Sunday, October 22, 2017

‘ऑर्गेनिक खेती’ का मतलब क्या है?

ऑर्गेनिक खेती से तात्पर्य खेती में खाद और कीट-सुरक्षा के परम्परागत तरीकों के इस्तेमाल से है। हजारों साल से खेती की जो पद्धति चली आ रही है, उसमें खाद और कीट-सुरक्षा प्राकृतिक साधनों से ही होती है। औद्योगिक क्रांति के खेती के इनॉर्गेनिक तरीकों का प्रचलन बढ़ा। इसमें मुख्यत: रासायनिक उर्वरकों जैसे सुपर फॉस्फेट्स और अमोनिया के  साथ-साथ रासायनिक कीटनाशकों का इस्तेमाल बढ़ा। ये रसायन सस्ते पड़ते हैं और इनके परिणाम तुरंत मिलते हैं। पर इससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति कम होती है। दूसरी ओर अनाज और फलों-सब्जियों में कीटनाशकों के जाने का खतरा होता है। तीसरे इकोलॉजिकल प्रक्रिया पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। इससे जैव विविधता पर भी विपरीत प्रभाव पड़ा है। यह जैव विविधता हजारों-लाखों साल की प्राकृतिक प्रयोगशाला में विकसित हुई थी।

ऑर्गेनिक खेती के आधुनिक जनक अंग्रेज वनस्पति विज्ञानी सर अल्बर्ट हावर्ड माने जाते हैं। उन्होंने खेती के उत्तर-आधुनिक विकास को खतरनाक बताया। धीरे-धीरे ऑर्गेनिक खेती का बाकायदा अभियान चला। अब इसके तहत दुनिया भर में तकरीबन 50 अरब डॉलर का कारोबार होता है। अनेक देशों में ऑर्गेनिक खेती के नियमन हैं। ऑर्गेनिक खेती की साख बनाए रखने के लिए यह ज़रूरी है।

सीनियर सिटिजन की परिभाषा क्या है? 

अमेरिका में रिटायरमेंट की उम्र 65 साल है। भारत में सामान्यतः 60 साल के व्यक्ति को सीनियर सिटिजन मानते हैं। भारतीय बैंक 60 साल से ऊपर के व्यक्ति को ज्यादा ब्याज देते हैं। भारतीय रेलवे में महिला वरिष्ठ नागरिकों के लिए रियायत लेने हेतु न्यूनतम आयु 58 वर्ष है और रियायत का तत्व मूल किराए में 50 प्रतिशत है। पुरुष वरिष्ठ नागरिकों के मामले में रियायत के लिए न्यूनतम आयु 60 वर्ष है और रियायत मूल किराए की 40 प्रतिशत है।

कुइज़ीन Cuisine का क्या मतलब होता है?

कुइज़ीन फ्रांसीसी शब्द है, जिसका अर्थ है खाना बनाने की कला। इसके लिए लैटिन शब्द है कोकरे। कुइज़ीन शब्द का इस्तेमाल किसी स्थान विशेष या किसी  विशेष भोजन के लिए किया जाता है। जैसे जापानी व्यंजन, बंगाली, दक्षिण भारतीय, गुजराती वगैरह।

सबसे ज्यादा गाने किस हिन्दी फिल्म में थे?

सन 1932 में बनी फिल्म मदन थिएटर द्वारा निर्मित फिल्म इंदरसभा में 71 गाने थे। यह फिल्म आगा हसन अमानत के उर्दू नाटक इंदरसभा पर आधारित थी। इस नाटक को पहली बार सन 1853 में खेला गया था। यह पूरा नाटक काव्य में है।

थर्ड पार्टी इंश्योरेंस क्या होता है?

सामान्यतः यह मोटर वाहनों के इंश्योरेंस से जुड़ा है। यह वाहन के स्वामी या वाहन का बीमा नहीं है, बल्कि यदि वाहन के कारण किसी तीसरे व्यक्ति को चोट लग जाए या उनकी मृत्यु हो जाए या किसी और तरीके का नुकसान हो जाए उसकी क्षतिपूर्ति का बीमा है। 

राजस्थान पत्रिका के नॉलेज कॉर्नर में प्रकाशित

No comments:

Post a Comment

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...