Wednesday, December 4, 2019

मंत्रिमंडल को कैबिनेट क्यों कहते हैं?



कैबिनेट एक अनौपचारिक व्यवस्था है, जिसने औपचारिक रूप धारण कर लिया है। संविधान में मंत्रिपरिषद या कौंसिल ऑफ मिनिस्टर्स की व्यवस्था है। कैबिनेट शब्द हमने ब्रिटिश संसदीय प्रणाली से लिया है, जिसमें कुछ वरिष्ठ मंत्री इसके सदस्य होते हैं, जो प्रधानमंत्री के साथ मिलकर नीतिगत निर्णय करते हैं। पुराने जमाने में ये सदस्य जिस कक्ष में बैठकर मंत्रणा करते थे, उसे केबिन कहा जाता था. उससे ही कैबिनेट शब्द बना।

एफएम और एएम रेडियो में क्या अंतर है?

एफएम का अर्थ है फ्रीक्वेंसी मॉड्यूलेशन और एएम का मतलब है एम्प्लीट्यूड मॉड्यूलेशन। एएम तकनीक उन्नीसवीं सदी में तैयार की गई थी, जबकि एफएम तकनीक का विकास 1930 के दशक में हुआ। एएम में बाहरी असर से आवाज में फर्क पड़ सकता है। इसमें बैकग्राउंड का शोर काफी होता है। एफएम में ऐसा नहीं होता। अलबत्ता एफएम सिग्नल को भौतिक रुकावट प्रभावित करती है।

हेलेना द्वीप कहाँ है?
सेंट हेलेना कुंस्तुनतुनिया (या कांस्टेंटिनोपल) के संत हेलेना के नाम पर रखा गया दक्षिण अटलांटिक महासागर में अफ्रीका के तट से करीब 1950 किलोमीटर दूर एक द्वीप है। यह छोटा सा द्वीप करीब 16 किलोमीटर लंबा और 8 किलोमीटर चौड़ा है। यह द्वीप कभी ज्वालामुखी था। इसका इतिहास करीब 515 साल पुराना है। सन 1502 में पुर्तगालियों ने इस निर्जन द्वीप की खोज की थी। उसके पहले यह निर्जन था। अब दुनिया में ब्रिटेन के बचे हुए सिर्फ दो उपनिवेश हैं। एक बरमूडा और दूसरा संत हेलेना द्वीप। इसकी राजधानी जेम्सटाउन है और यहां की आधिकारिक भाषा अंग्रेजी है। सन 2016 की जनगणना में यहाँ की आबादी थी 4534।

समुद्र कितना गहरा होता है?
समुद्रों की गहराई अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग होती है। सारी दुनिया के सागरों की औसत गहराई 12,100 फुट है। इसकी तुलना सबसे ऊँचे पर्वत शिखर से करें जिसकी ऊँचाई 29,029 फुट है। दुनिया में सबसे गहरा सागर पश्चिमी प्रशांत महासागर के मैरियाना ट्रेंच में है, जिसे चैलेंजर डीप कहा जाता है। इसकी गहराई को सबसे पहले 1875 में ब्रिटिश पोत एचएमएस चैलेंजर के नाविकों ने नापा था। यह गहराई 35,755 से लेकर 35,814 फुट (10,898 से लेकर 10,916 मीटर) के बीच है।


आधी रात में सूरज किस देश में उगता है?

उत्तरी ध्रुव के काफी करीब है नॉर्वे। इस इलाके में गर्मियों में रात के बारह बजे के बाद तक सूरज चमकता है। रातें कुछ घंटे की होती हैं, उस दौरान भी सूरज क्षितिज के करीब होता है इसलिए रातें अंधियारी नहीं होतीं। उसे अर्धरात्रि के सूर्य वाला देश कहते हैं। नॉर्वे के अलावा यूरोप से बहुत से देशों में रात देर से होती है।





No comments:

Post a Comment

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...