Wednesday, December 4, 2019

पेंग्विन पक्षी है या जलचर?


पेंग्विन एक प्रकार का पक्षी है जो उड़ नहीं पाता, पर काफी समय पानी के अंदर  बिता सकता है। इनकी 17 प्रजातियाँ मिलती हैं। पेंग्विन के नाम पर हमें लगता है कि वे सिर्फ अंटार्कटिका के बर्फीले इलाकों में ही मिलते होंगे। ऐसा नहीं है। वे न्यूजीलैंड-ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और दक्षिण अमेरिका में भी मिलते हैं।
दुनिया का सबसे बड़ा द्वीप कौन सा है?
यदि आपका आशय महाद्वीप से नहीं है तब ग्रीनलैंड सबसे बड़ा द्वीप है जिसका क्षेत्रफल 21,30,800 वर्ग किलोमीटर है। इसके बाद न्यूगिनी है जिसका क्षेत्रफल 7,85, 753 वर्ग किलोमीटर है। इसके बाद बोर्नियो और मैडागास्कर द्वीप हैं। सबसे छोटे महाद्वीप ऑस्ट्रेलिया का क्षेत्रफल 76,00,000 वर्ग किलोमीटर है।
नील आर्मस्ट्रांग ने चन्द्रमा पर अपना कौन सा पैर रखा?
नील आर्मस्ट्रांग ने पहले बायां पैर बाहर निकाला और चंद्रमा की सतह पर रखा। उनका दायां पैर लैंडिग पैड पर ही था और कहा, ‘इंसान का यह छोटा सा कदम, मनुष्य-जाति के लिए लम्बी छलांग है। यह बात 21 जुलाई 1969 की है।
गुलाब का जीवन कितना होता है?
गुलाब के पेड़ की ठीक से देखभाल की जाए तो वह काफी लम्बे समय तक फूल देता रहता है। पेड़ की शाखाओं को समय पर काटना होता है। गुलाब की सौ से ज्यादा प्रजातियाँ दुनिया में पाई जाती हैं। जंगली गुलाबों से लेकर हाइब्रिड गुलाब तक होते हैं। डाली से तोड़े जाने के बाद पानी भरे गुलदान में पाँच-छह दिन तक वे खिले रह सकते हैं। डाली में रहने पर इससे भी ज्यादा समय तक रह सकते हैं। यों तोड़े जाने के बाद पानी में न रखा जाए तो एक दिन बाद कुम्हलाने लगते हैं.
दुनिया का पहला रेडियो स्टेशन?
24 दिसंबर 1906 की शाम कनाडा के वैज्ञानिक रेगिनाल्ड फेसेंडेन ने जब अपना वॉयलिन बजाया और अटलांटिक महासागर में तैर रहे तमाम जहाजों के रेडियो ऑपरेटरों ने उस संगीत को अपने रेडियो सेट पर सुना, वह दुनिया में रेडियो प्रसारण की शुरुआत थी। पर व्यावसायिक दृष्टि से माना जाता है कि 2 नवम्बर 1920 को पिट्सबर्ग, पेंसिल्वेनिया में दुनिया का पहला कॉमर्शियल लाइसेंस प्राप्त रेडियो स्टेशन स्थापित किया गया। यह आज भी सक्रिय है और सीबीएस रेडियो का हिस्सा है। इसके पहले 1918 में ली द फॉरेस्ट ने न्यूयॉर्क के हाई ब्रिज इलाके में दुनिया का पहला रेडियो स्टेशन शुरु किया। पर कुछ दिनों बाद ही पुलिस को ख़बर लग गई और रेडियो स्टेशन बंद करा दिया गया।

2 comments:

  1. आपकी इस प्रस्तुति का लिंक 5.12.2019 को चर्चा मंच पर चर्चा - 3560 में दिया जाएगा । आपकी उपस्थिति मंच की गरिमा बढ़ाएगी ।

    धन्यवाद

    दिलबागसिंह विर्क

    ReplyDelete
  2. विविध जानकारियां समेटे सार्थक पोस्ट।

    ReplyDelete

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...