Sunday, January 8, 2017

डिग्री और डिप्लोमा में अंतर क्या है?

भारत में सामान्यतः एक शैक्षिक कार्यक्रम को सभी परीक्षणों के बाद सफलता के साथ पूरा करने के बाद दिया गया प्रमाणपत्र डिग्री है। स्नातक स्तर या उससे ऊपर की उपाधि विश्वविद्यालय देते हैं। उससे नीचे के कोर्स विभिन्न संस्थाएं देती हैं। विश्वविद्यालयों के अलावा कुछ दूसरे मान्यता प्राप्त संगठन भी शैक्षिक प्रमाणपत्र देते हैं। इन्हें डिप्लोमा कहते हैं। इसका अर्थ भी शैक्षिक कार्यक्रम को पूरा करने के बाद दिया गया प्रमाणपत्र है। इनका स्तर भी स्नातक या स्नातकोत्तर हो सकता है। पर यदि उनका गठन विश्वविद्यालय के रूप में नहीं है तो वे डिप्लोमा देते हैं जैसे कि पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन बिजनेस मैनेजमेंट।

जाड़ों में स्वेटर पहनने से हमें सर्दी क्यों नहीं लगती ?

ऊनी कपड़ों में गर्मी नहीं होती, बल्कि वे हमें सर्दी लगने से रोकते हैं। ऊनी या मोटे कपड़े तापमान के कुचालक होते हैं। यानी बाहर की सर्दी से वे ठंडे नहीं होते। हमारे शरीर की गर्मी हमें गर्म रखती है। यही बात गर्मी पर भी लागू होती है। आपने देखा होगा कि रेगिस्तानी इलाकों के लोग मोटे कपड़े पहनते हैं। इसका कारण यह है कि मोटे कपड़े गर्मी को भीतर आने नहीं देते।

लोहे के जहाज पानी पर कैसे तैर जाते हैं?

पहले तैरने या उतराने का सिद्धांत समझ लें। आर्किमीडीज़ का सिद्धांत है कि कोई वस्तु जब पानी में डाली जाती है तब उसके द्वारा हटाए गए जल का भार उस वस्तु के भार के बराबर होता है। और हटाए गए पानी की ताकत उसे वापस ऊपर की ओर उछालती है। इसलिए लोहे का एक टुकड़ा जब पानी में डाला जाता है तब उसके द्वारा हटाए गए पानी की ऊपर को लगने वाली शक्ति को छोटा आकार मिलता है। यदि इसी लोहे के टुकड़े की प्लेट बना दी जाती तो उसका आकार बड़ा हो जाता और वह पानी के नीचे से आनी वाली ताकत का फायदा उठा सकती थी। यही नाव या जहाज के पानी पर उतराने का सिद्धांत है। पानी के ऊपर चलने के लिए या तो पतवार की ज़रूरत होती है अन्यथा किसी घूमने वाली चरखी की। जहाज के इंजन यह काम करते हैं।

रेड सी का रंग क्या लाल होता है?


लाल सागर का यूनानी नाम एरिथ्रा थलासा, लैटिन नाम मेयर रुब्रुम, और अरबी नाम टिग्रीन्या है। इस इलाके में पानी की सतह पर पैदा होने वाली वनस्पति के कारण हो सकता है इसे लाल नाम दिया गया हो। इस इलाके के पहाड़ों का नाम हरेई ईडाम है। हिब्रू भाषा में ईडाम लाल चेहरे वाले एक व्यक्ति का नाम है। इस इलाके में दिशाओं को रंग के नाम दिए गए हैं। लाल शब्द दक्षिण को और काला उत्तर को दर्शाता है। पुराने ज़माने में इसके पास के रेत को मिस्री लोग दशरेत कहते थे, जिसका अर्थ होता है लाल ज़मीन।

लायन्स क्लब क्या है?

लायंस क्लब की स्थापना 7 जून 1917 को अमेरिका में शिकागो के एक बिजनेसमैन मेल्विन जोन्स के प्रयास से हुई थी। मूलत: यह संस्था दूसरों की मदद के लिए सामुदायिक प्रयासों को बढ़ाने के लिए हुई थी। धीरे-धीरे यह अंतरराष्ट्रीय संस्था बन गई। अब इसकी 191 देशों में 44,500 के आसपास शाखाएं हैं। इसका नाम लायंस रखने के पीछे शेर की शक्ति, साहस और ओज को ध्यान में रखा गया था। यह नाम रखने के पहले बाकायदा मतदान किया गया था।

1 comment:

  1. Which type of job candidates get after completing diploma in paralegal practice?

    ReplyDelete

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...