Tuesday, December 13, 2011

कोलावरी कोलावरी का क्या अर्थ है?

कोलावरी कोलावरी का क्या अर्थ है? यह कौन सी भाषा का शब्द है?-मेघा 


यह एक टैंग्लिश गीत है, जिसके बोल हैं ह्वाई दिस कोलावेरी डी। हिंग्लिश की तरह तमिल मिक्स इंग्लिश। इसका अर्थ है ऐ लड़की मुझपर ये कातिल गुस्सा क्यों? गायक का साथ उसकी प्रेमिका ने छोड़ दिया है। वह गीत में पूछता है मेरे साथ तुमने ऐसा क्यों किया। यह बात हल्के-फुल्के ढंग से कही गई है। इन दिनों यह गीत काफी लोकप्रिय हो रहा है। तमिल फिल्म थ्री के लिए इसे गाया है गायक धनुष ने और लिखा भी उन्होंने ही है। इसे संगीत से सजाया है अनिरुद्ध रविचन्द्रन ने। 

हमारी दिल्ली में अब तक कितनी फिल्मों की शूटिंग हो चुकी है? कुछ नाम बताएं। 
फिल्म एजेंट विनोद की शूटिंग

दिल्ली में सैकड़ों फिल्मों की शूटिंग हुई होगी। अब दिल्ली दूर नहीं से लेकर रंग दे बसंती। अग्निसाक्षी, बेवफा, चलो दिल्ली, दिल्ली-6, ओए लक्की, लक्की ओए, पा, तेरे नाम, सलामे इश्क, नो वन किल्ड जेसिका जैसी तमाम फिल्मों के नाम इसमें शामिल हैं।

इंडिया गेट पर जहाँ अब अमर जवान ज्योति है, क्या पहले कभी वहाँ से ट्रैफिक गुजरता था?-रूपेश 
फोटो साभार

इंडिया गेट 1931 में बना था। उसके पहले इधर से होकर एक रेलवे लाइन गुजरती थी जो आगरा वाली लाइन को पुरानी दिल्ली स्टेशन से जोड़ती थी।  लुट्यन्स दिल्ली यानी नई दिल्ली के निर्माण के सिलसिले में वह लाइल हटाकर यमुना के किनारे की ओर ले जाई गई और 1924 में चालू हो गई। 1926 में एक नया स्टेशन भी बना जो आज नई दिल्ली स्टेशन कहा जाता है। 


बहरहाल शुरू में इंडिया गेट के आसपास और उसके नीचे से भी ट्रैफिक चलता था। अमर जवान ज्योति 1971 से शुरू की गई है। उसके बाद इस इलाके को घेर लिया गया है।

एफडीआई रिटेल के निगेटिव और पॉजिटिव के बारे में बताएं।–गुरुप्रसाद
रिटेल कारोबार का मतलब है खुदरा चीजों का कारोबार। पिछले कुछ साल से हमारे देश में बड़े स्टोर और मॉल खुल रहे हैं। हाल में सरकार ने इन स्टोरों के कारोबार में 51 फीसदी तक विदेशी पूँजी निवेश की अनुमति देने का फैसला किया है। मोटे तौर पर इसके पक्ष में यह कहा जा रहा है कि ये स्टोर बड़े स्तर पर माल खरीद कर सीधे बेचेंगे इसलिए बिचौलियों का मार्जिन कम हो जाएगा। इससे उपभोक्ता को माल सस्ता मिलेगा। इसके अलावा किसानों को उनके माल की वाजिब कीमत मिलेगी। पैसा आने पर नए कोल्ड स्टोरेज, सड़कें और परिवहन की सुविधाएं बढ़ेंगी, जिससे फल और सब्जी खराब नहीं होंगे। लोगों को रोजगार मिलेगा। इसका नकारात्मक पहलू यह है कि बड़ी विदेशी कम्पनियों के आने से देश के छोटे व्यापारियों का काम प्रभावित होगा। ये कम्पनियाँ शुरू में आकर्षक लगेंगी, पर जब इनकी मोनोपली हो जाएगी तो अपनी शर्तों पर कीमतें तय करेंगी।

वॉलमार्ट क्या है और यह कहाँ से शुरू हुआ?-अमनदीप  
                                                                                
                                         

वॉलमार्ट अमेरिका की रिटेल चेन है जो दुनिया की सबसे बड़ी रिटेल कम्पनी है। सन 1962 में सैम वॉल्टन ने इसकी शुरूआत की थी। सन 1969 में यह पब्लिक कम्पनी के रूप में संगठित की गई। 15 देशों में 55 अलग-अलग नामों से इसके करीब 9000 स्टोर हैं।

पिछले दिनों वॉल स्ट्रीट पर कब्जा करो आंदोलन चला था। इसका क्या मकसद था?-सुभाष
ऑक्यूपाई वॉल स्ट्रीट आंदोलन लगभग ढाई महीने पहले 17 सितम्बर 2011 को अमेरिका में न्यूयॉर्क के ज़कोटी पार्क से शुरू हुआ। यह इलाका न्यूयॉर्क की मशहूर वॉल स्ट्रीट में पड़ता है जहाँ देश के मशहूर शेयर बाजार और अन्य बड़ी वित्तीय संस्थाएं हैं। पिछले तीन साल से अमेरिका में आर्थिक संकट चल रहा है। जनता का यह आंदोलन राजनेताओं और कॉरपोरेट जगत के खिलाफ है।

