Saturday, April 2, 2011

किस देश में दो राजधानियां हैं?


किस देश में दो राजधानियां हैं?


एक नहीं अनेक देशों में दो राजधानियाँ हैं। एक से ज्यादा राजधानियाँ होने के अलग-अलग कारण हैं। आमतौर पर राजधानी के रूप में एक ही नाम तय होता है, पर व्यावहारिक अर्थ में उनकी संख्या बढ़ जाती है। नीचे कुछ ऐसे देशों के नाम हैं जहां एक से ज्यादा राजधानियाँ हैं।

बेनिनः पश्चिम अफ्रीका के इस देश की घोषित राजधानी पोर्तोनोवो है, पर सरकार के सारे काम देश के सबसे बड़े शहर कोतोनू से होते हैं। वोलीवियाः- लैटिन अमेरिका के इस देश की संवैधानिक राजधानी सुक्रे है, पर प्रशासन देश के दूसरे सबसे बड़े शहर ला पाज़ से चलता है। राष्ट्रपति भवन और राष्ट्रीय संसद भी वहीं है, इसलिए उसे ही राजधानी माना जाता है। चिलीः-यहां की घोषित राजधानी सांतियागो द चीले है, पर व्यावहारिक राजधानी बालपराइसो है, क्योंकि देश की संसद वहां बैठती है। आयवरी कोस्टः-पश्चिम अफ्रीका के इस देश की आधिकारिक राजधानी जामास्जुक्रू है, पर सारे सरकारी काम पुरानी राजधानी अबीजान में होते हैं और ज्यादातर विदेशी दूतावास भी यहीं हैं। मलेशियाः-राजधानी कुआलालम्पुर है, देश की संसद भी वहीं है, पर देश की सरकार का मुख्यालय सन 1999 में पुत्रजया नाम के शहर में भेज दिया गया। देश की सर्वोच्च अदालत भी वहीं है। नीदरलैंड्सः-हॉलैण्ड या नीदरलैंड्स की राजधानी एम्सटर्डम है, पर देश की सरकार, सर्वोच्च अदालत, संसद और राज दरबार सब द हेग में हैं। दक्षिण अफ्रीकाः-यहां की राजधानी प्रीटोरिया है। पर देश की राष्ट्रीय संसद केपटाउन में है और सुप्रीम कोर्ट ब्लोमफोतें में। इस तरह से यहाँ तीन राजधानियां हैं। श्रीलंकाः-श्री जयवर्धनपुरा देश की नई प्रशासनिक राजधानी है, पर व्यावहारिक अर्थ में कोलम्बो भी राजधानी है। ऐसा ही स्वाजीलैंड, तंजानिया और पश्चिमी सहारा में है। सब जानते हैं कि इस्रायल की राजधानी तेल अवीव है, पर इस्रायल अपनी राजधानी यरूशलम मानता है, पर संयुक्त राष्ट्र नहीं मानता। जर्मनी में सुप्रीम कोर्ट कार्लस्रूहे शहर में है, राजनैतिक राजधानी बर्लिन है और अनेक मंत्रालय बॉन में हैं जो पश्चिम जर्मनी की राजधानी थी। 



No comments:

Post a Comment

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...