Friday, December 6, 2019

दुनिया का चक्कर लगाने वाला पहला व्यक्ति?


पुर्तगाली नाविक फर्दिनांद मैगलन को पहली बार दुनिया का चक्कर लगाने का श्रेय दिया जाता है। हालांकि उसके साथ कुछ और लोग भी थे, पर टीम लीडर के रूप में उसका नाम ही लिया जाता है। यों उसने यह चक्कर भी पूरा नहीं किया और रास्ते में उसकी हत्या कर दी गई। पर उसने मुख्य यात्रा-पथ पूरा कर लिया था। मैगलन और उनकी टीम 20 सितंबर 1519 को स्पेन के राजा के आदेश से 'मसाला द्वीप' (मलेशिया का मलुकु द्वीप) का पश्चिम से होकर रास्ता खोजने के लिए निकली थी। इस टीम में 250 नाविक थे। ये लोग यूरोप से अमेरिका होकर प्रशांत महासागर पार करके पूर्वी एशिया में आए थे।
पैसिफिक महासागर नाम मैगलन ने ही रखा था। गंतव्य तक पहुँचने के पहले इस दल का संघर्ष फिलीपाइंस में स्थानीय लोगों से हुआ, जिसमें 27 अप्रैल 1521 को मैगलन मारा गया। उसकी मौत के बावजूद यह टीम यात्रा पूरी करके मसाला द्वीप तक पहुँची। 6 सितंबर 1522 को इस टीम के बचे-खुचे 17 सदस्य स्पेन पहुँचे। इन्होंने दुनिया का पहला चक्कर लगाया, हालांकि उनका इरादा ऐसा रिकॉर्ड बनाने का नहीं था।
संख्याओं को अरेबिक न्यूमरल क्यों कहते हैं?
इन्हें गलती से अरबी अंक कहा गया और यह परंपरा चली आ रही है। वस्तुतः इन्हें भारतीय अंक कहा जा सकता है, क्योंकि इन अंकों का निर्धारण प्राचीन भारत में हुआ था। चूंकि नौवीं सदी तक ज्यादातर भारतीय ज्ञान दुनिया को अरब देशों के मार्फत था, इसलिए यह मान लिया गया कि ये संख्याएं अरबी हैं। ईसवी सन 830 के आसपास फारसी गणितज्ञ अल-ख्वारिज्मी ने इस अंक पद्धति का इस्तेमाल किया। उन्हें यह जानकारी अरब देशों से मिली थी, इसलिए उन्होंने इन्हें अरबी अंक लिखा।
अरब लोग इन अंकों को ‘हिंदसा’ यानी भारतीय कहते थे। धीरे-धीरे इस पद्धति ने रोमन पद्धति की जगह ली। रोमन अंक पद्धति होती है VI, VII, IX, X, L,C वगैरह। ऐसे में संख्याएं लिखने के लिए बहुत ज्यादा जगह चाहिए और उन्हें पढ़ना भी बहुत कठिन होता है। प्राचीन भारतीय गणितज्ञों ने करीब 2000 साल पहले दाशमिक पद्धति का आविष्कार कर दिया था।
सागर कितना गहरा होता है?
समुद्रों की गहराई अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग होती है। सारी दुनिया के सागरों की औसत गहराई 12,100 फुट है। इसकी तुलना सबसे ऊँचे पर्वत शिखर से करें जिसकी ऊँचाई 29,029 फुट है। दुनिया में सबसे गहरा सागर पश्चिमी प्रशांत महासागर के मैरियाना ट्रेंच में है, जिसे चैलेंजर डीप कहा जाता है। इसकी गहराई को सबसे पहले 1875 में ब्रिटिश पोत एचएमएस चैलेंजर के नाविकों ने नापा था। यह गहराई 35,755 से लेकर 35,814 फुट (10,898 से लेकर 10,916 मीटर) के बीच है।


जेपीजी और पीएनजी इमेज में क्या फर्क है?


बुनियादी फर्क उनके फॉर्मेट का है, जिसके कारण पीएनजी (पोर्टेबल नेटवर्क ग्राफिक्स) को जब कॉम्प्रेस करते हैं तो डेटा लॉस नहीं होता। यानी चित्र में कुछ फर्क आ जाता है, भले ही उसे आप आसानी से देख न पाएं। इसके विपरीत जेपीजी (जॉइंट फोटोग्राफिक एक्सपर्ट ग्रुप) में कुछ फर्क आ जाता है, पर जटिल चित्रों को भी कॉम्प्रेस करने में जेपीजी ज्यादा कुशल है। 

द्रोणाचार्य पुरस्कार कब शुरू हुए? 

