस गेल का 333।




































Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...