Monday, October 22, 2012

हेलीकॉप्टर के रोटर और हवाई जहाज़ के प्रोपैपलर का काम एक सा नहीं होता


 हेलीकॉप्टर की पंखड़ी ऊपर होती है और हवाई जहाज़ की सामने, जबकि दोनों एक ही काम करते हैं। ऐसा क्यों?-मुहम्मद सईद अब्बासी, पश्चिमी उत्तर प्रदेश
दोनों हवा में उड़ने का काम करे हैं, पर दोनों के सिद्धांत अलग होते हैं। हैलीकॉप्टर के पंखे रोटर कहलाते हैं जो घूमते हैं। हवाई जहाज के पंख बाईं और दाईं ओर होते हैं और स्थिर रहते हैं। घूमते नहीं हैं। हवाई जहाज अपने पंखों के सहारे हवा में तैरता है और उसके इंजन उसे आगे ले जाते हैं। हलीकॉप्टर के रोटर उसे ऊपर उठाने और आगे पीठे ले जाने का काम भी करते हैं। हैलीकॉप्टर आगे-पीठे और दाएं बाएं जा सकता है। एक जगह रुका भी रह सकता है। हवाई जहाज ऐसा नहीं कर सकता है। वह सीधा चलता है और उसे दाएं या बाएं जाने के लिए घूमना पड़ता है। उसके सामने लगे प्रोपैपलर ब्लेड उसे आगे बढ़ाने में मदद करते हैं। हवाई जहाज का इंजन हवा खींचकर उसे पीछे की ओर फेंकता है तो वह आगे बढ़ता। पंखों पर हवा के दबाव से वह ऊपर उठता है।

हमारे देश से जुड़े पड़ोसी मुल्क कितने हैं?-मनोहर लाल गांधी, गाज़ियाबाद
चीन, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, नेपाल, भूटान, म्यांमार, बांग्लादेश, श्रीलंका और मालदीव। श्रीलंका और मालदीव पड़ोसी हैं, जमीन से जुड़े नहीं हैं।

कृपया बताएं स्वर्गीय दारा सिंह साहेब ने किसी ओलिम्पिक स्पर्धा में भाग लिया और कोई पदक भी हासिल किया?-कुलदीप मलहोत्रा, ओम विहार, दिल्ली
नहीं उन्होंने किसी ओलिम्पिक प्रतियोगिता में भाग नहीं लिया। दरअसल उन्होंने शुरूआत से ही अमेरिकी फ्रीस्टाइल शैली को अपनाया, जो पेशवर शैली थी। यानी वे कुश्ती से पैसा प्राप्त करते थे। उन दिनों ओलिम्पिक खेलों में वही खिलाड़ी भाग लेते थे, जो शौकिया खेलते थे। व्यावसायिक खिलाड़ियों को हाल में ही जगह मिली है।

गायक मुकेश ने पहला गाना कौन सी फिल्म में गाया था?-प्रेम गुरु, बाज़ार सीताराम, दिल्ली
मुकेश ने पहला गीत फिल्म निर्दोष में गाया जो 1941 में बनी थी। इस फिल्म  उन्होंने अभिनय भी किया था। फिलम् के संगीतकार थे अशोक घोष। गीत था दिल ही हो बुझा हुआ हो तो..। इस गीत को लिखा था नीलकंठ तिवारी ने।

पूरे विश्व में कितने देश हैं?- मुहम्मद असलम, बलजीत नगर नई दिल्ली
दुनिया के पूर्ण सम्प्रभुता सम्पन्न देशों की संख्या 194 है। इनमें से 192 संयुक्त राष्ट्र-सदस्य हैं। वैटिकन सिटी को सम्प्रभुता सम्पन्न राज्य की मान्य परिभाषाओं में रखा जा सकता है, पर वह संयुक्त राष्ट्र का सदस्य नहीं केवल स्थायी पर्यवेक्षक है। संयुक्त राष्ट्र के 193 सदस्य देशों के अलावा कुछ राजव्यवस्थाएं और हैं, जिन्हें पूर्ण देश नहीं कहा जा सकता । उनके नाम हैं अबखाजिया, कोसोवो, नागोर्नोकारबाख, उत्तरी सायप्रस, फलस्तीन, सहरावी गणराज्य, सोमालीलैंड, दक्षिण ओसेतिया, ताइवान, और ट्रांसनिस्ट्रिया। इनकी संख्या 12 है। ये देश किसी न किसी वजह से राष्ट्रसंघ के पूर्ण सदस्य नहीं हैं। हाल में अफ्रीका में एक नए देश का जन्म हुआ है, जिसका नाम है दक्षिणी सूडान। लम्बे अर्से से गृहयुद्ध के शिकार सूडान में पिछले साल जनवरी में एक जनमत संग्रह हुआ, जिसमें जनता ने नया देश बनाने का निश्चय किया है। यह फैसला देश के सभी पक्षों ने मिलकर किया है। नए देश ने 9 जुलाई 2011 को औपचारिक ऱूप से जन्म लिया। यह भी संयुक्त राष्ट्र सदस्य है।

सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के नाम बताएं-मनीष कुमार बैलस्टर, मदनपुर खादर, दिल्ली
1.आंध्र प्रदेश-एन किरन कुमार रेड्डी, 2.अरुणाचल प्रदेश-नाबम तुकी, 3.असम-तरुण गोगोई, 4.बिहार-नीतीश कुमार, 5.छत्तीसगढ़-रमन सिंह, 6.दिल्ली-श्रीमती शीला दीक्षित, 7. गोवा-मनोहर पर्रिकर, 8.गुजरात-नरेन्द्र मोदी, 9.हरियाणा-भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, 10.हिमाचल प्रदेश-प्रेम कुमार धूमल, 11.जम्मू-कश्मीर-उमर अब्दुल्ला, 12.झारखंड-अर्जुन मुंडा, 13.कर्नाटक-जगदीश शेट्टार, 14.केरल-ऊमन चैंडी, 15.मध्य प्रदेश-शिवराज सिंह चौहान, 16.महाराष्ट्र-पृथ्वीराज चह्वाण, 17.मणिपुर-ओक्रम इबोबी सिंह, 18.मेघालय-मुकुल संगमा, 19.मिज़ोरम-लल थनहवला, 20.नगालैंड-नीफ्जु रियो, 21.उड़ीसा-नवीन पटनायक, 22.पुदुच्चेरी-एन रंगास्वामी, 23.पंजाब-प्रकाश सिंह बादल, 24.राजस्थान-अशोक गहलत, 25.सिक्किम-पवन कुमार चमलिंग, 26.तमिलनाडु-जे जयललिता, 27.त्रिपुरा-मनिक सरकार, 28.उत्तराखंड-विजय बहुगुणा, 29.उत्तर प्रदेश-अखिलेश कुमार, 30.पश्चिम बंगाल-ममता बनर्जी

दिल्ली के पिनकोड किस तरह तरह बनाए बनाए गए हैं?-रीना, चाँदनी चौक, दिल्ली
पिनकोड यानी पोस्टल इंडेक्स नम्बर भारतीय डाकव्यवस्था के वितरण के लिए बनाया गया नम्बर है। छह संख्याओं के इस कोड में सबसे पहला नम्बर क्षेत्रीय नम्बर है। पूरे देश को आठ क्षेत्रीय और नवें फंक्शनल जोन में बाँटा गया है। इसमे दूसरा नम्बर उप क्षेत्र का नम्बर है। तीसरा नम्बर सॉर्टिंग डिस्ट्रिक्ट का नम्बर है। अंतिम तीन संख्याएं सम्बद्ध डाकघरों से जुड़ी हैं। दिल्ली को शुरूआती नम्बर मिला है 11। 12 और 13 नम्बर हरियाणा को मिले हैं, 14, 15 नम्बर पंजाब को इसी तरह 20 से 28 नम्बर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को मिले हैं। दिल्ली के आठ जिलों के पिनकोड भौगोलिक स्थित के अनुसार बाँटे गए हैं। नई दिल्ली के कनॉट प्लेट, बंगाली मार्केट के आसापास के इलाकों के नम्बर 110001 से शुरू होते हैं, मिंटो रोड, अजमेरी गेट और दरियागंज वगैरह का नम्बर है 110002, इसके बाद लोदी रोड, सफदरगंज एयरपोर्ट और पंडारा रोड वगैरह का नम्बर है 110003। अंत में यमुना पार इलाके में मयूर विहार के फेज़ 1 में 110091 से होता हुआ गाज़ीपुर, मयूर विहार फेज़ 3 और वसुन्धरा एन्क्लेव में यह 110096 हो जाता है। 

गारंटी शब्द की हिन्दी बताएं।–हबीब अहमद, कबीर नगर, दिल्ली
गारंटी का मतलब है ज़मानत लेना, जिम्मा लेना, वादा करना , निश्चिंत करना

प्रकाश की गति क्या होती है?-अनिल, रमेश नगर, दिल्ली
वैक्यूम या शून्य में प्रकाश की गति 2 लाख 99 हजार 792.458 किलोमीटर प्रति सेकंड होती है।

सवाई माधो सिंह महाराज में सवाई क्यों कहा गया?-अनु, मुम्बई
सवाई आदरसूचक शब्द है। इसका मतलब है सवा यानी सामान्य व्यक्ति से सवा गुना बेहतर। राजस्थान में राजाओं के नाम के पहले सवा लगाने की परम्परा है।

क्या रेलगाड़ी के इंजन में टॉयलेट होते हैं?
भारतीय रेलवे के इंजनों में अभी तक टॉयलेट नहीं होते हैं। पर अब अमेरिकन कम्पनी इलेक्ट्रोमोटिव डीजल और भारतीय रेलवे के अनुसंधान, विकास एवं अभिकल्प संस्थान आरडीएसओ ने मिलकर डब्ल्यूडीजी 5 नाम से जो इंजन तैयार किया है उसमें एयरकंडीशनिंग और टॉयलेट की सुविधाएं हैं जो इंजन चलाने वालों की दिक्कतों को कम करेंगे। भारतीय रेलगाड़ियों के सवारी डिब्बों में अभी तक ओपन टाइप टॉयलेट होते हैं जो ट्रैक को खराब करते हैं। इस साल रेलवे बजट में 2500 कोचों में बायो टॉयलेट लगाने का कार्यक्रम है। 

No comments:

Post a Comment

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...