खेल के मैदान में प्रशिक्षकों का यह सबसे बड़ा भारतीय पुरस्कार है। यह हर साल दिया जाता है। पहले द्रोणाचार्य पुरस्कार सन 1985 में भालचंद्र भास्कर भागवत (कुश्ती), ओम प्रकाश भारद्वाज (बॉक्सिंग) और ओएम नाम्बियार (एथलेटिक्स) को दिए गए।

शिक्षक दिवस 5 सितंबर को मनाना कब से शुरू हुआ? 

सन 1962 में डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन राष्ट्रपति बने। उस साल उनके कुछ छात्र और मित्र 5 सितम्बर को उनके जन्मदिन का समारोह मनाने के बाबत गए। इस पर डॉ राधाकृष्णन ने कहा, मेरा जन्मदिन यदि शिक्षक दिवस के रूप में मनाओ तो बेहतर होगा। मैं शिक्षकों के योगदान की ओर समाज का ध्यान खींचना चाहता हूँ। और तब से 5 सितम्बर शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस भारतीय परंपरा के अलावा संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक संगठन युनेस्को ने सन 1994 में निर्णय किया कि हर साल 5 अक्टूबर को विश्व अध्यापक दिवस मनाया जाएगा। तबसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्व अध्यापक दिवस मनाया जा रहा है।

दुनिया के पहले एटम बम का कोड नाम क्या था?

पहला एटम बम यानी जिस बम का पहला परीक्षण किया गया। उसका नाम था ‘ट्रिनिटी।’ इसका विस्फोट 16 जुलाई 1945 को अमेरिका की सेना ने सुबह 5.29 बजे किया। 6 अगस्त 1945 को जापान के हिरोशिमा शहर पर जो पहला बम गिराया गया था उसका नाम था ‘लिटिल बॉय।’ हिरोशिमा पर बमबारी के तीन दिन बाद 9 अगस्त को जापान के दूसरे शहर नगासाकी पर जो बम गिराया गया उसका नाम था ‘फैट मैन।’ इस बमबारी के बाद जापान ने 15 अगस्त 1945 को समर्पण की घोषणा कर दी।

शक संवत क्या है?

राष्ट्रीय शाके अथवा शक संवत भारत का राष्ट्रीय कैलेंडर है। इसका प्रारम्भ यह 78 वर्ष ईसा पूर्व माना जाता है। यह संवत भारतीय गणतंत्र का सरकारी तौर पर स्वीकृत अपना राष्ट्रीय संवत है। ईसवी सन 1957 (चैत्र 1, 1879 शक) को भारत सरकार ने इसे देश के राष्ट्रीय पंचांग के रूप में मान्यता प्रदान की थी। इसमें सौर गणना होती है। यानी महीना 30 दिन का होता है। इसे शालिवाहन संवत भी कहा जाता है। इसमें महीनों के नाम विक्रमी संवत जैसे ही हैं। इसके प्रथम माह (चैत्र) में 30 दिन हैं, जो अंग्रेजी लीप ईयर में 31 दिन हो जाते हैं। वैशाख, ज्येष्ठ, आषाढ़, श्रावण एवं भाद्रपद में 31-31 दिन एवं शेष 6 मास में यानी आश्विन, कार्तिक, मार्गशीर्ष, पौष, माघ तथा फाल्गुन में 30-30 दिन होते हैं। 


संसद का ‘शून्यकाल’ क्या होता है? 

शून्यकाल भारतीय संसदीय व्यवस्था की देन है। आमतौर पर सदन में प्रश्न प्रहर खत्म होने के बाद शुरू होता है। इसमें कोई भी मामला उठाया जा सकता है। साठ के दशक से शुरू हुई यह व्यवस्था अब हमारी संसदीय व्यवस्था का महत्वपूर्ण अंग बन गई है। 













Thursday, December 5, 2019

जीडीपी और जीवीए क्या हैं?


