Wednesday, March 29, 2017

संसद और विधानसभाओं की सीटें किस आधार पर तय होती हैं?

जनगणना मुख्यतः आधार होती है, पर इस मामले में भी अलग-अलग इलाकों के अलग-अलग मानकों हो सकते हैं। लोकसभा में 543 सीटें हैं। संविधान के अनुच्छेद 82 के अनुसार हरेक जनगणना के बाद संसद संसदीय पुनर्सीमांकन कानून बनाती है। इसके लिए पुनर्सीमांकन आयोग का गठन किया जाता है। संसद ने सन 1976 में एक संशोधन किया कि अब संसदीय क्षेत्रों का पुनर्सीमांकन सन 2000 के बाद होने वाली पहली जनगणना के आधार पर किया जाएगा। जनगणना सन 2001 में हुई। उसके पूरे परिणाम 2003 तक आए। उसके आधार पर पुनर्सीमांकन का काम किया गया।  संसद और विधानसभा क्षेत्रों का वर्तमान निर्धारण पुनर्सीमांकन अधिनियम-2002 के आधार पर किया गया है। इस संशोधन के अंतर्गत सन अब 2026 के बाद की पहली जनगणना तक क्षेत्रों का पुनर्सीमांकन नहीं होगा।
क्या सफेद हाथी भी होते हैं?
दक्षिण पूर्व एशिया के थाईलैंड, म्यांमार, लाओस और कम्बोडिया आदि में सफेद हाथी भी मिलते हैं। इनकी संख्या कम होने के कारण इन्हें महत्वपूर्ण माना जाता है। राजा महाराजा ही इन्हें रखते हैं। हिन्दू परम्परा में सफेद हाथी ऐरावत है इन्द्र की सवारी। पवित्र होने के नाते इस इलाके में सफेद हाथियों से काम भी नहीं कराते। हाथी रखना यों भी खर्चीला काम है, इसलिए सफेद हाथी एक मुहावरा बन गया है।
जैसे माउंट एवरेस्ट दुनिया की सबसे ऊंची जगह है, सबसे नीची जगह कौन सी है?
दक्षिण अफ्रीका एम्पोनेंग सोने की खान को आप सबसे नीची जगह कह सकते हैं जो समुद्र तल से 4000 मीटर नीचे है। पर इसे इंसान ने खोदा है। प्राकृतिक रूप से जॉर्जिया की वेरोन्या गुफा सबसे गहरी जगह है, जो 2193 मीटर गहरी है।
डॉलर के मुकाबले रुपए की कीमत कैसे निकाली जाती है?
विदेशी मुद्रा के विनिमय की एक व्यवस्था है। भारत में अभी विदेशी का बाजार खुला नहीं है। मुद्रा का भाव वैसे ही है जैसे किसी और चीज़ का भाव मसलन यदि बीस रुपए में पाँच नीबू आते हैं तो एक नीबू का भाव चार रुपए हुआ। ऐसे ही यदि एक डॉलर में दस नीबू मिलें तो एक नीबू का भाव उसी प्रकार निकलेगा। करेंसी का भाव देश की अर्थव्यवस्था के मानकों के साथ तय होता है। आमतौर पर वैश्विक व्यापार डॉलर में होता है। डॉलर सबसे मजबूत मुद्रा है। और जैसा की माँग के बढ़ने और घटने पर किसी दूसरी चीज़ के साथ होता है मुद्रा पर भी यही बात लागू होती है। हमें विदेश से तेल खरीदने के लिए डॉलर की ज़रूरत होती है। जब ज़रूरत ज्यादा होती है तब हम ज्यादा रुपए देकर उसे खरीदते हैं।
विश्व की सबसे लम्बी कविता कौन सी है?
माना जाता है कि महाभारत दुनिया की सबसे लम्बी कविता है। इसमें एक लाख से ज्यादा श्लोक हैं और लगभग बीस लाख शब्द हैं। प्रसिद्ध ग्रीक महाकाव्य इलियाड और ओडिसी को एक साथ मिला लें तब भी महाभारत उनका दस गुना बड़ा ग्रंथ साबित होगा। 
राजस्थान पत्रिका के नॉलेज कॉर्नर में प्रकाशित

1 comment:

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...