Sunday, April 19, 2020

गज़ल और नज्म में क्या फर्क है?


ham se puuchho ki Gazal kyaa hai Gazal kaa fan kyaa - Sherनज़्म मोटे तौर पर कविता या पद्य है। उर्दू में गज़ल का एक खास अर्थ है, इसलिए नज़्म माने गज़ल से इतर पद्य है, जो तुकांत भी हो सकता है अतुकांत भी। छंदेतर नज़्म को आज़ाद नज़्म कहते हैं। गज़ल एक ही बहर और वज़न के शेरों का समूह है। एक गज़ल में पाँच या पाँच से ज़्यादा शेर हो सकते हैं।  गज़ल अरबी काव्यशास्त्र की एक शैली है। यह शैली अरबी से फारसी में आई। वहाँ से उर्दू में आई। अब तो दूसरी भारतीय भाषाओं में गज़लें लिखी जाने लगीं हैं। गज़ल का प्रत्येक शेर अपने अर्थ और भाव की दृष्टि से पूर्ण होता है। हरेक शेर में समान विस्तार की दो पंक्तियाँ या टुकडे़ होते हैं, जिन्हें मिसरा कहा जाता है। प्रत्येक शेर के अंत का शब्द प्राय: एक सा होता है और रदीफ कहलाता है। तुक व्यक्त करने वाला शब्द काफिया कहलाता है। 

गज़ल के पहले शेर को मत्ला कहते हैं। गज़ल के आखिरी शेर को जिसमें शायर का नाम या उपनाम आता है उसे मक्ता कहते हैं।  नीचे लिखी गज़ल के मार्फत हम कुछ बातें समझ सकते हैं:-

कोई उम्मीद बर नहीं आती। कोई सूरत नज़र नहीं आती।1।
मौत का एक दिन मुअय्यन है। नींद क्यों रात भर नहीं आती।2।
पहले आती थी हाले दिल पे हँसी। अब किसी बात पर नहीं आती।3।
हम वहाँ हैं जहाँ से हमको भी। कुछ हमारी खबर नहीं आती।4।
काबा किस मुँह से जाओगे ग़ालिब। शर्म तुमको म़गर नहीं आती।5।

इस गज़ल का काफिया बर, नज़र, भर, खबर, म़गर हैं। रदी़फ है नहीं आती। सबसे आखिरी शेर गज़ल का मक्ता है क्योंकि इसमें त़खल्लुस है। शेर की पंक्तियों की लम्बाई के अनुसार गज़ल की बहर नापी जाती है। इसे वज़न या मीटर भी कहते हैं। हर गज़ल उन्नीस प्रचलित बहरों में से किसी एक पर आधारित होती है। तुकांत गज़लें दो प्रकार की होती हैं। मुअद्दस, जिनके शेरों में रदीफ और काफिया दोनों का ध्यान रखा जाता है। मुकफ्फा, जिनमें केवल काफिया का ध्यान रखा जाता है। 

उत्तर भारत में सबसे पहले ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती ने गज़ल की रचना की। दक्षिण में बीजापुर के बादशाह इब्राहीम अली आदिलशाह ने गज़लें लिखीं। सबसे ज्यादा लोकप्रियता मुहम्मद कुली कुतुबशाह को मिली। हिन्दी में भारतेन्दु हरिश्चन्द्र ने गज़ल लिखने का प्रयास किया। प्रसाद की कविता भूल गज़ल शैली में लिखी गई है। 
गज़ल का मूल विषय प्रेमालाप है। इसमें लौकिक प्रेम के साथ तसव्वुफ यानी भक्ति परक रचनाएं भी होतीं हैं। इनमें प्रेयसी के लिए हमेशा पुल्लिंग का प्रयोग किया जाता है।

No comments:

Post a Comment

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...