ग्रॉस डोमेस्टिक प्रोडक्ट यानी सकल राष्ट्रीय उत्पाद का सूचकांक आर्थिक उत्पादन की जानकारी देता है. इसमें निजी खपत, अर्थव्यवस्था में सकल निवेश, सरकारी निवेश, सरकारी खर्च और शुद्ध विदेशी व्यापार (निर्यात और आयात का फर्क) शामिल होता है. पिछले कुछ वर्षों से आर्थिक विकास की दर के आकलन के लिए ग्रॉस वैल्यू एडेड (जीवीए) का इस्तेमाल होने लगा है. जीवीए से अर्थ-व्यवस्था के किसी खास अवधि में सकल आउटपुट और उससे होने वाली आय का पता लगता है. यानी इनपुट लागत और कच्चे माल का दाम निकालने के बाद कितने के सामान और सर्विसेज का उत्पादन हुआ. मोटे तौर पर जीडीपी में सब्सिडी और टैक्स निकालने के बाद जो आंकड़ा मिलता है, वह जीवीए होता है. जीवीए से उत्पादक यानी सप्लाई साइड से होने वाली आर्थिक गतिविधियों का पता चलता है जबकि जीडीपी में डिमांड या उपभोक्ता की नजर से तस्वीर नजर आती है. जरूरी नहीं कि दोनों ही आंकड़े एक से हों क्योंकि इन दोनों में नेट टैक्स के ट्रीटमेंट का फर्क होता है. उपादान लागत या स्थायी लागत (फैक्टर कॉस्ट) के आधार पर जीडीपी का मतलब होता है कि औद्योगिक गतिविधि में-वेतन, मुनाफे, किराए और पूँजी-यानी विभिन्न उपादान के मार्फत सकल प्राप्ति. इस लागत के अलावा उत्पादक अपने माल की बिक्री के पहले सम्पत्ति कर, स्टाम्प ड्यूटी और पंजीकरण शुल्क वगैरह भी देता है. जीडीपी में ये सब शामिल होते हैं, जीवीए में नहीं. जीवीए में वह लागत शामिल होती है, जो उत्पाद को बेचने के पहले लगी थी.
जीडीपी स्लोडाउन क्या है?
जीडीपी संवृद्धि दर में लगातार गिरावट को स्लोडाउन माना जा रहा है. गत 30 अगस्त को घोषित आंकड़ों के अनुसार इस वित्त वर्ष की पहली तिमाही यानी अप्रेल से जून के दौरान जीडीपी की दर घटकर 5 फीसदी हो गई थी. अब 29 नवम्बर को घोषित आँकड़ों के अनुसार दूसरी तिमाही (जुलाई, अगस्त, सितम्बर) में यह दर कम होकर 4.5 प्रतिशत हो गई है. दूसरी तिमाही में जीवीए की दर 4.3 फीसदी रही. इन दोनों तिमाहियों के आधार पर इस साल के पहले छह महीनों की औसत जीडीपी संवृद्धि दर 4.8 प्रतिशत है, जबकि पिछले वित्त वर्ष यानी 2018-19 में पहले छह महीनों की औसत दर 7.5 फीसदी थी.
इसे लेकर चिंता क्यों?
पिछली 26 तिमाहियों में यह सबसे कम दर है. इससे पहले जनवरी-मार्च 2012-13 की तिमाही में जीडीपी संवृद्धि की दर 4.3 प्रतिशत थी. देश की जीडीपी की औसत सालाना दर को 5.00 फीसदी बनाए रखने के लिए अगली दो तिमाहियों यानी छह महीने में औसत विकास दर 5.2 प्रतिशत रखनी होगी. अर्थशास्त्रियों के नजरिए से इस धीमी संवृद्धि की बड़ी वजह है ग्रामीण क्षेत्र की घटती माँग. कृषि उत्पादों की कम कीमतों और खेती के लगातार अलाभकारी होते जाने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में उपभोक्ता सामग्री की माँग कम हुई है.



रेपो रेट क्या होता है?


