Saturday, October 6, 2018

एशिया कप क्रिकेट

हाल में हुई एशिया कप क्रिकेट प्रतियोगिता में भारत की टीम ने बांग्लादेश को तीन विकेट से हराकर चैम्पियनशिप जीत। एशिया क्रिकेट कौंसिल की इस प्रतियोगिता की योजना सन 1983 में बनी थी। उसी साल एशिया क्रकेट कौंसिल का गठन हुआ था। पहला एशिया कप टूर्नामेंट 1984 में शारजाह में हुआ। वहीं पर एशिया क्रिकेट कौंसिल का मुख्यालय था, जो 1995 तक वहाँ रहा। यह प्रतियोगिता एक दिनी और टी-20 दोनों फॉर्मेट में आ.जित होती है। शुरू में यह एकदिनी प्रतियोगता ही थी, जो हर दो साल में होती थी। अब यह एकबार एकदिनी और अगली बार टी-20 फॉर्मेट पर होती है। सन 2015 में इंटरनेशनल क्रिकेट कौंसिल ने तय किया कि 2016 के बाद से इस प्रतियोगिता का फॉर्मेट बदलेगा। सन 2016 में टी-20 विश्वकप के ठीक पहले एशिया कप हुआ। पहले एशिया कप में भारत, पाकिस्तान और श्रीलंका की तीन टीमों ने भाग लिया था। हाल में हुई एकदिनी प्रतियोगिता में छह टीमों ने भाग लिया। एशिया में पाँच टीमों को टेस्ट मैच खेलने का अधिकार प्राप्त है। ये टीमें हैं भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान। इन पाँचों टीमों को इस प्रतियोगिता में सीधे प्रवेश दिया गया। इनके अलावा छठी टीम के प्रवेश के लिए हांगकांग, मलेशिया, नेपाल, ओमान, सिंगापुर और यूएई की टीमों कदिनी के बीच एक प्रतियोगिता हुई, जिसमें हांगकांग की टीम जीतकर आई।

चैम्पियन टीमें

एशिया कप की एकदिनी प्रतियोगिताओं में सबसे सफल भारत की टीम है, जो सात बार चैम्पियन रही। इसके बाद दूसरे नम्बर पर श्रीलंका है, जिसने पाँच बार इस प्रतियोगिता में जीत हासिल की। सन 2016 में पहली बार हुई टी-20 प्रतियोगिता भारतीय टीम ने जीती। पाकिस्तान की टीम दो बार चैम्पियन बनी है। सन 1986 की प्रतियोगिता में मेजवान देश श्रीलंका से बिगड़े रिश्तों के कारण भारत ने हिस्सा नहीं लिया। तब इसमें बांग्लादेश को भी शामिल कर लिया गया। सन 1990 की प्रतियोगिता भारत में हुई, जिसमें पाकिस्तान ने भाग नहीं लिया। सन 1993 की प्रतियोगिता भारत और पाकिस्तान के बिगड़े रिश्तों के कारण हो नहीं पाई। 1988 का तीसरा कप बांग्लादेश में हुआ। इस प्रतियोगिता में भारत की टीम ने फाइनल में श्रीलंका को हराया। सन 2000 में बांग्लादेश में हुई चैम्पियनशिप में पहली बार भारत की टीम फाइनल तक नहीं पहुँची। उस साल पाकिस्तान की टीम श्रीलंका को हराकर चैम्पियन बनी।

पेंग्विन किस वर्ग का जीव है?

पेंग्विन एक प्रकार का पक्षी है जो उड़ नहीं पाता, पर काफी समय पानी के अंदर बिता सकता है। इनकी 17 प्रजातियाँ मिलती हैं। पेंग्विन के नाम पर हमें लगता है कि वे सिर्फ अंटार्कटिका के बर्फीले इलाकों में ही मिलते होंगे। ऐसा नहीं है। वे न्यूजीलैंड-ऑस्ट्रिलिया, दक्षिण अफ्रीका और दक्षिण अमेरिका में भी मिलते हैं।

दुनिया का सबसे बड़ा द्वीप कौन सा है?

यदि आशय महाद्वीप से नहीं है तब ग्रीनलैंड सबसे बड़ा द्वीप है जिसका क्षेत्रफल 21,30,800 वर्ग किलोमीटर है। इसके बाद न्यूगिनी है जिसका क्षेत्रफल 7,85, 753 वर्ग किलोमीटर है। इसके बाद बोर्नियो और मैडागास्कर द्वीप हैं। सबसे छोटे महाद्वीप ऑस्ट्रेलिया का क्षेत्रफल 76,00,000 वर्ग किलोमीटर है।

1 comment:

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...