Wednesday, December 4, 2019

कोरम क्या होता है?


कोरम शब्द मूलत: लैटिन भाषा का है जो अंग्रेजी में भी चलता है। अब यह भारतीय भाषाओं में भी चलने लगा है। हिंदी में इसका समानार्थी शब्द गणपूर्ति है। किसी सभा, संसद, या संस्था की बैठक के लिए जरूरी न्यूनतम सदस्यों की संख्या को कोरम या गणपूर्ति कहते हैं। माना जाता है कि यदि इस न्यूनतम आवश्यक संख्या में सदस्य उपस्थित नहीं हों तो सभा वैध नहीं होगी। युनाइटेड किंगडम में हाउस ऑफ कॉमंस के लिए 40 सदस्यों की न्यूनतम उपस्थिति को और हाउस ऑफ लॉर्ड्स में किसी विषय पर मतदान होना हो तो 30 सदस्यों की न्यूनतम उपस्थिति होनी चाहिए, पर केवल चर्चा के लिए 3 सदस्य ही काफी हैं। भारतीय संविधान के अनुच्छेद 100 के अनुसार संसद के दोनों सदनों में गणपूर्ति सदन के कुल सदस्यों की संख्या का कम से कम दसवाँ भाग होगी। संविधान में लिखा गया है कि यदि सदन के अधिवेशन के दौरान गणपूर्ति नहीं है तो सभापति या अध्यक्ष या उस रूप में कार्य करने वाले व्यक्ति का यह कर्तव्य होगा कि वह सदन को स्थगित कर दे।

तेलंगाना नाम कैसे पड़ा?

भारत के आन्ध्र प्रदेश से अलग करके एक नया राज्य बना है तेलंगाना। इस इलाके में मान्यता है कि इस इलाके में लिंग के रूप में शिव तीन पर्वतों पर प्रकट हुए। ये हैं कालेश्वरम, मल्लिकार्जुन और द्राक्षाराम। ये पर्वत इस इलाके की सीमा बनाते हैं और इसीलिए इसे त्रिलिंग देश कहा जाता है जो तेलंगाना हो गया है। तेलुगु शब्द की उत्पत्ति भी इसी त्रिलिंग से है। यहाँ की भाषा त्रिलिंग (तेलुगु) कहलाई। 'तेलंगाना' शब्द का अर्थ है- 'तेलुगु भाषियों की भूमि'।

टोल फ्री नम्बर क्या होता है?

टोल फ्री नम्बर सेवा आमतौर पर 800, 0800 या 1800 जैसे नम्बरों से शुरू होती है। इसमें फोन करने वाले को पैसा नहीं देना होता है, बल्कि जिसके पास कॉल जा रही है उसे देना होता है। सबसे पहले इंग्लैंड के पोस्ट ऑफिस ने 1960 के दशक में इस तरह की सेवा शुरू की थी। व्यावसायिक तरीके से 2 मई 1967 को अमेरिका की एटीएंडटी टेलीफोन सेवा ने यह सर्विस शुरू की। शुरू में होटल किराए पर कार और टैक्सी सेवाओं ने इसका लाभ उठाया। अब तो ज्यादातर उपभोक्ता सामग्री बेचने वाली कम्पनियाँ आफ्टर सेल्स सर्विस के लिए इसका इस्तेमाल करती हैं।

जेट लैग क्या होता है?

जेट लैग एक मनो-शारीरिक दशा है, जो शरीर के सर्केडियन रिद्म में बदलाव आने के कारण पैदा होती है। इसे सर्केडियन रिद्म स्लीप डिसॉर्डर भी कहते हैं। इसका कारण लम्बी दूरी की हवाई यात्रा खासतौर से पूर्व से पश्चिम या पश्चिम से पूर्व एक टाइम ज़ोन से दूसरे टाइम ज़ोन की यात्रा होती है। अक्सर शुरुआत में नाइट शिफ्ट पर काम करने आए लोगों के साथ भी ऐसा होता है। आपका सामान्य जीवन एक खास समय के साथ जुड़ा होता है। जब उसमें मूलभूत बदलाव होता है तो शरीर कुछ समय के लिए सामंजस्य नहीं बैठा पाता। अक्सर दो-एक दिन में स्थिति सामान्य हो जाती है। इसमें सिर दर्द, चक्कर आना, उनींदा रहना, थकान जैसी स्थितियाँ पैदा हो जाती है।




No comments:

Post a Comment

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...