रेपो रेट रिजर्व बैंक और अन्य बैंकों के बीच धनराशि के आदान-प्रदान पर दिए जाने वाले ब्याज की दर है। रिजर्व बैंक जब धनराशि देता है, वह दर रेपो और जब वह दूसरे बैंकों से लेता है तब रिवर्स रेपो दर कहलाती है। बाजार में मुद्रा की स्थिति को संतुलित बनाए रखने के लिए अक्सर रिजर्व बैंक और अन्य बैंकों के बीच यह आदान-प्रदान होता है।
स्विस बैंकों की क्या खास बात है?
मध्य युग से ही स्विस बैंक सूचनाओं को गोपनीय रखने के लिए प्रसिद्ध हैं। सन 1934 में इसके लिए यहाँ की संसद ने विशेष कानून भी बनाया। स्विट्ज़रलैंड पूरी तरह तटस्थ देश है। उसकी साख के कारण बैंकिंग कारोबार यहाँ अच्छा है। शुरुआत में बैंकिंग के बाबत स्विस कानून बनाते वक्त गोपनीयता पर जोर नहीं था, पर उस दिनों नाज़ी जर्मनी यहूदियों के बारे में जानकारियाँ लेकर उन्हें प्रताड़ित करते थे। इसी गोपनीयता के कारण दुनियाभर का काला पैसा भी यहाँ के बैंकों में जमा होने लगा है। अब वहाँ भी नियमों में बदलाव हो रहा है और काले धन की जानकारी वहाँ का बैंकिंग उद्योग देने को तैयार है।  
आंगनबाड़ी क्या हैं?
आंगनबाड़ी भारत में मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़ा एक सरकारी कार्यक्रम है। इसमें नवजात से लेकर छह साल तक के बच्चों की स्वास्थ्य-रक्षा के कार्य किए जाते हैं। यह कार्यक्रम 1975 में शुरू किया था। यह कार्यक्रम गाँवों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मदद से चलाया जाता है। कार्यकर्ताओं को चार महीने की ट्रेनिंग दी जाती है। अनुमान है कि देश में इस समय दस लाख से ज्यादा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता काम कर रहीं हैं। 
चवन्नी किसे कहते हैं?
एक गणना पद्धति के अंतर्गत संख्याएं चार-आठ और सोलह में गिनी जाती थीं। हमारे देश में 1957 में दाशमिक पद्धति यानी सौ की पद्धति लागू हुई। तब रुपए में सौ पैसे और किलो में हजार ग्राम का चलन शुरू हुआ। उसके पहले रुपया सोलह आने का होता था। चौथाई रुपया चार आने का था। चार आने को बोलचाल की भाषा में चवन्नी कहते थे। चूंकि रुपए के मुकाबले चवन्नी छोटी होती थी, इसलिए क्षुद्रता के लिए मुहावरा बन गया, ‘चवन्नी छाप।’

बर्फ का टुकड़ा पानी में क्यों तैरता है?

आर्किमीडीज सिद्घांत के अनुसार कोई चीज पानी पर तब तैरती जब वह अपने वजन के बराबर पानी हटा देती है, लेकिन आपको जानकर आश्‍चर्य हाेेगा कि बर्फ पानी से हल्‍की होती है, इसे दूूसरे शब्दों में यह भी कह सकते हैं कि जमने के बाद बर्फ ज्‍यादा जगह घेरती है, जिस कारण उसका बर्फ का घनत्‍व पानी के घनत्‍व से कम होता है, और यही वजह है कि बर्फ पानी पर तैरती रहती है।
भारत के सेंसर बोर्ड की स्थापना कब हुई?
केन्द्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड भारत सरकार की एक नियामक संस्था है। इसका कार्य फिल्मों, टीवी कार्यक्रमों तथा उनकी प्रचार सामग्री की समीक्षा करना है। देश के सिनेमाटोग्राफिक एक्ट 1952 के तहत यह संस्था काम करती है और फिल्मों के सार्वजनिक प्रदर्शन के लिए प्रमाण पत्र देती है। बोर्ड का मुख्यालय मुम्बई में है, पर इसके नौ क्षेत्रीय कार्यालय भी हैं। सेंसर बोर्ड के पहले अध्यक्ष सीएस अग्रवाल थे, जो इस पद पर 15 जनवरी 1951 से 14 जून 1954 तक रहे। इन दिनों इसके अध्यक्ष प्रसून जोशी हैं।









बारकोड क्या होता है?