सुपर हीरो वाली फिल्म रा-वन के फ्लॉप होने के क्या कारण थे?-अमरीष
यह फिल्म सफल है या विफल इसे लेकर दो तरह की राय है। पर इतना साफ है कि जैसा इसका प्रचार हुआ उतनी सफल यह फिल्म नहीं है। इसकी तमाम वजहों में से एक यह भी है कि साइंस-फिक्शन फिल्मों का हमारा इतिहास बहुत अच्छा नहीं है। तकनीकी दृष्टि से यह फिल्म अच्छी है, पर हमारा दर्शक अभी कम्प्यूटर गेम्स से ही पूरी तरह नहीं जुड़ा है।

गुरद्वारों में लंगर क्यों खिलाया जाता है?-अमरदीप
लंगर की प्रथा प्रथम सिख गुरु गुरनानक देव जी के समय से चली आ रही है। यह निःशुल्क भोजन सबके लिए है इसमें सब बराबर बैठकर खाते हैं किसी किस्म की ऊँच-नीच इसमें बरता नहीं जाता। इसमें शामिल होने के लिए किसी भी धर्म या सम्प्रदाय का व्यक्ति आ सकता है।

हमारे देश में चाय किन-किन जगहों पर उगाई जाती है? सबसे अच्छी चाय किस जगह की है? कौन सी है?-मिथलेश
ऐसा कहा जाता है कि हनुमान जी जिस संजीवनी बूटी को लाए थे वह यह टी यानी चाय ही थी। पर भारत में चाय के बागान अंग्रेजों के आने के बाद ही लगे। आज भारत दुनिया के सबसे बड़े चाय उत्पादकों में है और चाय इस देश का सबसे लोकप्रिय पेय है। हमारे यहाँ असम और दार्जीलिंग की पहाड़ियों के अलावा दक्षिण भारत में नीलगिरि की पहाड़ियों और उत्तराखंड में कौसानी और वेणीनाग में भी चाय बागान हैं। सबसे अच्छी चाय ग्रीन लीफ होती है, जो दार्लिंग और नीलगिरि की पहाड़ियों में उगाई जाती है। यह कई ब्रांड नामों से मिलती है।

उस्ताद सुलतान खां का हाल में निधन हुआ। उन्होंने किन-किन फिल्मों में सारंगी बजाई?-रेहाना 



उस्ताद सुलतान खां ने बैकग्राउंड म्यूजिक में तो तमाम फिल्मों में काम किया, पर कई फिल्मी गीतों में उन्हें अलग से पहचाना जा सकता है। जब वी मैट के गीत आओ मीलो चलो और फिल्म मकबूल के गीतों में उन्हें अलग से सुना जा सकता है। फिल्म हम दिल दे चुके सनम के गीत अलबेला सजन आयो रे में कविता कृष्णमूर्ति और शंकर महादेवन के साथ उन्होंने भी गाया था। तमिल फिल्म योगी में भी उन्होंने सारंगी बजाई थी। उनका अल्बम पिया बसंती भी काफी लोकप्रिय हुआ।

क्या फिल्मी गीत शुद्ध रागों पर आधारित होते हैं? या मिश्रित रागों पर? ऐसे कुछ गीतों की जानकारी दें।-भारत
सभी गीत रागों पर आधारित नहीं होते। फिल्मी गीत लोक संगीत, पश्चिमी संगीत और भारतीय शास्त्रीय संगीत किसी पर भी आधारित हो सकते हैं। फिल्म बैजू बावरा का गीत मन तड़पत हरि दर्शन को आज राग मालकौंस पर आधारित था। बावर्ची का भोर आई गया अंधियारा राग अलहिया बिलावल, फिल्म आज़ाद का राधा ना बोले, ना बोले ना बोले रे राग बागेश्री, भाभी की चूड़ियाँ का ज्योति कलश छलके राग भोपाली, फिल्म सीमा का गीत तू प्यार का सागर है राग दरवारी कान्हड़ा पर आधारित था। ऐसे सैकड़ों गीत और हैं।

फिल्मों में केमियो रोल किसे कहते हैं?-सुजीत
केमियो रोल किसी महत्वपूर्ण व्यक्ति या कलाकार का एकदम छोटी भूमिका में आना है। कई बार संवाद भी नहीं बोला जाता। जैसे लालू प्रसाद यादव फिल्म पद्मश्री लालू प्रसाद यादव में दिखाई पड़े थे। ऐसी ही एक भूमिका दीपिका पादुकोण ने फिल्म बिल्लू में की थी। किशोर साहू ने फिल्म गाइड में प्रीटी जिंटा ने फिल्म दिल से में की। शोले में आसरानी और फिल्म आनन्द में जॉनी वॉकर के केमियो रोल हमेशा याद रहेंगे।

एफएम गोल्ड के कार्यक्रम बारिश सवालों की में शामिल

4 comments:

  1. इंडिया गेट और अमर जवान ज्‍योति के बारे में जानकारी पढ़कर अच्‍छा लगा।

    ReplyDelete
  2. अच्छी जानकारी दी जा रही है.

    धन्यवाद.

    ReplyDelete
  3. sanjivani buti himalaya par payi jane wali ak divya aushadhi hai iski tulna tea se karna sarvatha anuchit hai.

    ReplyDelete

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...