Saturday, December 21, 2019

चंद्रमा पर कितने व्यक्ति पैर रख चुके हैं?


काफी लोगों को यह पता है कि चंद्रमा पर पैर रखने वाले पहले व्यक्ति थे अमेरिका के नील आर्मस्ट्रांग, पर यह बात कम लोग जानते हैं कि अब तक कुल 12 लोग चंद्रमा की सतह पर पैर रख चुके हैं। ये सभी लोग अमेरिकी हैं और उनकी ये यात्राएं अपोलो कार्यक्रम के अंतर्गत जुलाई 1969 से दिसंबर 1972 तक हुईं थीं। चंद्रमा पर उतरते वक्त इन अंतरिक्ष-यात्रियों में एलन शेपर्ड सबसे ज्यादा उम्रदार थे, जो 47 साल की उम्र में चंद्रमा पर उतरे थे। चार्ल्स ड्यूक 36 साल 221 दिन के थे, जब वे चंद्रमा पर उतरे। चंद्रमा की यात्रा करने वाले 12 यात्रियों में से चार्ल्स ड्यूक, बज एल्ड्रिन, डेविड स्कॉट और हैरिसन श्मिट अभी जीवित हैं। इन 12 यात्रियों की पूरी सूची इस प्रकार हैः-
1.नील आर्मस्ट्रांग, 2.बज एल्ड्रिन. 3.चार्ल्स पीट, 4.एलन बीन, 5.एलन शेपर्ड, 6.एडगर मिशेल, 7.डेविड स्कॉट, 8.जेम्स इरविन, 9.जॉन यंग, 10.चार्ल्स ड्यूक, 11.जीन सर्नन, 12.हैरिसन श्मिट।

संरा सदस्य देशों की संख्या कितनी है?
संयुक्त राष्ट्र के सदस्य देशों की संख्या इस समय 193 है। इन सभी देशों को संरा महासभा में बराबरी का दर्जा मला हुआ है। किसी भी नए उस देश को सदस्यता दी जा सकती है, जो सम्प्रभुता सम्पन्न हो। इस सदस्यता के लिए संरा महासभा के अलावा सुरक्षा परिषद की अनुमति की जरूरत भी होती है। सदस्य देशों के अलावा संरा महासभा में पर्यवेक्षक के रूप में देशों को आमंत्रित किया जा सकता है। इस समय होली सी (वैटिकन) और फलस्तीन दो संरा पर्यवेक्षक हैं। पर्यवेक्षक महासभा की बैठकों में भाग लेने के अलावा अपने विचार व्यक्त कर सकते हैं, पर मतदान में भाग नहीं ले सकते।
ऑक्सीजन की खोज किसने की?
ऑक्सीजन का किसी ने आविष्कार नहीं किया है, बल्कि यह वातावरण में उपस्थित महत्वपूर्ण गैस है। अलबत्ता इसे रासायनिक तरीके से प्राप्त करने का काम सबसे पहले 1772 में स्वीडन के वैज्ञानिक कार्ल विल्हेम शीले ने किया था। इसे हिंदी में प्राणवायु भी कहते हैं। वायु में क़रीब 21% मात्रा ऑक्सीजन की होती है। हवा के अलावा ऑक्सीजन पृथ्वी के अनेक दूसरे पदार्थों में भी रहती है। जैसे पानी में। कई प्रकार के ऑक्साइडों जैसे पारा, चाँदी आदि अथवा डाई ऑक्साइडों लैड, मैंगनीज में। फ्रांसीसी वैज्ञानिक अंतों लैवोइजियर ने सन 1777 में इसे ऑक्सीजन नाम दिया।
रेफ्रिजरेटर में कौन सी गैस डाली जाती है?
रेफ्रिजरेशन यानी फ्रिज और एयरकंडीशनरों में आमतौर पर फ्लुओरोकार्बंस, खासतौर से क्लोरोफ्लुओरोकार्बंस का इस्तेमाल होता था इन्हें सीएफसी गैस कहा जाता है। इनका इस्तेमाल बंद हो गया है ये गैसें ओज़ोन परत को नुकसान पहुँचाती हैं अब हाइड्रोफ्लुओरोकार्बंस या एचएफसी का इस्तेमाल होने लगा है, जो शायद कम नुकसान पहुँचाती हैं पर ज्यादातर ग्रीनहाउस गैसें जलवायु में परिवर्तन और धरती को गरम बनाती हैं इन गैसों का उत्सर्जन एयरकंडीशनर, फ्रिज, कंप्यूटर, स्कूटर, कार आदि से है
सौरमंडल के ग्रहों और सूर्य के द्रव्यमान का अनुपात क्या है?
पूरे सौरमंडल का 99.86 प्रतिशत द्रव्यमान सूर्य में है यानी शेष सभी ग्रह और उनके चन्द्रमा और उल्का पिंड मिलाकर 0.14 प्रतिशत हैं उसके इसी द्रव्यमान के कारण उसकी गुरुत्व शक्ति है कि सारे ग्रह उसके चारों ओर घूमते हैं












No comments:

Post a Comment

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...