बारकोड मोटे तौर पर किसी वस्तु के बारे में जानकारी देने वाले डेटा का मशीन से पढ़े जाने लायक ऑप्टिकल विवरण होता है। मूलतः शुरूआती बारकोडों में अनेक समांतर रेखाओं की मोटाई और उनके बीच की व्यवस्थित दूरी उस विवरण को व्यक्त होती थी। यह एक आयामी व्यवस्था थी, अब इनमें चतुष्कोण, पंचकोण, डॉट और अन्य ज्यामितीय संरचनाओं यानी दो आयामी व्यवस्था का इस्तेमाल भी होने लगा है। शुरू में बारकोड को पढ़ने के लिए ऑप्टिकल स्कैनरों और बारकोड रीडर आते थे, पर अब डेस्कटॉप प्रिंटरों और स्मार्टफोनों में भी इसकी व्यवस्था होने लगी है।
साठ के दशक में अमेरिकन रेलरोड्स की एसोसिएशन ने बारकोड का चलन शुरू किया था। इसका विकास जनरल टेलीफोन एंड इलेक्ट्रॉनिक्स (जीटीई) ने किया था। इसके तहत इस्पात की पटरियों की पहचान के लिए उनमें रंगीन पट्टियाँ लगाई जाती थीं। ये पट्टियाँ उस सामग्री के स्वामित्व, उस उपकरण के टाइप और पहचान नम्बर की जानकारी देती थीं। गाड़ी के दोनों और ये पट्टियाँ लगी होती थीं। इन प्लेटों को यार्ड के गेट पर लगा स्कैनर पढ़ता था।
जब सुपरमार्केट में सामान के भुगतान की व्यवस्था में इस्तेमाल किया गया तो उसमें काफी सफलता मिली। इसके बाद यह व्यवस्था दुनिया भर में चलने लगी। इसके बाद ऑटोमेटिक आइडैंटिफ़िकेशन एंड डेटा कैप्चर (एआईडीसी) नाम से यह प्रणाली दूसरे कई कामों में भी शुरू की गई। युनीवर्सल प्रोडक्ट कोड (यूपीसी) नाम से एक और सिस्टम भी सामने आया। इक्कीसवीं सदी में रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडैंटिफ़िकेशन की शुरूआत भी हुई। अस्पताल में मरीज का पूरा विवरण बारकोड के मार्फत पढ़ा जा सकता है, किताब के बारे में जानकारी बारकोड से मिल जाती है, हर तरह के उत्पाद की कीमत बारकोड बताता है।

ऐसा देश जहाँ रविवार की छुट्टी नहीं होती?

रविवार की छुट्टी मूलतः ईसाई परम्परा है। बाइबिल के अनुसार ईश्वर ने पृथ्वी की रचना छह दिन में की। सातवाँ दिन आराम का और ईश्वर की प्रार्थना का दिन है। हर देश में रविवार को छुट्टी नहीं होती। हमारे पड़ोस में नेपाल है, जहाँ शनिवार को साप्ताहिक छुट्टी होती है। बांग्लादेश है जहाँ शुक्रवार को छुट्टी होती है। बड़ी संख्या में इस्लामिक देशों में शुक्रवार को साप्ताहिक अवकाश होता है। भारत में अंग्रेजी राज के आगमन के बाद रविवार की छुट्टी की परम्परा शुरू हुई।


नक्षत्र क्या होते हैं?

नक्षत्र यानी स्टार या सितारे जो ऊर्जा पैदा करते हैं। जैसे हमारा सूर्य। संपूर्ण सूर्य के गोले में 13 लाख पृथ्वियां समा सकती है। सूर्य के बाहरी वातावरण यानी फोटोस्फीयर का तापमान 6000 डिग्री और उसके केंद्र में तापमान 1.5 करोड़ डिग्री सैल्शियस या उससे भी ज्यादा हो सकता है। इसलिए किसी भी प्राणी या यंत्र का वहाँ तक पहुँचना सम्भव नहीं है। हाँ उसके अध्ययन के लिए अंतरिक्ष यान भेजे जाते हैं। भारत भी अगले कुछ वर्षों में आदित्य नाम से एक यान भेजने की योजना बना रहा है।


आरटीजीएस और आईएफएससी कोड क्या है?
यह बैंकों के धनराशि लेन-देन की व्यवस्था है। भारतीय बैंक रियल टाइम ग्रॉस सेटलमेंट (आरटीजीएस) और नेशनल इलेक्ट्रॉनिक फंड ट्रांसफर (एनईएफटी) प्रणाली के मार्फत काम करते हैं। आमतौर पर धनराशि का ट्रांसफर इलेक्ट्रॉनिक क्लीयरिंग सर्विसेज (ईसीएस) के मार्फत होता है। इस व्यवस्था के तहत बैंकों की ब्रांचों को इंडियन फाइनेंशियल सिस्टम कोड (आईएफएससी) प्रदान किए गए हैं। यह कोड चेक पर लिखा रहता है। आम आदमी को जल्द और सही सेवा देने के लिए ही इन्हें बनाया गया है।





Wednesday, December 4, 2019

कोरम क्या होता है?


