Thursday, October 1, 2015

वीटो पावर कितने देशों के पास है? इसका मतलब क्या है?

लैटिन में वीटो का मतलब है ‘मैं असहमत हूँ।’ या मेरी अनुमति नहीं है। इसकी अवधारणा ईसा से सात सौ साल पहले रोमन राज-व्यवस्था में चुने गए सर्वोच्च पदाधिकारी को प्राप्त अधिकार से है, जो रोमन सीनेट से पास किसी भी प्रस्ताव को लागू होने से रोक सकते थे। कालांतर में ब्रिटिश राजा के पास भी संसद के प्रस्ताव को रोकने की शक्ति थी, जिसका धीरे-धीरे लोप होता गया। इन दिनों हम वीटो पावर का आमतौर पर मतलब संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के पाँच स्थायी सदस्यों को मिले विशेषाधिकार से लगाते हैं। ये सदस्य हैं चीन, रूस, फ्रांस, अमेरिका और ब्रिटेन। इनमें से कोई भी सदस्य किसी प्रस्ताव को पास होने से रोक सकता है। इसके पहले सन 1920-1946 तक रहे संयुक्त राष्ट्र के पूर्ववर्ती संगठन लीग ऑफ नेशंस की लीग काउंसिल के सदस्यों के पास भी वीटो पावर होती थी। फर्क यह था कि उसके 4 स्थायी और 4 अस्थायी सदस्यों के पास वीटो अधिकार था। सन 1936 में लीग काउंसिल के अस्थायी सदस्यों की संख्या बढ़कर 11 हो गई और वीटो अधिकार 15 देशों के पास आ गया।

लीग ऑफ नेशंस की विफलता या निष्क्रियता का एक कारण वीटो अधिकार भी था। बावजूद इसके सन 1944 में जब एक नए अंतरराष्ट्रीय संगठन के रूप में संयुक्त राष्ट्र की स्थापना पर विचार-विमर्श चल रहा था तब अमेरिका, रूस, ब्रिटेन और चीन के साथ-साथ फ्रांस को भी अधिकार देने का फैसला कर लिया गया था, हालांकि उस समय फ्रांस पर जर्मनी का अधिकार था। माना जाता है कि आज भी संयुक्त राष्ट्र कई मामलों में कार्रवाई इसीलिए नहीं कर पाता है क्योंकि उसके पाँच स्थायी सदस्यों के पास वीटो अधिकार है। पर अब इसका इस्तेमाल बहुत कम होता है। सन 1945 से 2015 तक कुल मिलाकर 236 बार इसका इस्तेमाल हुआ है। सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्यों के इस अधिकार और सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्यों की संख्या बढ़ाने के प्रस्ताव पर इन दिनों दुनिया भर में बहस चल रही है।

कहते हैं उल्लू रात में देखता है, कैसे?
उल्लू बहुत कम रोशनी में भी देख लेता है। उल्लुओं की अधिकतर प्रजातियाँ रात में देखने वाली हैं। उनकी आँखों में कई प्रकार की अनुकूलन क्षमता होती है। खासतौर से आँखों का आकार दूसरे पक्षियों के मुकाबले काफी बड़ा होता है। उनके रेटिना में प्रकाश संवेदनशील कोशिकाएं होती हैं। कॉर्निया भी बड़ा होता हैं। पर वे दूरदर्शी होते हैं। पास की कई चीजें अच्छी तरह देख नहीं पाते।

महिलाओं को मताधिकार देने वाला पहला देश कौन सा था?
सन 1893 में महिलाओं को वोट का अधिकार देने वाला पहला देश न्यूज़ीलैंड बना।

प्रकाश की गति क्या होती है?
वैक्यूम या शून्य में प्रकाश की गति 2 लाख 99 हजार 792.458 किलोमीटर प्रति सेकंड होती है।

कहते हैं कि ब्ल्यू ह्वेल का दिल बहुत बड़ा होता है, कितना बड़ा?
आमतौर पर एक ब्ल्यू ह्वेल 30 मीटर के आसपास यानी तकरीबन 100 फुट तक लम्बी होती है। उसका वजन 170 टन या उससे भी ज्यादा होता है। उसकी जीभ ही तकरीबन 3 टन की होती है। इसका दिल तकरीबन 600 किलो का होता है।

राजस्थान पत्रिका के नॉलेज कॉर्नर में प्रकाशित

3 comments:

  1. ज्ञानवर्धक

    ReplyDelete
  2. वाह हमेशा की तरह बहुत ही रोचक जानकारियों से भरी हुई पोस्ट

    ReplyDelete

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...