Sunday, October 23, 2016

जीरो एफआईआर क्या होती है?

प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) पुलिस द्वारा तैयार किया गया एक लिखित अभिलेख है, जिसमें संज्ञेय अपराध की जानकारी होती है। मूलतः यह पीड़ित व्यक्ति की शिकायत है। यह एक महत्वपूर्ण दस्तावेज इसलिए है, क्योंकि इसके आधार पर ही भविष्य में मुकदमा चलता है। दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा- 154 के अनुसार संज्ञेय अपराध के किए जाने से संबंधित प्रत्येक इत्तला, यदि पुलिस थाने के भार-साधक अधिकारी को मौखिक दी गई हैं तो उसके द्वारा या उसके निदेशाधीन लेखबद्ध कर ली जाएगी और इत्तला देने वाले को पढ़कर सुनाई जाएगी और प्रत्येक ऐसी इत्तला पर, चाहे वह लिखित रूप में दी गई हो या पूर्वोक्त रूप में लेखबद्ध की गई हो, उस व्यक्ति द्वारा हस्ताक्षर किए जाएंगे, जो उसे दे और उसका सार ऐसी पुस्तक में, जो उस अधिकारी द्वारा ऐसे रूप में रखी जाएगी जिसे राज्य सरकार इस निमित्त विहित करें, प्रविष्ट किया जाएगा ।
शून्य एफआईआर एक नई अवधारणा है, जो दिसम्बर 2012 में दिल्ली में हुए गैंगरेप के बाद सामने आई है। इसकी सलाह जस्टिस जेएस वर्मा की अध्यक्षता में बनाई गई समिति ने की थी। सामान्यतः एफआईआर उस थाने में दर्ज होती है जिसके क्षेत्राधिकार में अपराध हुआ हो। ज़ीरो एफआईआर किसी भी थाने में दर्ज कराई जा सकती है। इसके बाद पुलिस और न्याय प्रक्रिया से जुड़े विभागों को जिम्मेदारी बनती है कि एफआईआर का सम्बद्ध थाने में स्थानांतरण कराएं। मूलतः यह महिलाओं को सुविधा प्रदान कराने की व्यवस्था है। और इसका उद्देश्य यह भी है कि पुलिस फौरन कार्रवाई करे। अभी देश के तमाम पुलिस अधिकारी भी इस व्यवस्था से खुद को अनभिज्ञ बताते हैं।
क्या किसी देश में मोटापे पर भी टैक्स लगता है?
मोटापे पर टैक्स लगाने की एक परिकल्पना है। इसके तहत व्यक्तियों के लिए उनके वज़न या कमर की मोटाई की सीमा तय करके उसके बाहर वालों से शुल्क वसूलने का सुझाव दिया जाता है। इसका दूसरा रूप है उन चीजों पर अतिरिक्त टैक्स लगाना, जिनसे मोटापा बढ़ता है। डेनमार्क में मक्खन, दूध, पनीर, मीट वगैरह पर जिनमें एक सीमा से ज्यादा चिकनाई होती थी, टैक्स लगाया गया। पर 2012 में यह टैक्स हटा लिया गया, क्योंकि देखा गया कि इसका लाभ नहीं मिला। हाल में भारत के केरल सरकार ने पिज्जा और जंक फूड पर 145 फीसदी के अतिरिक्त टैक्स लगाया है।
इस सिलसिले में जापान के मेताबो कानून का उल्लेख जरूरी है, जो देश के लोगों का मोटापा कम करने के उद्देश्य से सन 2008 में बनाया गया था। इसके अंतर्गत 40 से 75 वर्ष की आयु के बीच के लोगों के लिए सालाना अनिवार्य स्वास्थ्य परीक्षण किया जाता है, जिसमें पुरुषों के लिए कमर की सीमा 33.5 इंच और स्त्रियों के लिए 35.4 इंच है। ऐसा नहीं होने पर व्यक्तिगत रूप से दंड की व्यवस्था न होकर स्थानीय प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है कि लोग चुस्त-दुरुस्त रहें।
दुनिया का सबसे पुराना म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट कौन सा है?
इंसान को तकरीबन चालीस हजार साल पुराने बाँसुरी जैसे वाद्य यंत्र मिले हैं। स्लोवेनिया की गुफाओं में मिली यह बाँसुरी भालू की फीमर बोन से बनी है, जिसमें बाँसुरी की तरह के छेद हैं। पर यह दावे के साथ नहीं कहा जा सकता कि सबसे पुराना वाद्य यंत्र यही है।
अंटार्कटिका का टाइम ज़ोन क्या है?
अंटार्कटिक में कोई टाइम ज़ोन नहीं है। और हो भी नहीं सकता, क्योंकि दुनिया की सभी देशांतर रेखाएं यहाँ आकर मिलती हैं। इस प्रकार दुनिया के सारे टाइम ज़ोन यहाँ आकर मिलते हैं। उसकी भौगोलिक स्थिति को देखते हुए वहाँ टाइम ज़ोन का निर्धारण नहीं हुआ है। वहाँ अलग-अलग देशों के जो रिसर्च स्टेशन हैं, वे अपने देश के टाइम ज़ोन का पालन करते हैं या आसपास के निकटवर्ती देशों का। मसलन न्यूज़ीलैंड का।
किसी चीज का प्लेन वनीला प्राइस क्या होता है?
प्लेन वनीला यानी किसी वस्तु का सबसे प्रारम्भिक स्वरूप। मसलन किसी कार का बेसिक मॉडल। उसके बाद उसमें सुविधाओं के साथ दाम बढ़ते जाते हैं। या किसी इंश्योरेंस पॉलिसी में बुनियादी जोखिम को कवर करना। जैसे थर्ड पार्टी इंश्योरेंस। यह शब्द शायद आइसक्रीम से आया है, जहाँ वनीला सबसे बुनियादी स्वाद है, जिसके दाम सबसे कम होते हैं।
डीजे का फुलफॉर्म
डीजे का मतलब होता है डिस्क जॉकी। वह व्यक्ति जो श्रोताओं के लिए संगीत तय करता है या पेश करता है। डिस्क प्ले करता है।
राजस्थान पत्रिका के नॉलेज कॉर्नर में प्रकाशित

1 comment:

  1. आपकी ब्लॉग पोस्ट को आज की ब्लॉग बुलेटिन प्रस्तुति ब्लॉग बुलेटिन - कर्नल डा॰ लक्ष्मी सहगल की १०२ वीं जयंती में शामिल किया गया है। सादर ... अभिनन्दन।।

    ReplyDelete

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...