कोरम शब्द मूलत: लैटिन भाषा का है जो अंग्रेजी में भी चलता है। अब यह भारतीय भाषाओं में भी चलने लगा है। हिंदी में इसका समानार्थी शब्द गणपूर्ति है। किसी सभा, संसद, या संस्था की बैठक के लिए जरूरी न्यूनतम सदस्यों की संख्या को कोरम या गणपूर्ति कहते हैं। माना जाता है कि यदि इस न्यूनतम आवश्यक संख्या में सदस्य उपस्थित नहीं हों तो सभा वैध नहीं होगी। युनाइटेड किंगडम में हाउस ऑफ कॉमंस के लिए 40 सदस्यों की न्यूनतम उपस्थिति को और हाउस ऑफ लॉर्ड्स में किसी विषय पर मतदान होना हो तो 30 सदस्यों की न्यूनतम उपस्थिति होनी चाहिए, पर केवल चर्चा के लिए 3 सदस्य ही काफी हैं। भारतीय संविधान के अनुच्छेद 100 के अनुसार संसद के दोनों सदनों में गणपूर्ति सदन के कुल सदस्यों की संख्या का कम से कम दसवाँ भाग होगी। संविधान में लिखा गया है कि यदि सदन के अधिवेशन के दौरान गणपूर्ति नहीं है तो सभापति या अध्यक्ष या उस रूप में कार्य करने वाले व्यक्ति का यह कर्तव्य होगा कि वह सदन को स्थगित कर दे।

तेलंगाना नाम कैसे पड़ा?

भारत के आन्ध्र प्रदेश से अलग करके एक नया राज्य बना है तेलंगाना। इस इलाके में मान्यता है कि इस इलाके में लिंग के रूप में शिव तीन पर्वतों पर प्रकट हुए। ये हैं कालेश्वरम, मल्लिकार्जुन और द्राक्षाराम। ये पर्वत इस इलाके की सीमा बनाते हैं और इसीलिए इसे त्रिलिंग देश कहा जाता है जो तेलंगाना हो गया है। तेलुगु शब्द की उत्पत्ति भी इसी त्रिलिंग से है। यहाँ की भाषा त्रिलिंग (तेलुगु) कहलाई। 'तेलंगाना' शब्द का अर्थ है- 'तेलुगु भाषियों की भूमि'।

टोल फ्री नम्बर क्या होता है?

टोल फ्री नम्बर सेवा आमतौर पर 800, 0800 या 1800 जैसे नम्बरों से शुरू होती है। इसमें फोन करने वाले को पैसा नहीं देना होता है, बल्कि जिसके पास कॉल जा रही है उसे देना होता है। सबसे पहले इंग्लैंड के पोस्ट ऑफिस ने 1960 के दशक में इस तरह की सेवा शुरू की थी। व्यावसायिक तरीके से 2 मई 1967 को अमेरिका की एटीएंडटी टेलीफोन सेवा ने यह सर्विस शुरू की। शुरू में होटल किराए पर कार और टैक्सी सेवाओं ने इसका लाभ उठाया। अब तो ज्यादातर उपभोक्ता सामग्री बेचने वाली कम्पनियाँ आफ्टर सेल्स सर्विस के लिए इसका इस्तेमाल करती हैं।

जेट लैग क्या होता है?

जेट लैग एक मनो-शारीरिक दशा है, जो शरीर के सर्केडियन रिद्म में बदलाव आने के कारण पैदा होती है। इसे सर्केडियन रिद्म स्लीप डिसॉर्डर भी कहते हैं। इसका कारण लम्बी दूरी की हवाई यात्रा खासतौर से पूर्व से पश्चिम या पश्चिम से पूर्व एक टाइम ज़ोन से दूसरे टाइम ज़ोन की यात्रा होती है। अक्सर शुरुआत में नाइट शिफ्ट पर काम करने आए लोगों के साथ भी ऐसा होता है। आपका सामान्य जीवन एक खास समय के साथ जुड़ा होता है। जब उसमें मूलभूत बदलाव होता है तो शरीर कुछ समय के लिए सामंजस्य नहीं बैठा पाता। अक्सर दो-एक दिन में स्थिति सामान्य हो जाती है। इसमें सिर दर्द, चक्कर आना, उनींदा रहना, थकान जैसी स्थितियाँ पैदा हो जाती है।




मंत्रिमंडल को कैबिनेट क्यों कहते हैं?



कैबिनेट एक अनौपचारिक व्यवस्था है, जिसने औपचारिक रूप धारण कर लिया है। संविधान में मंत्रिपरिषद या कौंसिल ऑफ मिनिस्टर्स की व्यवस्था है। कैबिनेट शब्द हमने ब्रिटिश संसदीय प्रणाली से लिया है, जिसमें कुछ वरिष्ठ मंत्री इसके सदस्य होते हैं, जो प्रधानमंत्री के साथ मिलकर नीतिगत निर्णय करते हैं। पुराने जमाने में ये सदस्य जिस कक्ष में बैठकर मंत्रणा करते थे, उसे केबिन कहा जाता था. उससे ही कैबिनेट शब्द बना।

एफएम और एएम रेडियो में क्या अंतर है?

एफएम का अर्थ है फ्रीक्वेंसी मॉड्यूलेशन और एएम का मतलब है एम्प्लीट्यूड मॉड्यूलेशन। एएम तकनीक उन्नीसवीं सदी में तैयार की गई थी, जबकि एफएम तकनीक का विकास 1930 के दशक में हुआ। एएम में बाहरी असर से आवाज में फर्क पड़ सकता है। इसमें बैकग्राउंड का शोर काफी होता है। एफएम में ऐसा नहीं होता। अलबत्ता एफएम सिग्नल को भौतिक रुकावट प्रभावित करती है।

हेलेना द्वीप कहाँ है?
सेंट हेलेना कुंस्तुनतुनिया (या कांस्टेंटिनोपल) के संत हेलेना के नाम पर रखा गया दक्षिण अटलांटिक महासागर में अफ्रीका के तट से करीब 1950 किलोमीटर दूर एक द्वीप है। यह छोटा सा द्वीप करीब 16 किलोमीटर लंबा और 8 किलोमीटर चौड़ा है। यह द्वीप कभी ज्वालामुखी था। इसका इतिहास करीब 515 साल पुराना है। सन 1502 में पुर्तगालियों ने इस निर्जन द्वीप की खोज की थी। उसके पहले यह निर्जन था। अब दुनिया में ब्रिटेन के बचे हुए सिर्फ दो उपनिवेश हैं। एक बरमूडा और दूसरा संत हेलेना द्वीप। इसकी राजधानी जेम्सटाउन है और यहां की आधिकारिक भाषा अंग्रेजी है। सन 2016 की जनगणना में यहाँ की आबादी थी 4534।

समुद्र कितना गहरा होता है?
समुद्रों की गहराई अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग होती है। सारी दुनिया के सागरों की औसत गहराई 12,100 फुट है। इसकी तुलना सबसे ऊँचे पर्वत शिखर से करें जिसकी ऊँचाई 29,029 फुट है। दुनिया में सबसे गहरा सागर पश्चिमी प्रशांत महासागर के मैरियाना ट्रेंच में है, जिसे चैलेंजर डीप कहा जाता है। इसकी गहराई को सबसे पहले 1875 में ब्रिटिश पोत एचएमएस चैलेंजर के नाविकों ने नापा था। यह गहराई 35,755 से लेकर 35,814 फुट (10,898 से लेकर 10,916 मीटर) के बीच है।


आधी रात में सूरज किस देश में उगता है?

उत्तरी ध्रुव के काफी करीब है नॉर्वे। इस इलाके में गर्मियों में रात के बारह बजे के बाद तक सूरज चमकता है। रातें कुछ घंटे की होती हैं, उस दौरान भी सूरज क्षितिज के करीब होता है इसलिए रातें अंधियारी नहीं होतीं। उसे अर्धरात्रि के सूर्य वाला देश कहते हैं। नॉर्वे के अलावा यूरोप से बहुत से देशों में रात देर से होती है।





Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...